स्कैल्प में हो रहे दर्द को अक्सर लोग अनदेखा कर देते हैं। उन्हें लगता है कि यह किसी तरह की गंभीर बीमारी का संकेत नहीं है। ऐसे में भला स्कैल्प पेन की लेकर चिंतित क्यों होना है? हालांकि, ऐसा सोचा जाना सही नहीं है। कई बार बालों की जड़ों में हो रहा दर्द परेशानी का सबब होता है और रोजमर्रा के कामकाज को भी बाधित करता है। आइए, हम जानते हैं कि बालों की जड़ों में दर्द होने के क्या मुख्य कारण हो सकते हैं?
राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, "वैसे तो बालों की जड़ों में दर्द के कई कारण हो सकते हैं, जैसे टाइट हेयर स्टाइल बनाना, जोर-जोर से कंघी करना और बालों में खिंचाव। हालांकि, बालों की जड़ों के दर्द को यहीं तक सीमित रखना सही नहीं है। कई बार कुछ स्किन कंडीशंस भी इसके कारण हो सकते हैं। इसमें सोरायसिस, डर्मेटाइटिस आदि शामिल हैं।"
स्कैल्प पेन के कारण
-1788862327539.webp)
1. सोरायसिस से होता है स्कैल्प में दर्द
- Cleveland Clinic के अनुसार, स्कैल्प सोरायसिस के कारण सिर में दर्द और जलन की समस्या हो सकती है।
- दरअसल, सोरायसिस के कारण त्वचा में सूजन, त्वचा की कोशिकाओं का तेजी से बनना और स्किन का फटना संवेदनशील त्वचा पर बहुत अधिक दबाव और खिंचाव डालता है।
- आपको जानकारी के लिए बता दें कि सोरायसिस एक ऑटोइम्यून कंडीशन है, जिसकी वजह से स्कैल्प में ड्राईनेस और तीव्र खुजली जैसी परेशानी होने लगती है।
इसे भी पढ़ें: स्कैल्प पर पिंपल्स क्यों निकलते हैं? जानें इसके 5 बड़े कारण
2. स्वास्थ्य समस्याएं
- डॉ. करुणा मल्होत्रा कहती हैं, "कई ऐसी ऑटोइम्यून डिजीज भी हैं, जो सीधे तौर पर सेल्स पर अटैक करती हैं, जिससे सिर की त्वचा में दर्द, खुजली, बाल झड़ने और घाव बनने जैसी समस्याएं होती हैं। ल्यूपस इसका सटीक उदाहरण है।"
- वहीं, एलोपेसिया एरीटा सीधे बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचाकर सिर की सेंसिटिविटी को बढ़ाता है और पैच के रूप में गंजापन पैदा करता है। इसकी वजह से सिर के साथ-साथ स्कैल्प में भी दर्द महसूस हो सकता है।
- थाइरायड और PCOS जैसे हार्मोनल असंतुलन भी सिर की त्वचा में खिंचाव और दर्द का कारण बनते हैं।
3. सेबोरहाइक डर्मेटाइटिस भी है स्कैल्प पेन का कारण
- डॉ. करुणा मल्होत्रा बताती हैं, "सेबोरहाइक डर्मेटाइटिस भी एक तरह की स्किन कंडीशन है, जो कि ऑटोइम्यून से जुड़ी परेशानी है। यह स्थिति भी स्कैल्प में दर्द का कारण बन सकती है।"
- सेबोरहाइक डर्मेटाइटिस की वजह से स्किन में काफी सूजन आ जाती है, जिससे नसों में जलन होने लगती है।
- इसके अलावा, सिर पर जमी पपड़ी, तेल और सूखी परतें त्वचा पर दबाव डालती हैं। ऐसे में तीव्र खुजली भी होने लगती है।
- जब बहुत अधिक खुजली होने पर सिर को खुजलाया जाता है, तो स्कैल्प में छोटे-छोटे घाव और खरोंच बन जाते हैं, जिससे सिर में चुभन और जलन वाला दर्द महसूस होता है।
4. फॉलिकुलिटिस में हो सकता है स्कैल्प में दर्द
- यह बालों की जड़ों यानी हेयर फॉलिकल्स में होने वाला संक्रमण और सूजन है।
- इसकी वजह से त्वचा पर छोटे लाल दाने या मवाद भरे फुंसियां होने लगती हैं।
- फुंसियों या मवाद वाले दाने होने के कारण प्रभावित हिस्से की संवेदनशील नसों पर दबाव पड़ने लगता है।
- इसके साथ ही शरीर द्वारा जारी किए गए सूजन संबंधी तत्व नसों की संवेदनशीलता को और बढ़ा देते हैं, जिससे जलन और चुभन महसूस होती है।
- जब यह इंफेक्शन बालों की जड़ों में गहराई तक चला जाता है, तो इसकी वजह से स्कैल्प से जुड़ी कई अन्य परेशानियां भी बढ़ जाती हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या ड्राई बालों को हफ्ते में एक बार धोना काफी होता है? जानें डर्मेटोलॉजिस्ट की राय
5. माइग्रेन से होता है स्कैल्प में दर्द

- क्या आप जानते हैं कि माइग्रेन भी स्कैल्प में दर्द का एक बड़ा कारण है।
- डाॅक्टर की मानें, तो माइग्रेन दिमाग की नसों को सक्रिय कर देता है, जिससे सिर की खून की नलियों में सूजन आ जाती है।
- लगातार दर्द के संकेतों के कारण नर्वस सिस्टम में खराबी आ जाती है, जिससे बाल संवारना, तकिए पर सिर रखना या चश्मा पहनना जैसी हल्की छुअन भी चुभन या जलन वाले दर्द जैसी महसूस होने लगती है।
- इसके अलावा, गर्दन से सिर की तरफ जाने वाली नसों में खिंचाव या जलन के कारण स्कैल्प में तेज और टीस मारने वाला दर्द उठने लगता है। कई लोगों के लिए यह असहनीय होता है।
6. तनाव से होने वाला सिरदर्द
- माइग्रेन की ही तरह तनाव या टेंशन से होने वाले सिरदर्द के कारण भी स्कैल्प में दर्द और मांसपेशियों में खिंचाव महसूस हो सकता है।
- तनाव के कारण हो रहे सिरदर्द के नसों की सेंसिटिविटी बढ़ जाती है, जिससे स्कैल्प में दर्द होने लगता है।
- MedlinePlus के अनुसार, जब गर्दन, कंधों और सिर की मांसपेशियां लगातार कसी या खिंची रहती हैं, तो वे आसपास के टिश्यूज और नसों पर दबाव बढ़ने लगता है। ऐसे में स्कैल्प का दर्द बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: स्कैल्प में फंगल इंफेक्शन के इन चेतावनी संकेतों को न करें नजरअंदाज, जानें कब डॉक्टर से लें सलाह
7. टाइट हेयरस्टाइल बनाना
- अगर उन लोगों में से हैं, जो अक्सर बालों को टाइट और खींचकर बांधना, जूड़ा बनाना या चोटी बनाना पसंद करते हैं या किसी अन्य तरह का टाइट हेयर स्टाइल बनाते हैं, तो सावधान हो जाएं।
- बालों में खिंचाव के कारण स्कैल्प में दर्द हो सकता है। अगर समय रहते हेयर स्टाइल को न बदला जाए, तो इसकी वजह से सिर में दर्द भी हो सकता है।
निष्कर्ष
बालों में खिंचाव को सामान्य समझकर स्कैल्प पेन को इग्नोर करना सही नहीं है। बेहतर होगा कि अगर बालों की जड़ों में लंबे समय से दर्द हो रह है, तो इसके कारणों को जानने तथा समझने की कोशिश करें। कई स्वास्थ्य समस्याओं के कारण बालों की जड़ों में दर्द हो सकता है। इसमें स्किन कंडीशन भी शामिल हैं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या बालों में बहुत ज्यादा तेल लगाने से भी स्कैल्प में दर्द हो सकता है?
हां, ऐसा हो सकता है, क्योंकि तेल लगाकर स्कैल्प पर छोड़ने से सिर की त्वचा के रोमछिद्र बंद हो सकते हैं। इससे त्वचा पर गंदगी जमा होने लगती है, जिससे मैलासेजिया (fungus) बढ़ता है। ऐसे में स्कैल्प में सूजन, पिंपल्स और जड़ों में भारीपन व दर्द महसूस हो सकता है। इसलिए हेयर ऑइलिंग करने के एक घंटे बाद हेयर वॉश कर लेना चाहिए।स्कैल्प के दर्द से राहत पाने के लिए घर पर तुरंत क्या किया जा सकता है?
आपको स्कैल्प में दर्द क्यों हो रहा है, यह बात समाधान के लिए मायने रखती है। अगर टाइट छोटी बनाने की वजह से स्कैल्प में दर्द हो रहा है, तो बालों को तुरंत खोल दें। वहीं, अगर टेंशन या माइग्रेन के कारण स्कैल्प में दर्द हो रहा है, तो इसके समाधान के लिए डॉक्टर से मिलें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 08, 2026 15:46 IST
Modified By : Meera Tagore Sep 08, 2026 15:46 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra