आज के समय में ज्यादातर लोग मोबाइल और कंप्यूटर का इस्तेमाल करते हैं। इनके कारण लोगों की आंखों पर जोर पड़ता है। कई बार सुबह उठने पर लोगों की आंखें लाल नजर आती हैं, लेकिन ऐसा क्यों होता है? यह सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है। ऐसे में आइए Dr. Shreya Gupta, Consultant - Ophthalmology, Sri Balaji Action Medical Institute, Delhi से इसके कारणों के बारे में जानें।
सुबह उठते ही आंखों के लाल होने के कारण
डॉ. श्रेया गुप्ता के अनुसार, सुबह उठने पर आंखें लाल होना चिंता का कारण हो सकता है, लेकिन कभी-कभार होने वाली रेडनेस हमेशा किसी गंभीर समस्या का संकेत नहीं होती है। हालांकि, अगर रेडनेस बार-बार होती है या इसके साथ दर्द, आंखों से पानी या चिपचिपा पदार्थ निकलने (डिस्चार्ज) या देखने की क्षमता में बदलाव जैसी समस्याएं होती हैं, तो डॉक्टर से जांच करवाना जरूरी हो सकता है।
1. ड्राई आई की समस्या
डॉ. श्रेया के अनुसार, सुबह आंखों के लाल होने का एक कारण सूखापन (ड्राइनेस) है। सोते समय आंखें कई घंटों तक बंद रहती हैं और आंसुओं से मिलने वाली नमी (लुब्रिकेशन) की कमी के कारण कभी-कभी आंखों में सूखापन या जलन हो सकती है।
इसके अलावा, पंखे या एयर कंडीशनर के नीचे सोने, हवा में नमी कम होने और कुछ खास दवाइयों के इस्तेमाल से यह समस्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: नींद पूरी होने के बाद भी आंखें थकी हुई क्यों लगती हैं? डॉक्टर से जानें
2. एलर्जी के कारण
सुबह उठने पर आंखों के लाल होने का एक और आम कारण एलर्जी है। धूल, पराग (पोलन), पालतू जानवरों की रूसी (डैंडर) या अन्य एलर्जी पैदा करने वाली चीजों के संपर्क में आने से सूजन हो सकती है और आंखें लाल हो सकती हैं, उनमें खुजली हो सकती है या पानी आ सकता है।
अगर बिस्तर या बेडरूम के माहौल में एलर्जी पैदा करने वाली चीजें मौजूद हों, तो लोगों को खासकर सुबह के समय ये लक्षण महसूस हो सकते हैं।
why are your eyes red when you wake up in the morning 1
3. ब्लेफेराइटिस के कारण
ब्लेफेराइटिस (पलकों की सूजन) भी जागने के बाद आंखों के लाल होने या उनमें जलन होने का कारण बन सकता है। इसमें पलकों के आसपास पपड़ी जमना, जलन या आंखों में किरकिराहट महसूस होना जैसे लक्षण हो सकते हैं।
4. आंखों को रगड़ना
कुछ मामलों में, सोते समय या जागने के तुरंत बाद आंखों को रगड़ने से रेडनेस कुछ समय के लिए बढ़ सकती है। अगर कॉन्टैक्ट लेंस को तय समय से ज्यादा देर तक पहना जाए या उनकी ठीक से देखभाल न की जाए, तो उनसे भी जलन हो सकती है।
5. आंखों से जुड़ी मेडिकल कंडीशन
कभी-कभार होने वाली रेडनेस, जो जल्दी ठीक हो जाती है, वह चिंता की बात नहीं हो सकती है। हालांकि, लगातार रहने वाली रेडनेस कभी-कभी कंजंक्टिवाइटिस (आंख आना), ड्राई-आई डिजीज (आंखों का सूखापन) या आंखों की सूजन से जुड़ी हो सकती है।
क्या कहती है स्टडी?
Cleveland Clinic के अनुसार, सुबह उठने पर आंखों के लाल होने की समस्या एलर्जी, पर्याप्त नींद न लेने, आंखों पर जोर पड़ने, कंप्यूटर विजन सिंड्रोम, स्लीप एपनिया, एक्यूट एंगल-क्लोजर ग्लूकोमा, यूवेइटिस और फ्लॉपी आईलिड सिंड्रोम जैसे कई कारणों से हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: आंखों में खुजली कब एलर्जी से जुड़ी हो सकती है? डॉक्टर से जानें
आंखों को लाल होने से बचाने के लिए क्या करें?
डॉ. श्रेया का कहना है, आंखों में होने वाली रेडनेस की समस्या से बचने के लिए कुछ बातों का खास ध्यान रखा जा सकता है, जिससे आंखों स्वस्थ रह सकें।
- आंखों को रगड़ने से बचने।
- हाथों व आंखों की साफ-सफाई बनाए रखें।
- कॉन्टैक्ट लेंस इस्तेमाल करने वाले सही तरीके से लेंस पहनने।
- साफ करने के सही तरीकों को फॉलो करना चाहिए।
- आंखों में जलन होने पर लेंस का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. श्रेया कहती हैं, अगर आंखों में लालिमा के साथ तेज दर्द, रोशनी से परेशानी (लाइट सेंसिटिविटी), धुंधला दिखना या देखने की क्षमता कम होना, आंखों से ज्यादा पानी आने या चिपचिपा पदार्थ निकलना, सूजन या चोट जैसी समस्याएं हों, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
सुबह बार-बार आंखें लाल होने की समस्या के लिए आंखों की जांच से यह पता लगाया जा सकता है कि इसका कारण सूखापन, एलर्जी, पलकों की सूजन या कोई और समस्या है। बिना डॉक्टरी सलाह के बार-बार बिना पर्ची के मिलने वाली (ओवर-द-काउंटर) रेडनेस कम करने वाली आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करने के बजाय, समस्या की असली वजह का पता लगाना जरूरी है।
निष्कर्ष
सुबह उठने पर आंखों में रेडनेस की समस्या आंखों में सूखापन, एलर्जी, ब्लेफेराइटिस, आंखों को रगड़ने और आंखों से जुड़ी मेडिकल कंडीशन्स जैसे कारणों से हो सकती है।
ऐसे में आंखों को स्वस्थ रखने और इन परेशानियों से बचने के लिए आंखों को रगड़ने से बचें, साफ-सफाई का ध्यान रखें, कॉन्टैक्ट लेंस का सही तरीके से इस्तेमाल करना और कोई भी परेशानी होने पर इनके इस्तेमाल से बचना चाहिए। ध्यान रहे, लाल आंखों के साथ दर्द, लाइट से सेंसिटिविटी और धुंधला दिखने जैसी समस्याएं होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
आंखों से जुड़ी समस्या के क्या लक्षण हैं?
आंखों से जुड़ी समस्याओं होने पर व्यक्ति को आंखों में रेडनेस आने, आंखों में दर्द, जलन, आंखों में पानी आने, आंखों में सूखापन होने, रोशनी से परेशानी होने, चुभन और काले धब्बे दिखने की समस्याएं हो सकती हैं।आंखों को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
आंखों को स्वस्थ रखने के लिए 20-20-20 रूल्स को फॉलो करें, आंखों को न रगड़ें, धूप से बचाव करें, पर्याप्त नींद लें, शरीर को हाइड्रेट रखें, नियमित रूप से आंखों की जांच कराएं और हेल्दी डाइट लें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 30, 2026 09:54 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Shreya Gupta
