Mon Oct 19, 2026 | 09:35 PM IST

Medically Reviewed by Dr Padmaja , Senior Consultant – Dermatology

ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने की क्या वजह है? डॉक्टर से जानें

ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलना सिर्फ ऑयली स्किन की वजह से नहीं होता है। इसके पीछे हार्मोनल बदलाव, स्किनकेयर की गलतियां या अन्य कारण हो सकते हैं। यहां डर्मेटोलॉजिस्ट से जानिए, इनसे बचने और सही देखभाल के तरीके।
ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने की क्या वजह है? डॉक्टर से जानेंठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने की क्या वजह है? डॉक्टर से जानें

चेहरे पर मुंहासे निकलना एक आम समस्या है, लेकिन अगर बार-बार ठुड्डी पर ही एक्ने निकल रहे हैं, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। कुछ लोगों को ठुड्डी पर छोटे-छोटे दाने निकलते हैं, जबकि कुछ के मुंहासे बड़े, लाल और दर्दनाक होते हैं। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने के पीछे हार्मोनल बदलाव, स्किन में ज्यादा सीबम यानी तेल बनना, पोर्स बंद होना या गलत स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल जैसे कई कारण हो सकते हैं। खासकर महिलाओं में पीरियड्स के आस-पास मुंहासे बढ़ने की समस्या देखी जा सकती है। वहीं, कुछ मामलों में गलत क्रीम या स्किन को बार-बार छूने की आदत भी परेशानी बढ़ा सकती है।

ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे क्यों निकलते हैं?

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने की एक वजह स्किन में तेल का ज्यादा बनना और पोर्स का बंद होना हो सकता है। स्किन में मौजूद तेल, डेड स्किन सेल्स और बैक्टीरिया मिलकर मुंहासों की समस्या को बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, हार्मोन में बदलाव भी ठुड्डी और जबड़े के आस-पास मुंहासे होने का एक आम कारण है। खासकर महिलाओं में पीरियड्स से पहले हार्मोनल बदलावों के कारण मुंहासे बढ़ सकते हैं। कुछ लोगों को तनाव, नींद की कमी या स्किन की सही देखभाल न करने के कारण भी यह समस्या ज्यादा परेशान कर सकती है।

  • हार्मोन में बदलाव होने से स्किन में तेल का प्रोडक्शन बढ़ सकता है, जिससे पोर्स बंद होने और मुंहासे बनने की आशंका बढ़ जाती है।
  • महिलाओं में पीरियड्स के आस-पास, प्रेग्नेंसी या मेनोपॉज के दौरान हार्मोन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अगर ठुड्डी और जबड़े के आस-पास गहरे, दर्दनाक मुंहासे बार-बार निकलते हैं, तो यह हार्मोनल एक्ने का संकेत हो सकता है।
  • हालांकि, केवल मुंहासों के आधार पर हार्मोन संबंधी समस्या का पता नहीं लगाया जा सकता। यदि इसके साथ पीरियड्स अनियमित होने या चेहरे पर अनचाहे बाल बढ़ने जैसी समस्याएं भी हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
  • कुछ रोजाना की आदतें भी ठुड्डी पर होने वाले मुंहासों को बढ़ा सकती हैं। बार-बार चेहरे को हाथ लगाना, मुंहासों को दबाना और स्किन के अनुकूल न होने वाले प्रोडक्ट इस्तेमाल करना इनमें शामिल हैं।
  • इसके अलावा, बहुत ज्यादा ऑयली क्रीम या पोर्स को बंद करने वाले मेकअप प्रोडक्ट्स भी समस्या बढ़ा सकते हैं।
  • अगर आप फोन को बार-बार ठुड्डी या गाल के पास लगाते हैं, तो फोन पर मौजूद गंदगी और तेल स्किन के संपर्क में आ सकते हैं।
  • इसलिए फोन को नियमित रूप से साफ करना और चेहरे को अनावश्यक रूप से छूने से बचना जरूरी है।

recurring acne on chin causesrecurring acne on chin causes

ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने से कैसे बचें?

ठुड्डी पर होने वाले मुंहासों को कंट्रोल करने के लिए स्किन की नियमित और सही देखभाल करना जरूरी है। इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखें-

इसे भी पढ़ें: क्या बार-बार मुंह धोने से भी बढ़ सकते हैं मुंहासे? डॉक्टर से जानें

  • दिन में दो बार चेहरा धोएं, स्किन को साफ रखने के लिए हल्के और स्किन के अनुकूल फेसवॉश का इस्तेमाल करें।
  • ऐसे मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें, जो पोर्स को बंद न करें।
  • मुंहासों को दबाने या नाखूनों से छेड़ने पर सूजन, इंफेक्शन और दाग-धब्बों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में इन्हें छूने से बचें।
  • सोने से पहले मेकअप अच्छी तरह साफ करें, ताकि स्किन पर प्रोडक्ट की परत जमा न रहे।
  • पर्याप्त नींद लें और तनाव को कंट्रोल करने की कोशिश करें।

साल 2024 में Frontiers in Medicine में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, मुंहासे एक आम स्किन की समस्या है जो फिजिकल और मेंटल हेल्थ दोनों को प्रभावित करती है। इसके कई कारण हैं, जैसे हार्मोनल बदलाव और बैक्टीरिया। शुरुआत में इसका इलाज क्रीम, दवाइयों और केमिकल पीलिंग से किया जाता था लेकिन अब रिसर्च के बाद कई नए और आधुनिक तरीके आ गए हैं, जैसे नई एंटीबायोटिक्स, प्रोबायोटिक्स, बायो-एजेंट्स, माइक्रोन्यूडल पैच और इम्यूनोथेरेपी।

ठुड्डी के मुंहासों के लिए कब डॉक्टर को दिखाएं?

डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि अगर ठुड्डी पर बार-बार बड़े, गहरे या दर्दनाक मुंहासे निकलते हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें। मुंहासों के कारण दाग पड़ने लगें या घरेलू देखभाल के बावजूद समस्या ठीक न हो, तब भी डॉक्टर को दिखाना चाहिए। अपनी मर्जी से स्टेरॉयड क्रीम, एंटीबायोटिक या तेज असर वाले एक्ने प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से बचें।

इसे भी पढ़ें: पीरियड्स से पहले मुंहासे अचानक क्यों निकल आते हैं? डॉक्टर से जानें इसके कारण

निष्कर्ष

ठुड्डी पर बार-बार मुंहासे निकलने के पीछे हार्मोनल बदलाव, स्किन में ज्यादा तेल बनना, पोर्स बंद होना और स्किन की देखभाल से जुड़ी गलतियां जैसे कई कारण हो सकते हैं। ऐसे में केवल मुंहासों को दबाने या बार-बार नए प्रोडक्ट इस्तेमाल करने के बजाय उनके संभावित कारण को समझना जरूरी है। स्किन को साफ रखें, सही प्रोडक्ट्स् चुनें और मुंहासों से छेड़छाड़ न करें। अगर समस्या लगातार बनी रहती है या मुंहासे दर्दनाक हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेकर समय पर इलाज कराएं।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या टूथपेस्ट लगाने से मुंहासे ठीक हो सकते हैं?

    मुंहासों पर टूथपेस्ट लगाना सही उपाय नहीं है। इसमें मौजूद कुछ तत्व स्किन पर जलन, लालिमा और ड्राईनेस पैदा कर सकते हैं।
  • मुंहासों के दाग कैसे कम करें?

    मुंहासों के दाग कम करने के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें और मुंहासों को दबाने से बचें। दाग गहरे या लंबे समय तक बने रहें, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से उचित इलाज के बारे में पूछें।
  • मुंहासे होने पर स्क्रब करना चाहिए?

    नहीं, खासकर सूजे हुए या दर्दनाक मुंहासों पर स्क्रब करने से जलन और सूजन बढ़ सकती है।

Read Next

→ डबल चिन कब बढ़ता है? एक्सपर्ट से जानें इसे कम करने का तरीका

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 19, 2026 18:26 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Padmaja