कई लोगों को सुबह उठते ही थकान और कमजोरी होने जैसी समस्याएं होती हैं। ऐसे में अक्सर लोग यह समझ नहीं पाते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इस समस्या के क्या कारण हो सकते हैं? इस बारे में KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज कहते हैं कि पर्याप्त नींद लेने के बाद भी सुबह उठने पर थकान महसूस होना पुरुषों में एक आम समस्या है। इसके कई कारण हो सकते हैं।
सुबह उठने के बाद भी पुरुषों को थकान क्यों महसूस होती है?
डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, कभी-कभी देर रात तक बाहर रहने, फिजिकल एक्टिविटीज या स्ट्रेस के कारण सुबह थकान महसूस हो सकती है, लेकिन अगर ऐसा रोजाना होता है, तो इसके पीछे आपकी लाइफस्टाइल या कोई स्वास्थ्य समस्या हो सकती है, जिस पर ध्यान देना जरूरी है।
1. नींद से जुड़ी परेशानियां और खराब आदतें
सुबह थकान महसूस होने का सबसे आम कारण पर्याप्त या अच्छी गुणवत्ता वाली नींद न मिलना है। सिर्फ सात-आठ घंटे सो लेने का मतलब यह नहीं है कि शरीर को पूरा आराम मिल गया है।
- नींद के बीच में जागना।
- रात में टीवी देखना।
- सोने का कोई फिक्स टाइम न होना।
- बहुत ज्यादा कॉफी पीना।
ये सब शरीर के नेचुरल स्लीप साइकिल को बिगाड़ देते हैं, जिससे सुबह उठने पर थकान महसूस होती है।
इसे भी पढ़ें: आयुर्वेद के अनुसार सुबह उठकर सबसे पहले क्या करना चाहिए? इन 7 आदतों को जानें
2. ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया (Obstructive Sleep Apnoea)
सुबह थकान महसूस होने का एक और अहम कारण ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह समस्या ज्यादातर पुरुषों में देखी जाती है। इसमें सोते समय सांस की नली आंशिक या पूरी तरह से बंद हो जाती है, जिससे सांस लेने में रुकावट आती है। इसके मुख्य लक्षणों में-
- जोर से खर्राटे लेना।
- दम घुटने जैसा महसूस होना।
- सुबह सिरदर्द होना।
- मुंह सूखना।
- दिन के समय बहुत ज्यादा थकान महसूस होना शामिल है।
ज्यादा वजन वाले या मोटी गर्दन वाले पुरुषों में यह समस्या होने की संभावना ज्यादा हो सकती है।
why men wake up feeling tired every morning 01
3. स्ट्रेस, एंग्जायटी (चिंता) और मानसिक थकान
काम का दबाव, आर्थिक जिम्मेदारियां और नॉर्मल स्ट्रेस। इन सबका असर आपकी नींद पर पड़ सकता है। भले ही कोई व्यक्ति बिस्तर पर काफी समय बिताए, लेकिन लगातार स्ट्रेस में रहने के कारण उसे इतनी अच्छी नींद नहीं मिल पाती कि शरीर को पूरा आराम मिल सके। इससे मानसिक थकान हो सकती है, किसी काम में ध्यान लगाने में मुश्किल आ सकती है और सुबह उठने पर एनर्जी की कमी महसूस हो सकती है।
4. बीमारियां और स्वास्थ्य समस्याएं
हाइपोथायरायडिज्म, डायबिटीज, एनीमिया, हार्मोनल असंतुलन और टेस्टोस्टेरोन का कम स्तर जैसी कई तरह की बीमारियां थकान का कारण बन सकती हैं। इसलिए, यह मान लेने के बजाय कि समस्या उम्र या व्यस्त लाइफस्टाइल की वजह से है, इसके असली कारण का पता लगाना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: सुबह उठने के बाद सबसे पहले क्या करें? दिनभर एनर्जी बनाए रखने के लिए अपनाएं ये 5 आसान तरीके
5. लाइफस्टाइल और खान-पान से जुड़े फैक्टर्स
डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी, पोषण की कमी, अत्यधिक अल्कोहल का सेवन करने, स्मोकिंग करने और एक्सरसाइज न करना। ये सभी सुबह के समय एनर्जी के स्तर पर असर डालते हैं। सोने से पहले हैवी खाना खाने या अल्कोहल पीने से नींद की गुणवत्ता पर भी बुरा असर पड़ सकता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2019 में Nature and Science of Sleep में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, सुबह उठने पर महसूस होने वाली सुस्ती और थकान को साइंटिफिक भाषा में स्लीप इनर्शिया कहते हैं, जो मुख्य रूप से तब होती है, जब हमारी नींद पूरी नहीं होती, हम गहरी नींद के बीच में अचानक जाग जाते हैं या शरीर की बायोलॉजिकल क्लॉक के न्यूनतम स्तर पर आंख खुलती है। इसके अलावा, जागने के बाद दिमाग के हिस्सों को पूरी तरह एक्टिव होने में समय लगना, ब्रेन में एडेनोसिन रसायन का पूरी तरह साफ न होना और 30 मिनट से लंबी दिन की झपकी (नैप) लेना भी सुबह के समय भारीपन और मानसिक धुंधलेपन का बड़ा कारण बनते हैं।
निष्कर्ष
पर्याप्त नींद लेने के बाद भी पुरुषों में सुबह उठकर थकान और कमजोरी महसूस होना एक आम समस्या है, लेकिन इस पर ध्यान देना जरूरी है। इसके मुख्य कारणों में खराब नींद की आदतें, ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया (खर्राटों व सांस में रुकावट), अत्यधिक मानसिक तनाव और डायबिटीज, एनीमिया, थायराइड या कम टेस्टोस्टेरोन जैसी स्वास्थ्य समस्याएं शामिल हैं। इसके साथ ही, डिहाइड्रेशन, गलत खान-पान, स्मोकिंग, अल्कोहल का सेवन और फिजिकल एक्टिविटीज की कमी भी एनर्जी के स्तर को कम करती है।
अगर यह समस्या रोजाना बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें, बल्कि अपनी लाइफस्टाइल में सुधार लाएं और डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
शरीर में थकान क्यों बनी रहती है?
नींद की कमी, पोषण की कमी, डिहाइड्रेशन, थायराइड के असंतुलित होने, डायबिटीज, दिल की बीमारी, स्ट्रेस और फिजिकल एक्टिविटी न करने जैसे कारणों से व्यक्ति को थकान होने की समस्या हो सकती है।व्यक्ति थकान को दूर करने के लिए क्या करें?
शरीर की थकान को दूर करने के लिए भरपूर नींद लें, विटामिन्स, आयरन, प्रोटीन और फाइबर जैसे पोषक तत्वों से युक्त डाइट लें, शरीर को हाइड्रेट रखें, नियमित एक्सरसाइज करें, स्ट्रेस को मैनेज करें और लाइफस्टाइल को फॉलो करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 14, 2026 10:20 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
