Tue Nov 17, 2026 | 07:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Bala Raja Sekhar Chandra , Sr. Consultant - Neuro & Spine Surgeon

सुबह-सुबह सिरदर्द को न करें नजरअंदाज, इन 5 बीमारियों का हो सकता है संकेत

कुछ लोगों को उठते ही सिर भारी महसूस होता है। अक्सर लोग इसे सामान्‍य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। अगर आपको अक्सर सुबह उठते ही सिरदर्द होता है, तो जानें इसके पीछे छि‍पी बीमार‍ियों के बारे में।
सुबह-सुबह सिरदर्द को न करें नजरअंदाज, इन 5 बीमारियों का हो सकता है संकेतसुबह-सुबह सिरदर्द को न करें नजरअंदाज, इन 5 बीमारियों का हो सकता है संकेत

कभी-कभी सुबह उठने पर सिरदर्द होना सामान्य है, लेकिन अगर ऐसा नियमित रूप से होता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सुबह होने वाले सिरदर्द के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे- ठीक से नींद न आना, तनाव, शरीर में पानी की कमी, रात में दांत पीसना, समय पर खाना न खाना, शराब पीना या कुछ दवाओं का सेवन। माइग्रेन और टेंशन टाइप सिरदर्द की शुरुआत भी सोते समय या सुबह उठने के तुरंत बाद हो सकती है। Dr. Bala Raja Sekhar Chandra Yetukuri, Sr. Consultant Neuro & Spine Surgeon And Clinical Director- Advance Endoscopic Spine Surgery At Yashoda Hospitals, Hyderabad ने बताया क‍ि कुछ कम मामलों में सुबह सिरदर्द होने का संबंध अनियंत्रित या रात के समय बढ़ने वाले बीपी, जरूरत से ज्यादा दवाएं लेने, हार्मोन में बदलाव या दिमाग के अंदर दबाव बढ़ने से भी हो सकता है। आइए जानते हैं क‍ि सुबह होने वाले स‍िरदर्द के पीछे कौन सी बीमार‍ियां हो सकती हैं?

साल 2025 में Headache And Pain Research में प्रकाश‍ित एक रिव्यू आर्टिकल के मुताब‍िक, सुबह सिरदर्द होने के कई संभावित कारण बताए गए हैं। माइग्रेन से पीड़ित लगभग 60 से 70 प्रतिशत लोगों में सुबह सिरदर्द देखा गया है। लगभग 80 प्रतिशत क्लस्टर हेडेक के मरीजों में नींद से जागने पर सिरदर्द की शिकायत देखी गई है। अनिद्रा और खराब नींद की गुणवत्ता सुबह सिरदर्द की आशंका बढ़ा सकती है।

1. क्या स्लीप एप्निया सुबह के सिरदर्द के ल‍िए जिम्मेदार है?

morning-headache-related-diseasesmorning-headache-related-diseases

सुबह सिरदर्द होने का एक अहम कारण स्लीप एप्निया भी हो सकता है। इस समस्या में सोते समय बार-बार सांस रुकती है। इसके साथ, तेज खर्राटे आना, नींद में सांस के लिए हांफना या दम घुटने जैसा महसूस होना, दिनभर नींद आना और सुबह सिरदर्द होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।

साल 2024 में Sleep Medicine Reviews में प्रकाशित सिस्टमैटिक रिव्यू और मेटा-एनालिसिस के मुताब‍िक, सुबह सिरदर्द की संख्‍या 33% पाई गई। स्लीप एप्निया से जुड़े सिरदर्द की संख्‍या 25% थी।

2. सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस हो सकता है कारण

सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस (Cervical Spondylosis) में गर्दन की हड्डियों और डिस्क में उम्र के साथ बदलाव होने लगते हैं। गर्दन की हड्डियों, डिस्क और आसपास के सॉफ्ट टिशूज में समस्या होने पर कुछ लोगों को सिरदर्द हो सकता है। इसे सर्विकोजेनिक हेडेक (Cervicogenic Headache) कहते हैं।

यह भी पढ़ें- बार-बार सिरदर्द कब नॉर्मल नहीं होता है? डॉक्टर से जानें

3. ग्लूकोमा

ग्लूकोमा (Glaucoma) आंखों से जुड़ी बीमारी है, जिसमें आंखों के अंदर दबाव बढ़ने से ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंच सकता है। इससे तेज सिरदर्द, आंखों में दर्द, धुंधला दिखाई देना, आंखों का लाल होना, रोशनी के चारों ओर रंगीन घेरे दिखना और मतली जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसमें अचानक तेज सिरदर्द होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह एक इमरजेंसी वाली स्‍थ‍ित‍ि है और इसमें तुरंत इलाज की जरूरत होती है।

4. हाई बीपी और सुबह के सिरदर्द का सीधा संबंध

हाई बीपी के कारण भी सुबह सिरदर्द हो सकता है। खासकर जब बीपी अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाए और इसके कारण दिमाग, आंखों या अन्य अंगों पर असर पड़ने लगे। ऐसी स्थिति में सिरदर्द के साथ धुंधला दिखना, चक्कर आना, सीने में दर्द या सांस लेने में परेशानी हो सकती है।

साल 2024 में European Heart Journal में प्रकाशित ESC गाइडलाइन के अनुसार, 180/110 mmHg या इससे ज्‍यादा बीपी के साथ शरीर के अंगों को नुकसान पहुंचने के लक्षण हों, तो इसे हाइपरटेंसिव इमरजेंसी माना जाता है। इसमें सिरदर्द और नजर संबंधि‍त समस्याएं हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें- हेमिप्लेजिक माइग्रेन क्या है? डॉक्टर से जानें इसके लक्षण, कारण और इलाज के तरीके

5. माइग्रेन और तनाव: सुबह उठते ही स‍िरदर्द महसूस होने की वजह

अगर सुबह उठते ही स‍िरदर्द होता है, तो इसके पीछे माइग्रेन और तनाव जैसी समस्‍याएं भी हो सकती हैं। माइग्रेन में स‍िर के एक या दोनों तरफ तेज स‍िरदर्द होता है। कुछ लोगों को सुबह उठते ही माइग्रेन का दर्द होता है। इसके अलावा, लगातार तनाव, चिंता और मानसिक दबाव के कारण टेंशन टाइप हेडेक हो सकता है। इसमें सिर के दोनों तरफ दबाव या कसाव जैसा दर्द महसूस होता है। यह दर्द भी कुछ लोगों को सुबह उठने पर महसूस हो सकता है।

साल 2021 में The Journal Of Headache And Pain में प्रकाश‍ित एक अध्‍ययन में शोधकर्ताओं ने पाया क‍ि माइग्रेन का दर्द सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच सबसे अधिक होता है।

सुबह स‍िरदर्द होने पर क्‍या करें?

  • डॉक्टर से संपर्क करें, वे बीपी की जांच कर सकते हैं, आपकी दवाओं की जानकारी ले सकते हैं और नींद की गुणवत्ता का आंकलन कर सकते हैं और इस आधार पर इलाज या दवाएं दे सकते हैं।
  • नींद, खर्राटों, चाय-कॉफी, अल्‍कोहल, खाने के समय और सिरदर्द होने के समय का रिकॉर्ड रखें।
  • अगर स्लीप एप्निया की आशंका हो, तो स्लीप स्टडी कराने की सलाह भी दी जा सकती है।
  • समय पर जांच कराने से सिरदर्द का सही कारण पता लगाने और उसका इलाज शुरू करने में मदद मिलती है।

डॉक्टर से संपर्क कब करें?

  • अगर आपको लगभग हर सुबह सिरदर्द होता है,
  • दर्द लगातार बढ़ रहा है
  • इसके साथ खर्राटे,
  • दिन में बहुत नींद आना,
  • नजर में बदलाव,
  • उल्टी,
  • कमजोरी,
  • भ्रम,
  • बुखार या
  • अचानक बहुत तेज सिरदर्द होने जैसी समस्याएं हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें।

न‍िष्‍कर्ष:

सुबह स‍िरदर्द होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे स्लीप एप्निया, सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस, ग्लूकोमा, हाई बीपी, माइग्रेन और तनाव जैसी समस्‍याएं हो सकती हैं। सुबह स‍िरदर्द होने पर डॉक्‍टर से संपर्क करें। डॉक्‍टर स्‍थि‍त‍ि देखकर इलाज या दवाएं दे सकते हैं। इसके साथ ही, नींद, खर्राटों, चाय-कॉफी, अल्‍कोहल, खाने के समय और सिरदर्द होने के समय का रिकॉर्ड रखें। स्लीप एप्निया के मरीजों को स्‍लीप स्‍टडी कराने की सलाह दी जाती है।

image credit: magnific

FAQ

  • क्या आयरन की कमी से सिरदर्द हो सकता है?

    हां, शरीर में आयरन की कमी से एनीमिया हो सकता है, जिसके कारण सिरदर्द हो सकता है। आयरन की कमी होने पर शरीर में हीमोग्लोबिन कम हो जाता है ज‍िसके कारण दर्द हो सकता है।
  • क्लस्टर हेडेक क्या होता है?

    क्लस्टर हेडेक एक दुर्लभ और बेहद दर्दनाक प्रकार का स‍िरदर्द है। इसमें आमतौर पर एक आंख के आस-पास या सिर के एक तरफ तेज दर्द होता है।

Read Next

→ बिनाइन Vs मैलिग्नेंट: कौन सा ट्यूमर सबसे खतरनाक है और तेजी से फैलता है? खुद बताया डॉक्टर ने

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 17, 2026 18:07 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Bala Raja Sekhar Chandra