बच्चे के मुंह में क्यों हो रहे हैं छाले? डॉक्टर से जानें कारण और इलाज का सही तरीका

बच्चों के मुंह में छाले हो जाएं, तो मुंह में जलन और दर्द के कारण उनके लिए खाना-पीना भी मुश्किल हो सकता है। कई बार तो बच्चा पानी पीने से भी बचने लगता है। इसमें सबसे चिंता की बात छोटे बच्चों के लिए होती है, क्योंकि वे अपनी मुंह के छालों की समस्या को ठीक से बता भी नहीं पाते। बच्चों के मुंह के अंदर छोटे सफेद या भूरे रंग के छाले होते हैं, जिनके चारों ओर लाल रंग का बॉर्डर होता है। आमतौर पर बच्चों के होंठों के अंदरूनी हिस्से, गालों के अंदर या जीभ पर दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में बच्चों के मुंह में छालों के कारण और इलाज जानने के लिए हमने Dr. Yatish Singh, Consultant, Paediatrician and Neonatologist, Cloudnine Group of Hospitals, Ghaziabad से बात की। उन्होंने बताया कि बच्चों के मुंह में छालों का कारण विटामिन की कमी, इम्यूनिटी कमजोर होना या स्ट्रेस भी हो सकता है।
बच्चों के मुंह में छाले होने के कारण
Italian Journal of Pediatrics में प्रकाशित जर्नल के मुताबिक, बच्चों के मुंह के छालों के सटीक कारणों को जानना बहुत मुश्किल है। हालांकि, इसका कारण बच्चों में इंफेक्शन होना, पेट से जुड़ी समस्याएं, म्यूकस झिल्ली की सूजन या दवाओं का असर हो सकता है। आमतौर पर बच्चों के मुंह में छालों का कारण जानने के लिए उनका चेकअप करना बहुत जरूरी है।
Dr. Yatish Singh कहते हैं, “मेरे पास बच्चों के मुंह में छाले होने के कई मामले आते हैं। सभी बच्चों में इसके कारण अलग-अलग होते हैं। आमतौर पर मुंह के छाले होने के ये कारण ज्यादा होते हैं।”
1. कमजोर इम्यूनिटी
अगर बच्चे को कोई बीमारी होती है, तो उसकी इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है। ऐसे में कुछ मामलों में बच्चों के मुंह में छाले हो सकते हैं। ऐसे में अगर बच्चे को बीमारी हो, तो उसकी डाइट का खास ध्यान रखें, ताकि उसकी इम्यून सिस्टम मजबूत रहे।
2. नींद की कमी और थकान
बच्चे की नींद पूरी न हो या लगातार फिजिकल एक्टिविटी कर रहा है, तो भी नींद की कमी और थकान मुंह में छाले होने का कारण बन सकते हैं। इसलिए पेरेंट्स को खासतौर पर छोटे बच्चे की नींद पर ध्यान देना चाहिए। अगर बच्चा बहुत ज्यादा थक गया है, तो उसे आराम करने को कहें।
3. मेंटल स्ट्रेस
जो बच्चे स्कूल जाने लगते हैं, उनमें स्कूल का होमवर्क पूरा करना, टेस्ट या एक्टिविटीज के कारण भी मुंह में छाले हो सकते हैं। अगर पेरेंट्स को लगता है कि बच्चा पढ़ाई या एग्जाम के दौरान मुंह के छालों की शिकायत करता है, तो इसका मतलब है कि स्ट्रेस के कारण बच्चे को छाले हो रहे हैं। ऐसी कंडीशन में बच्चे को शांत करने की कोशिश करनी चाहिए।
Causes of Mouth Ulcers in Kids
यह भी पढ़ें- बच्चा छोटी-छोटी बातों पर दूसरे बच्चों को क्यों मारता या काटता है? एक्सपर्ट से समझें 5 वजहें हो सकती हैं जिम्मेदार
4. किसी खाने से एलर्जी
कुछ बच्चों को फूड्स जैसे चॉकलेट, चीज, मेवे और खट्टे फलों से एलर्जी हो सकती है। इस वजह से भी बच्चों को मुंह में छाले हो सकते हैं। अगर बच्चे को किसी फूड को खाने से बार-बार छाले हो रहे हो, तो उस फूड से परहेज करना चाहिए।
5. विटामिन की कमी
अगर बच्चे में विटामिन B 12 और फोलेट की कमी होती है, तो इससे बच्चों के मुंह के अंदर की परत और जीभ पर बार -बार छाले हो सकते हैं। कुछ बच्चों में आयरन और विटामिन C की कमी से मुंह में छाले हो सकते हैं। इसलिए बच्चों की डाइट पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
बच्चे के मुंह में छाले होने पर इलाज कैसे करें?
Dr. Yatish Singh का कहना है, “बच्चों में मुंह के छालों का इलाज उनकी उम्र, लक्षणों और समस्या की वजह पर निर्भर करता है। हर बच्चे को एक जैसी दवा या इलाज की जरूरत नहीं होती। हालांकि, घर पर कुछ बातों का ध्यान रखकर बच्चे को आराम पहुंचाया जा सकता है।”
1. बच्चे को प्रचुर मात्रा में दें
मुंह में छाले होने पर बच्चा पानी पीने से मना कर सकता है। इससे उसमें डिहाइड्रेशन हो सकता है। इस दौरान शरीर में पानी की कमी न होने देना जरूरी है। इसलिए बच्चे को थोड़ी-थोड़ी देर में पानी और दूसरे तरल पदार्थ देते रहना चाहिए।
2. खाने में दें नरम और हल्की चीजें
छालों के कारण बच्चों को चबाते समय दर्द या जलन हो सकती है। ऐसी स्थिति में बच्चे को दही, ठंडा दूध, खिचड़ी और दलिया जैसी नरम चीजें दी जा सकती हैं। इससे खाना निगलने में आसानी हो सकती है। बच्चे अक्सर ये चीजें खाने में आनाकानी करते हैं और मसालेदार, खट्टा और ज्यादा नमकीन खाने को कहते हैं, लेकिन बहुत गर्म, मसालेदार, खट्टे और ज्यादा नमकीन फूड्स नहीं देना चाहिए। इससे छालों में जलन और दर्द हो सकता है।
3. दांत साफ करते समय मुलायम ब्रश लेना
कुछ बच्चे मुंह में छाले होने पर ब्रश करना बंद कर देते हैं, लेकिन दांतों की सफाई बंद न करें। इससे बच्चों के दांतों में सड़न हो सकती है। इसलिए बच्चे को मुलायम ब्रिसल वाले टूथब्रश से धीरे-धीरे दांत साफ कराएं।
4. बड़े बच्चों को नमक के पानी से कुल्ला करा सकते हैं
अगर बच्चा अच्छी तरह से कुल्ला करके पानी बाहर थूक देता है, तो हल्के गुनगुने नमक वाले पानी से कुल्ला कराया जा सकता है। बस इस बात का ध्यान रखें कि बच्चा उस पानी को न निगले। छोटे बच्चों को कुल्ला कराने की कोशिश न करें, क्योंकि वे पानी निगल सकते हैं।
5. लक्षणों पर ध्यान दें
अगर छालों की वजह से बच्चे को काफी ज्यादा दर्द हो रहा है, तो डॉक्टर को दिखाना चाहिए। डॉक्टर बच्चे की उम्र और वजन के हिसाब से दर्द कम करने की दवा लेने की सलाह दे सकते हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के बच्चों के छाले पर कोई जेल, एंटीबायोटिक या किसी भी तरह का घरेलू नुस्खा नहीं अपनाना चाहिए। कई पेरेंट्स बच्चों के मुंह में छाले होने पर शहद या कोई दूसरी चीजों का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- Vegetarian Diet से क्यों नहीं मिल पाता विटामिन B 12? जानें न्यूट्रिशनिस्ट से
निष्कर्ष
आमतौर पर छालों में कुछ समय बाद आराम मिलने लगता है, लेकिन कुछ स्थिति में बच्चों को बुखार, पेशाब कम होना या सुस्त दिखाई दे सकता है। ऐसे में बच्चों को डॉक्टर को दिखाना चाहिए। अगर बच्चे को छाले हों, तो शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। बच्चों को मसालेदार, खट्टी और बाहर की चीजों से परहेज करना चाहिए। इसके साथ मुंह की साफ-सफाई भी रखनी चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या बच्चे के ब्रश या दूध की बोतल की साफ-सफाई में कमी भी छालों का कारण बनती है?
छोटे शिशुओं की दूध की बोतल, निप्पल या टीदर को ठीक से स्टेरलाइज न करने पर उन पर बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं। इस वजह से मुंह में संक्रमण और छाले हो सकते हैं।दांतों में ब्रेसेस लगवाने या नए दांत निकलने के दौरान छाले होना सामान्य है?
जब बच्चों के नए दांत मसूड़ों आते हैं या दांतों में ब्रेसेस लगाए जाते हैं, तो तेज किनारों के गालों के अंदर रगड़ने लगते हैं। इससे मुंह में छाले हो सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 18, 2026 18:55 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr. Yatish Singh