थकान महसूस होते ही कई लोग तुरंत एनर्जी पाने के लिए एनर्जी ड्रिंक पी लेते हैं, जबकि कुछ लोग नारियल पानी को ज्यादा हेल्दी विकल्प मानते हैं। खासकर गर्मियों के मौसम में या एक्सरसाइज के बाद यह सवाल अक्सर पूछा जाता है कि आखिर शरीर को जल्दी एनर्जी देने और थकान दूर करने के लिए कौन-सी ड्रिंक ज्यादा फायदेमंद है। इस बारे में सही जानकारी के लिए हमने, कैलाश हॉस्पिटल, देहरादून की सीनियर डाइटीशियन पायल दत्त से बात की। डाइटिशियन पायल दत्त बताती हैं कि अगर आपने ज्यादा मेहनत की है, धूप में लंबे समय तक रहे हैं या खूब पसीना बहाया है, तो शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। वहीं, यदि बिना किसी वजह के हर समय थकान बनी रहती है, तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में केवल कोई ड्रिंक पीकर समस्या को नजरअंदाज करना सही नहीं है।
नारियल पानी Vs एनर्जी ड्रिंक
डाइटीशियन पायल दत्त के अनुसार, यदि आप नेचुरल तरीके से शरीर को रिहाइड्रेट करना चाहते हैं और कम हुए मिनरल्स की भरपाई करना चाहते हैं, तो नारियल पानी सबसे बेस्ट और हेल्दी विकल्प है। एनर्जी ड्रिंक केवल कुछ समय का अस्थायी बूस्ट देते हैं, जो बाद में थकान का कारण बन सकता है।
| गुण | नारियल पानी | एनर्जी ड्रिंक |
| सोर्स | नेचुरल | प्रोसेस्ड और आर्टिफिशियल |
| पोषक तत्व | पोटैशियम, सोडियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स। | कैफीन और बहुत ज्यादा मात्रा में शुगर। |
| हाइड्रेशन और रिकवरी | शरीर में पानी और मिनरल्स की कमी को पूरा कर बेहतरीन हाइड्रेशन देता है। | शरीर में खोए हुए पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की भरपाई नहीं करता। |
| एनर्जी पर असर | थकान कम करता है और एनर्जी के लेवल को स्वाभाविक रूप से बढ़ाता है। | कैफीन और शुगर के कारण कुछ समय के लिए अस्थायी अलर्टनेस देती है। |
| साइड इफेक्ट | सेहत के लिए पूरी तरह सुरक्षित और फायदेमंद। | कैफीन का असर खत्म होने पर 'एनर्जी क्रैश' (पहले से ज्यादा थकान) हो सकता है। |
| उपयोग का सही समय | वर्कआउट के बाद, धूप से आने पर या ज्यादा पसीना निकलने पर। | लंबे समय तक एनर्जी बनाए रखने के लिए इस पर निर्भर रहना सही नहीं है। |
साल 2023 में MDPI के Sports journal में प्रकाशित स्टडी रिपोर्ट के अनुसार लंबे समय तक साइकिल चलाने (endurance cycling) के दौरान नारियल पानी पीना, बाजार में मिलने वाले सामान्य स्पोर्ट्स ड्रिंक जितना ही प्रभावी है। दोनों को पीने पर खिलाड़ियों के प्रदर्शन, दिल की धड़कन (heart rate), पसीने और थकान के लेवल में कोई खास अंतर नहीं देखा गया। हालांकि, स्पोर्ट्स ड्रिंक के मुकाबले नारियल पानी पीने से ब्लड ग्लूकोज (blood glucose) का लेवल थोड़ा कम मिला। संक्षेप में, हाइड्रेशन और शारीरिक क्षमता को बनाए रखने के लिए नारियल पानी, स्पोर्ट्स ड्रिंक का एक बेहतरीन, नेचुरल और सुरक्षित विकल्प साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: एनर्जी ड्रिंक पीने के क्या हैं नुकसान? एक्सपर्ट से जानें इसका लिवर और किडनी पर असर

एनर्जी ड्रिंक पीने के नुकसान क्या हैं?
डाइटिशियन पायल दत्त बताती हैं कि कुछ लोगों में एनर्जी ड्रिंक का ज्यादा सेवन दिल की धड़कन तेज होने और ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी समस्याओं का कारण भी बन सकता है। खासतौर पर जिन लोगों को पहले से हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट डिजीज या कैफीन से सेंसिटिविटी है, उन्हें इनका सेवन सोच-समझकर करना चाहिए। वहीं, नारियल पानी एक नेचुरल ड्रिंक है, जिसमें एक्स्ट्रा शुगर या कृत्रिम तत्व नहीं होते। इसलिए सामान्य परिस्थितियों में यह शरीर को सुरक्षित तरीके से हाइड्रेट करने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ें: क्या वाकई पैकेज्ड हेल्थ ड्रिंक्स सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं? जानें दावों के पीछे छिपा सच
डाइटिशियन की सलाह
यदि बिना किसी स्पष्ट कारण के आपको हर समय थकान महसूस होती है, तो केवल नारियल पानी या एनर्जी ड्रिंक पीकर समस्या खत्म नहीं होती है। लगातार बनी रहने वाली थकान कई बार एनीमिया, थायराइड, विटामिन की कमी, नींद की समस्या या अन्य स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का संकेत भी हो सकती है। ऐसे में डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है ताकि असली कारण का पता लगाकर सही इलाज किया जा सके।
निष्कर्ष
थकान दूर करने के लिए कौन-सी ड्रिंक बेहतर है, यह उसकी वजह पर निर्भर करता है। यदि थकान एक्सरसाइज, गर्मी या ज्यादा पसीना आने के कारण है, तो नारियल पानी बेहतर विकल्प है क्योंकि यह शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी कर नेचुरल रूप से रिकवरी में मदद करता है। वहीं, एनर्जी ड्रिंक केवल थोड़े समय के लिए अलर्टनेस बढ़ा सकते हैं, लेकिन वे शरीर को वास्तविक हाइड्रेशन नहीं देते और बाद में एनर्जी क्रैश का कारण बन सकते हैं। इसलिए शरीर को हेल्दी रखने और नेचुरल एनर्जी बनाए रखने के लिए नारियल पानी ज्यादा बैलेंस और बेहतर विकल्प माना जाता है। यदि थकान लगातार बनी रहती है, तो घरेलू उपायों के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना सबसे बेहतर होगा।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या रोजाना नारियल पानी पीना सुरक्षित है?
हेल्दी लोगों के लिए सीमित मात्रा में नारियल पानी पीना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है। किडनी डिजीज या पोटैशियम संबंधी समस्याओं वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।बिना कारण हर समय थकान रहती है तो क्या करना चाहिए?
लगातार बनी रहने वाली थकान एनीमिया, विटामिन की कमी या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से चेकअप करवाएं।क्या एनर्जी ड्रिंक में अल्कोहल होता है?
आमतौर पर एनर्जी ड्रिंक्स में अल्कोहल नहीं होता है और जिनमें होता है उनपर लिखा होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 16, 2026 13:02 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dt Payal Dutt