Does Applying Foundation Daily Cause Acne: रोजाना फाउंडेशन लगाने से मुंहासे हो सकते हैं। हालांकि, रोज
फाउंडेशन लगाने से हर किसी को मुंहासे नहीं होते, लेकिन गलत फाउंडेशन ब्रांड या क्वॉलिटी चुनने, ब्रश को ठीक से साफ न करने या त्वचा के रोमछिद्र बंद होने से मुंहासों की समस्या बढ़ सकती है। फाउंडेशन लगाने के बाद त्वचा पर तेल, पसीना, डेड सेल्स और मेकअप के अवशेष जमा हो सकते हैं। कुछ उत्पाद रोमछिद्रों को बंद कर सकते हैं, जिससे ब्लैकहेड्स, व्हाइटहेड्स और मुंहासे होने की आशंका बढ़ सकती है। हालांकि, मुंहासों के पीछे और भी कारण हो सकते हैं जैसे हार्मोन में बदलाव, त्वचा में अधिक तेल बनना, तनाव और आनुवंशिक कारण वगैरह। आइए जानते हैं फाउंडेशन मुंहासों की वजह कैसे बन सकता है? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
American Academy Of Dermatology Association के मुताबिक, जिन लोगों की त्वचा पर मुंहासे होते हैं, उनकी त्वचा कुछ मेकअप उत्पादों के प्रति संवेदनशील हो सकती है। फाउंडेशन और कंसीलर जैसे उत्पाद मुंहासों को बढ़ा सकते हैं या नए मुंहासे पैदा कर सकते हैं। मुंहासों का इलाज करने के लिए डॉक्टर की सलाह लेकर बेंजोइल पेरोक्साइड, सैलिसिलिक एसिड और एडापलीन युक्त क्रीम या लोशन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
फाउंडेशन के कारण रोमछिद्र बंद हो सकते हैं
त्वचा में छोटे-छोटे रोमछिद्र होते हैं, जिनसे सीबम बाहर निकलता है। जब त्वचा के डेड सेल्स और सीबम रोमछिद्रों के अंदर जमा हो जाते हैं, तो उनमें रुकावट पैदा हो सकती है। कुछ फाउंडेशन इस समस्या को बढ़ा सकते हैं।
मुंहासों से कैसे बचें?
- नॉन-कॉमेडोजेनिक फाउंडेशन चुनें। ऐसे उत्पाद लें जिन पर ‘नॉन-कॉमेडोजेनिक’ लिखा हो। ये रोमछिद्र बंद होने की आशंका कम करने के लिए बनाए जाते हैं।
- फाउंडेशन ब्रश को हमेशा साफ रखें। इसे दूसरों के साथ शेयर न करें।
- रात को मेकअप हटाकर सोएं और हल्के फेस वॉश से चेहरा साफ करें।
- मेकअप हटाते समय जोर से स्क्रब न करें वरना त्वचा में जलन हो सकती है।
- अगर फाउंडेशन के इस्तेमाल के बाद छोटे-छोटे दाने निकलने लगें, तो कुछ समय के लिए उस उत्पाद का इस्तेमाल बंद करके देखें।
यह भी पढ़ें- 30- 40 की उम्र में लोगों को क्यों होते हैं मुंहासे? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें कारण
नॉन-कोमेडोजेनिक मेकअप का चुनाव कैसे करें?
can-foundation-cause-acne
- अगर आपकी त्वचा पर बार-बार मुंहासे निकलते हैं, तो फाउंडेशन और दूसरे मेकअप उत्पादों का चुनाव सोच-समझकर करना चाहिए। नॉन-कॉमेडोजेनिक उत्पाद ऐसे बनाए जाते हैं, जिनसे त्वचा के रोमछिद्र बंद होने की आशंका कम हो।
- फाउंडेशन, कंसीलर और प्राइमर खरीदते समय ‘नॉन-कोमेडोजेनिक’ जैसे लेबल देखें। ध्यान रखें कि केवल इन शब्दों से मुंहासे न होने की गारंटी नहीं मिलती।
- ऑयली और मुंहासों वाली त्वचा के लिए हल्के फॉर्मूले वाले उत्पाद लें। रूखी त्वचा के लिए ऑयल बेस्ड फाउंडेशन बेहतर विकल्प हो सकता है।
- खुशबू रहित उत्पादों को प्राथमिकता दें।
- नया फाउंडेशन लगाते समय पैच टेस्ट करना न भूलें।
- एक साथ कई सारे मेकअप प्रोडक्ट्स अप्लाई न करें। चेहरे पर फाउंडेशन की मात्रा को कम रखें।
मेकअप हटाने की सही तकनीक क्या है?
- अपनी त्वचा के अनुसार मेकअप रिमूवर, कच्चे दूध या पानी से फाउंडेशन हटाएं।
- आंखों के आस-पास की त्वचा को जोर से न रगड़ें।
- गुनगुने पानी और सौम्य फेस वॉश से चेहरा साफ करें।
- त्वचा को साफ करने के लिए स्क्रब या कठोर साबुन का इस्तेमाल न करें।
- चेहरा साफ करने के बाद त्वचा के अनुसार मॉइश्चराइजर लगाएं।
यह भी पढ़ें- 25 से 40 की उम्र में भी हो रहे हैं पिंपल्स? जानें एडल्ट एक्ने की असली वजह
डर्मेटोलॉजिस्ट की सलाह: कब मेकअप से दूरी बनाना है जरूरी?
- अगर गालों, माथे या ठुड्डी पर लगातार छोटे-छोटे दाने निकलने लगें, तो उत्पाद का इस्तेमाल बंद कर दें।
- त्वचा में जलन या एलर्जी होने पर उत्पाद तुरंत त्वचा से हटाएं और दोबारा इस्तेमाल न करें।
- त्वचा पर घाव या तेज सूजन हो, तो मेकअप लगाने से बचें।
- गहरे, दर्दनाक दाने, पस वाले मुंहासे या निशान पड़ने की स्थिति में डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष:
रोजाना फाउंडेशन लगाने से मुंहासे हो सकते हैं। हालांकि, हर किसी के साथ ऐसा नहीं होता। गलत फाउंडेशन ब्रांड या क्वॉलिटी चुनने, ब्रश साफ न करने के कारण एक्ने हो सकते हैं। फाउंडेशन एक कॉस्मेटिक उत्पाद है इसलिए इसका इस्तेमाल कम से कम करना चाहिए। मुंहासों से बचने के लिए फाउंडेशन या अन्य मेकअप उत्पाद खरीदते समय उन पर नॉन-कोमेडोजेनिक का लेबल चेक करें। खुशबू वाला फाउंडेशन इस्तेमाल न करें और पैच टेस्ट करना न भूलें। रात को मेकअप हटाकर सोएं और दाने निकलने पर उत्पाद का इस्तेमाल रोक दें। अगर गालों, माथे या ठुड्डी पर लगातार छोटे-छोटे दाने निकलने लगें, तो उत्पाद का इस्तेमाल बंद कर दें।
image credit: magnific
FAQ
क्या टूथपेस्ट लगाने से मुंहासे ठीक हो जाते हैं?
नहीं, मुंहासों पर टूथपेस्ट लगाना सही इलाज नहीं है। इसमें मौजूद कुछ तत्व त्वचा में जलन, रेडनेस और ड्राईनेस का कारण बन सकते हैं।एक्ने कॉस्मेटिका क्या है?
जब मेकअप या दूसरे कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से त्वचा पर मुंहासे होने लगते हैं, तो इस स्थिति को एक्ने कॉस्मेटिका कहते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 15, 2026 19:17 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
