आज के समय में भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल में काम या अन्य कारणों से देर तक जागते हैं और सुबह जल्दी उठकर काम के लिए निकल जाते हैं। ऐसे में बहुत से लोगों को 7-8 घंटों की पर्याप्त नींद नहीं मिल पाती है। इसके कारण उनको दिनभर थकान बनी रहने, मूड स्विंग्स, एनर्जी की कमी, स्किन और बालों से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। कम नींद का असर स्किन के साथ-साथ बालों पर भी पड़ता है। आइए इस बारे में Dr. Shireen Furtado, Sr. Consultant - Medical & Cosmetic Dermatology, Aster CMI Hospital, Bengaluru से जानें।
कम सोने से बालों पर क्या असर होता है?
डॉ. शिरीन के अनुसार, जब आप बहुत कम सोते हैं या आपकी नींद अच्छी नहीं होती है, तो इससे बालों के बढ़ने की नॉर्मल ग्रोथ साइकिल प्रभावित हो सकती है। नींद शरीर के लिए टिश्यूज (tissues) को रिपेयर, हार्मोन को नियंत्रित करने और स्वास्थ्य को दुरुस्त बनाए रखने का एक जरूरी समय है।
अगर किसी व्यक्ति को लंबे समय तक पर्याप्त नींद नहीं मिलती है, तो शरीर पर इसका दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि एक-दो रात कम सोने से अचानक बाल झड़ने लगेंगे।
साल 2026 में Dermatology Therapy में प्रकाशित सिस्टमेटिक रिव्यू के अनुसार, बालों के झड़ने की सभी समस्याओं में, नींद की कमी एक ऐसा कारण है, जो विज्ञान और डॉक्टरों, दोनों के मुताबिक इस परेशानी को और ज्यादा बढ़ा देती है। अच्छी नींद की गुणवत्ता और बालों के झड़ने के बीच गहरा संबंध है, जो दोनों तरफ से एक-दूसरे को प्रभावित करता है।
इसे भी पढ़ें: बालों का अचानक झड़ना न करें नजरअंदाज, डॉक्टर से जानें 7 कारण
लगातार कम नींद से बाल क्यों झड़ सकते हैं?
डॉ. शिरीन बताती हैं, लंबे समय तक खराब नींद की समस्या शरीर में स्ट्रेस हार्मोन को बढ़ा सकती है, साथ ही इम्यूनिटी के कमजोर होने की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, इस दौरान शरीर के लिए बालों की जड़ों को स्वस्थ रखना मुश्किल हो जाता है, जिससे बाल झड़ने या इनसे जुड़ी अन्य समस्याएं हो सकती हैं।
बता दें, ऐसी स्थिति में बाल तुरंत नहीं झड़ते हैं। कई बार स्ट्रेस या शरीर में हुए बदलाव के कुछ हफ्तों या महीनों बाद ज्यादा बाल झड़त सकते हैं। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को अचानक बाल ज्यादा झड़ते दिखाई दें, तो सिर्फ पिछले कुछ दिनों की नींद को इसका कारण मानना सही नहीं है।

स्ट्रेस के कारण होती है परेशानी
नींद की कमी बालों को मुख्य रूप से स्ट्रेस और शरीर के कार्यों में बदलाव के जरिए प्रभावित कर सकती है। लगातार स्ट्रेस बालों की जड़ों को ज्यादा रेस्टिंग फेज (आराम की अवस्था) में धकेल सकता है, जिससे कई हफ्तों या महीनों बाद बाल अधिक झड़ सकते हैं।
कम नींद से होने वाली परेशानियां, जो बालों पर असर डालती हैं
डॉ. शिरीन बताती हैं, खराब नींद न सिर्फ बालों के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि भूख, पोषण, ब्लड शुगर नियंत्रण और हार्मोन संतुलन को भी प्रभावित कर सकती है, जो इनडायरेक्ट रूप से बालों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकते हैं। इसलिए, जो लोग नियमित रूप से खराब नींद लेते हैं, उनको बालों के ज्यादा झड़ने, बालों के नुकसान से धीमी रिकवरी या ड्राई और बालों के अनहेल्दी दिखने की समस्या हो सकती है।
हर व्यक्ति में इसका असर एक जैसा नहीं होता है। कुछ लोगों को बालों में ज्यादा रूखापन, कमजोर महसूस होना या बालों के टूटने जैसी समस्या नजर आ सकती है, लेकिन इन समस्याओं का कारण सिर्फ नींद की कमी नहीं माना जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: रात में नींद नहीं आती? डॉक्टर से जानें 7 आदतें, जो कर सकती हैं मदद
बालों के झड़ने के अन्य कारण
डॉ. शिरीन का कहना है, नींद की कमी शायद ही कभी बालों के अत्यधिक झड़ने का एकमात्र कारण होती है। बालों के झड़ने की समस्या जेनेटिक्स (genetics), थायरॉयड की समस्या, आयरन की कमी, हार्मोनल बदलाव, बीमारी और कुछ दवाएं जैसे फैक्ट्रर्स पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
बालों की स्थिति पर मौसम, बालों की देखभाल, केमिकल ट्रीटमेंट, खान-पान, स्ट्रेस और शरीर की दूसरी स्थितियों का भी असर हो सकता है। इसलिए बालों में बदलाव दिखाई देने पर पूरे कारण को समझना जरूरी है।
बालों को हेल्दी रखने के लिए कितनी नींद जरूरी है?
डॉ. शिरीन का कहना है, हेल्दी बालों के लिए वयस्कों को आमतौर पर हर रात लगभग 7 से 9 घंटे की अच्छी गुणवत्ता वाली नींद लेने का लक्ष्य रखना चाहिए। सिर्फ बिस्तर पर ज्यादा समय बिताना पर्याप्त नहीं है। सोने और जागने का समय नियमित रखना भी अच्छी नींद की आदतों का हिस्सा है।
अच्छी नींद के लिए कुछ बातों का रखें ध्यान
डॉ. शिरीन के अनुसार, अच्छी नींद के लिए लाइफस्टाइल से जुड़ी कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है।
- दिन में देर से कैफीन का सेवन सीमित करें।
- सोने से पहले स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें।
- नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।
- पर्याप्त प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन डी और अन्य जरूरी पोषक तत्वों वाली बैलेंस डाइट लें।
कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
डॉ. शिरीन बताती हैं, अगर नींद में सुधार के बाद भी बालों का झड़ना अचानक, ज्यादा या लगातार बना रहता है या अगर आपको गंजेपन के पैच, स्कैल्प की समस्या या बालों का पतलापन दिखाई देता है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें। ऐसा करने से बालों के झड़ने के असली कारण का पता लगाकर उसका इलाज करना, सिर्फ हेयर सप्लीमेंट्स खाने या सोने की आदत बदलने से कहीं ज्यादा जरूरी है।
निष्कर्ष
पर्याप्त और अच्छी नींद शरीर को स्वास्थ्य रखने के लिए जरूरी है और इसका संबंध बालों की सेहत से भी हो सकता है। कभी-कभार कम सोने से बाल अचानक नहीं झड़ते, लेकिन लंबे समय तक खराब नींद स्ट्रेस और शरीर की आम प्रक्रियाओं को प्रभावित कर सकती है, जिससे कुछ लोगों में बाल झड़ने की समस्या बढ़ सकती है।
ऐसे में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए पर्याप्त नींद, बैलेंस डाइट, हेल्दी लाइफस्टाइल और स्ट्रेस को मैनेज करना जरूरी है। अगर बालों का झड़ना ज्यादा या लगातार बना रहे, तो सही कारण जानने के लिए डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना फायदेमंद है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
बाल सबसे ज्यादा किसकी कमी से झड़ते हैं?
शरीर में आयरन, विटामिन डी और प्रोटीन जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण बालों के झड़ने और कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।नींद की कमी से क्या परेशानियां होती हैं?
नींद की कमी के कारण शारीरिक और मानसिक समस्याएं हो सकती हैं। पर्याप्त नींद न लेने के कारण व्यक्ति को चिड़चिड़ापन, याददाश्त के कमजोर होने, स्ट्रेस, थकान, कमजोर इम्यूनिटी, वजन बढ़ने, ब्लड शुगर और हार्ट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 31, 2026 23:01 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Shireen Furtado