अगर रात को बिस्तर पर जाने के बाद भी काफी देर तक नींद नहीं आती या बार-बार रात में आंख खुलती है और फिर सुबह उठकर थका हुआ महसूस होता है, तो इसका कारण सिर्फ स्ट्रेस या मोबाइल स्क्रीन ही नहीं होती, बल्कि इसकी वजह डाइट भी हो सकती है। रात को सोने से ठीक पहले क्या खाया-पिया है, इसे नजरअंदाज करने से रात की नींद पर असर पड़ सकता है। कुछ फूड्स ऐसे होते हैं, जो शरीर को एक्टिव रखने, पाचन को प्रभावित करने, एसिडिटी बढ़ाने या रात में बार-बार टॉयलेट जाने की वजह बन सकते हैं। ऐसे फूड्स के बारे में जानने के लिए हमने Rhitika Sharma, Senior Dietitian (Nutrition Consultant), Sarvodaya Hospital, Faridabad से बात की।
रात की नींद खराब करने वाले 7 फूड्स
Senior Dietitian Rhitika Sharma ने कहा कि रात में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन लेना बेहतर रहता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से नींद या पाचन संबंधी परेशानी रहती है। कुछ ऐसे फूड्स हैं, जिन्हें रात में लेने से बचना चाहिए।
1. चाय और कॉफी
Rhitika Sharma कहती हैं, “रात में चाय या कॉफी पीना कई लोगों की नींद बिगाड़ सकता है। इसकी वजह इनमें मौजूद कैफीन है, जो दिमाग को एक्टिव रखता है। कैफीन का असर सिर्फ कुछ मिनट या एक-दो घंटे तक नहीं रहता, बल्कि शरीर में काफी देर तक बना रह सकता है।”
Sleep Medicine Reviews के अनुसार, कैफीन लेने से रात की नींद की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है। अध्ययन में पाया गया है कि कैफीन लेने से कुल नींद के समय में 45 मिनट की कमी आई और सोने में लगने वाले समय में 9 मिनट की देरी दर्ज की गई। कई लोगों को सोने के बाद बार-बार आंख खुलने का समय 12 मिनट तक बढ़ गया। इस रिव्यू में कहा गया है कि कॉफी को सोने से कम से कम 8.8 घंटे पहते तक पीना चाहिए और कैफीन वाले प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट्स सोने से कम से कम 13.2 घंटे पहले ही लेने चाहिए।
2. चॉकलेट
Rhitika Sharma का कहना है, “रात में जब मीठा खाने का मन करता है, तो लोग अक्सर चॉकलेट खा लेते हैं और उसमें भी आमतौर पर हेल्दी सोचकर डार्क चॉकलेट खाते हैं, लेकिन डार्क चॉकलेट में कैफीन और थियोब्रोमाइन जैसे केमिकल्स पाए जाते हैं, जो कुछ लोगों को एक्टिव कर सकते हैं। इसका यह कतई मतलब नहीं है कि हर व्यक्ति को चॉकलेट खाने के बाद नींद खराब होगी, लेकिन अगर किसी को पहले से अनिद्रा या देर रात तक जागने की समस्या है, तो सोने से ठीक पहले चॉकलेट लेना सही विकल्प नहीं हो सकता।”
3. बहुत मसालेदार खाना
Senior Dietitian Rhitika Sharma कहती हैं, “रात को खाने में बहुत ज्यादा मिर्च मसाला खाने से कुछ लोगों को परेशानी हो सकती है, खासतौर पर एसिडिटी, सीने में जलन या GERD की समस्या हो सकती है। मसालेदार भोजन के बाद लेटने समय पेट में परेशानी और रिफ्लक्स के लक्षण महसूस हो सकते हैं। इस वजह से लोगों की नींद टूट सकती है।”
About Gerd के मुताबिक, रात में सीने में जलन होने वाले मरीजों ने बताया कि इसकी वजह से नींद पर असर पड़ता है। इस स्टडी में पाया गया है कि जो लोग सोने से पहले जितनी देर तक बिस्तर पर जागते हैं, खाने की नली में एसिड का एक्सपोजर उतना ही ज्यादा रह सकता है। अध्ययन में यह भी देखा गया है कि सिर्फ 50 फीसदी मामलों में ही लोगों को लक्षण महसूस होते हैं। इसका मतलब है कि बिना लक्षण महसूस किए भी एसिड रिफ्लक्स के कारण नींद टूट सकती है।
4. बहुत ज्यादा फैट वाला खाना
Rhitika Sharma ने कहा, “रात में पिज्जा, बर्गर, फ्राइड फूड या बहुत ज्यादा तेल वाला भोजन खाने के बाद पेट भारी लगना आम बात है। ऐसे भोजन को पचने में ज्यादा समय लग सकता है और कुछ लोगों को गैस, पेट फूलने या बेचैनी की शिकायत हो सकती है। इसलिए जो लोग फैट वाला भारी खाना खा लेते हैं, उन्हें ठीक से नींद न आने की समस्या हो सकती है।”
food not to eat at night
यह भी पढ़ें- 5 मिनट में नींद कैसे लाएं? रात में जल्दी सोने के लिए अपनाएं ये 7 आसान उपाय
5. शराब
Sleep Foundation के अनुसार, जो लोग रोजाना शराब पीते हैं, उनके दिमाग के न्यूरोट्रांसमीटर्स में बाधा डाल सकती है, जो नींद और जागने के चक्र को कंट्रोल करती है। इस वजह से शराब पीने के बाद रात में कई बार आंख खुलती है। शुरुआत में ब्लड में अल्कोहल का स्तार ज्यादा होने से गहरी नींद मिलें, लेकिन रात में जब ब्लड में इसका स्तर कम होने लगता है, तो बार-बार आंख खुलती है और नींद की क्वालिटी खराब हो सकती है।
6. बहुत ज्यादा पानी वाले फूड्स लेना
Rhitika Sharma कहती हैं, “रात में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है, लेकिन सोने से ठीक पहले ज्यादा मात्रा में पानी पीने या पानी वाले फूड्स लेने से लोगों को बार-बार पेशाब के लिए उठना पड़ सकता है। जैसे रात के समय तरबूज, खीरा और अजवाइन जैसे ज्यादा पानी वाले फूड्स लेने से कुछ लोगों को रात में पेशाब जरूरत से ज्यादा आ सकता है। हालांकि, पौष्टिक फूड्स जरूर लेने चाहिए, लेकिन इसके खाने का समय और मात्रा का ध्यान रखना चाहिए।”
7. टायरामिन से भरपूर फूड्स
Senior Dietitian Rhitika Sharma ने बताया कि कुछ फूड्स में जैसे चीज, सोया सॉस और टमाटर
में टायरामिन केमिकल बहुत ज्यादा पाया जाता है। कुछ लोगों को इन फूड्स से सिरदर्द जैसी समस्या हो सकती है। हालांकि, यह हर किसी की नींद को प्रभावित नहीं करती, लेकिन जो लोग इसे लेकर सेंसिटिव होते हैं, उन्हें ज्यादा परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- रात में ऐसा क्या खाएं जिससे सुबह पेट साफ हो जाए? डॉक्टर से जान लें सीक्रेट टिप्स
निष्कर्ष
Rhitika Sharma सभी को सलाह देती हैं कि सोने से कुछ घंटे पहले हल्का और संतुलित भोजन लेना चाहिए, ताकि अच्छी नींद आ सके। इसके अलावा, बहुत ज्यादा तेल, मसाले और भारी खाने से बचना चाहिए। रात में न तो बहुत ज्यादा खाना और न ही बिल्कुल खाली पेट सोना चाहिए। दोनों ही केस में लोगों को परेशानी हो सकती है। इसके अलावा, लोगों को मोबाइल स्क्रीन से भी दूरी रखनी चाहिए। अगर लगातार कई हफ्तों से रात में बार-बार नींद खुलती है या दिन में बहुत ज्यादा नींद आ रही है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा पानी या लिक्विड्स पीना सही है?
सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा पानी या तरल पदार्थ पीने से नोक्टुरिया की समस्या होती है, जिससे रात भर बार-बार पेशाब करने के लिए नींद टूटती है।रात के समय च्युइंग गम चबाने से नींद पर क्या असर पड़ता है?
च्युइंग गम चबाने से पेट को लगता है कि खाना आ रहा है, जिससे पाचक एंजाइम और एसिड अनावश्यक रूप से बनते हैं। साथ ही इसके मिंट फ्लेवर से दिमाग की सतर्कता बढ़ जाती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 26, 2026 19:12 IST
Modified By : Aneesh Rawat Aug 26, 2026 19:12 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Rhitika Sharma
