गर्मी के मौसम में या वर्कआउट के बाद अक्सर लोग थकान, कमजोरी, चक्कर आना या मांसपेशियों में ऐंठन महसूस करते हैं। ऐसे में कई लोग तुरंत इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक या एनर्जी ड्रिंक पीना शुरू कर देते हैं। क्या हर बार पसीना आने के बाद इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक पीना जरूरी होता है और क्या केवल पानी पीने से शरीर की जरूरत पूरी हो जाती है? यह एक ऐसा सवाल है जिसे लेकर लोगों के बीच काफी कंफ्यूजन रहती है। कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. अम्बरीश दीक्षित बताते हैं कि पसीने के साथ शरीर से केवल पानी ही नहीं निकलता, बल्कि सोडियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स भी बाहर निकलते हैं। ये मिनरल्स शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने, मांसपेशियों के सही कामकाज, नसों के कार्य और दिल की सामान्य धड़कन को बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
पसीना निकलने से कम हुए इलेक्ट्रोलाइट्स को रीस्टोर कैसे करें?
डॉ. अम्बरीश दीक्षित के अनुसार, इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति का सबसे अच्छा तरीका इस बात पर निर्भर करता है कि शरीर से उनकी कितनी मात्रा कम हुई है। यदि आपने सामान्य वॉक की है, हल्की-फुल्की एक्सरसाइज की है या कुछ समय बाहर बिताया है, तो ज्यादातर मामलों में अलग से इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक पीने की जरूरत नहीं होती। ऐसी स्थिति में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और बैलेंस भोजन करना ही शरीर की जरूरतों को पूरा करने के लिए काफी होता है। हेल्दी व्यक्ति के लिए रोजमर्रा की हाइड्रेशन जरूरतों को पूरा करने में पानी और पौष्टिक डाइट सबसे बेहतर विकल्प हैं।
इसे भी पढ़ें: रनिंग के बाद पिएं इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक, मिलेंगे 5 जबरदस्त फायदे
इन फूड्स से भी मिलते हैं जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स
डॉ. अम्बरीश दीक्षित बताते हैं कि कई सामान्य फूड्स नेचुरल रूप से इलेक्ट्रोलाइट्स से भरपूर होते हैं। फलों, हरी सब्जियों, दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स, मेवे, बीज तथा सूप जैसी चीजों में सोडियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व शरीर में फ्लूइड बैलेंस बनाए रखने के साथ-साथ मांसपेशियों और नसों को सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। इसलिए यदि आपका खानपान बैलेंस है, तो सामान्य परिस्थितियों में अलग से इलेक्ट्रोलाइट सप्लीमेंट लेने की जरूरत नहीं पड़ती।
इसे भी पढ़ें: क्या गर्मियों में सभी के लिए इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स जरूरी होते हैं? बता रहे हैं एक्सपर्ट

किन परिस्थितियों में इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक फायदेमंद हो सकती है?
डॉ. अम्बरीश दीक्षित बताते हैं कि अगर आपने एक घंटे से ज्यादा समय तक लगातार एक्सरसाइज की है, बहुत ज्यादा पसीना बहाया है या बेहद गर्म मौसम में लंबे समय तक काम किया है, तो शरीर से केवल पानी नहीं बल्कि काफी मात्रा में सोडियम और अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स भी निकल जाते हैं। ऐसी स्थिति में केवल पानी पीना पर्याप्त नहीं हो सकता। डॉ. अम्बरीश दीक्षित के अनुसार, इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक इस समय फायदेमंद साबित हो सकती है क्योंकि यह सोडियम सहित अन्य जरूरी मिनरल्स की कमी पूरी करने में मदद करती है। विशेष रूप से सोडियम शरीर में पिए गए पानी को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे शरीर बेहतर तरीके से हाइड्रेट रहता है और डिहाइड्रेशन का खतरा कम होता है।
साल 2010 में Journal of Sports Sciences में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, खेल और एक्सरसाइज के दौरान, खासकर गर्म और नम मौसम में, पसीने के जरिए शरीर से भारी मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं। शरीर के फंक्शन को बनाए रखने और रिकवरी के लिए इस बैलेंस को जल्दी बनाना जरूरी है। केवल पानी पीने से शरीर की पूरी भरपाई नहीं हो सकती। रिहाइड्रेशन के लिए पानी के साथ सोडियम और पोटेशियम का होना जरूरी है। पसीने में नमक की कमी को पूरा करने के लिए स्पोर्ट्स ड्रिंक में पर्याप्त सोडियम (कम से कम 50 mmol l -1) होना चाहिए। इसके अलावा, ड्रिंक का स्वाद भी अच्छा होना चाहिए ताकि खिलाड़ी पसीने और पेशाब के रूप में हुए कुल लिक्विड नुकसान से ज्यादा मात्रा में ड्रिंक पी सकें।
यदि एक्सरसाइज के तुरंत बाद बैलेंस ठोस डाइट ली जा रही है, तो सादा पानी भी पर्याप्त है क्योंकि भोजन से इलेक्ट्रोलाइट्स मिल जाते हैं। हालांकि, जब ठोस भोजन करना संभव न हो या दूसरा वर्कआउट सेशन तुरंत बाद हो, तब इलेक्ट्रोलाइट युक्त रिहाइड्रेशन ड्रिंक्स लेना जरूरी हो जाता है। पर्याप्त रिहाइड्रेशन न होने पर अगले वर्कआउट में खिलाड़ी का प्रदर्शन सीधे तौर पर प्रभावित होता है।
निष्कर्ष
इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर के लिए बेहद जरूरी मिनरल्स हैं, लेकिन इनकी पूर्ति का तरीका आपकी फिजिकल एक्टिविटी और पसीने की मात्रा पर निर्भर करता है। सामान्य दिनों में पर्याप्त पानी पीना और बैलेंस डाइट लेना ही इलेक्ट्रोलाइट्स की जरूरत पूरी करने के लिए काफी है। वहीं, लंबे समय तक भारी एक्सरसाइज, ज्यादा पसीना आने या गर्म मौसम में ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी के दौरान इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक उपयोगी हो सकती है। इसलिए बिना जरूरत रोजाना इलेक्ट्रोलाइट सप्लीमेंट लेने की बजाय अपनी स्थिति के अनुसार सही विकल्प चुनना ही बेहतर और सुरक्षित तरीका है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या हर बार पसीना आने पर इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक पीनी चाहिए?
सामान्य पसीना आने पर अधिकतर लोगों के लिए पानी और संतुलित भोजन ही पर्याप्त होता है। इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक केवल खास परिस्थितियों में जरूरी हो सकती है।इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के लक्षण क्या होते हैं?
ज्यादा कमजोरी, मांसपेशियों में ऐंठन, चक्कर आना, प्यास लगना, थकान और कुछ मामलों में सिरदर्द इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी के संकेत हो सकते हैं।क्या रोजाना इलेक्ट्रोलाइट सप्लीमेंट लेना सुरक्षित है?
हेल्दी लोगों के लिए बिना जरूरत रोजाना इलेक्ट्रोलाइट सप्लीमेंट लेने से कोई ज्यादा फायदा नहीं मिलता। इन्हें केवल जरूरत पड़ने पर या डॉक्टर की सलाह पर ही लेना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 23, 2026 19:04 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Jul 23, 2026 19:04 IST
Modified By : Akanksha TiwariJul 23, 2026 19:04 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Ambrish Dixit