मुंह में छाले होना एक आम समस्या है, जो किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है। छाले होने पर खाने-पीने, बात करने और कई बार पानी पीने में भी दर्द और असुविधा महसूस हो सकती है। मुंह में छाले होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें पेट से जुड़ी समस्या, विटामिन की कमी, तनाव, मसालेदार भोजन करना या गलती से मुंह के अंदर दांत से कट लगना शामिल हैं। आमतौर पर मुंह में छाले होने की समस्या से राहत पाने के लिए लोग घरेलू नुस्खों पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में आइए आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर, स्त्री रोग विशेषज्ञ और आयुर्वेदिक डॉ. चंचल शर्मा (Ayurvedic Dr. Chanchal Sharma, Director and Gynecologist, Asha Ayurveda) से जानते हैं कि मुंह के छालों से राहत दिलाने में किचन की किन चीजों का इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है?
मुंह के छाले से राहत के लिए इस्तेमाल करें किचन की ये 4 चीजें
आयुर्वेदिक डॉ. चंचल शर्मा के अनुसार, हल्के छालों से राहत पाने के लिए आपकी किचन में मौजूद ये चीजें फायदेमंद हो सकती हैं, आइए जानते हैं कैसे?
1. तुलसी की पत्तियां
तुलसी एक पवित्र और औषधीय पौधा माना जाता है। इसमें कई तरह के नेचुरल गुण होते हैं, जो मुंह की सफाई करने और जलन को कम करने में फायदेमंद माने जाते हैं। साल 2024 में Tanta Dental Journal में प्रकाशित क्लीनिकल स्टडी के अनुसार, मुंह के छालों के इलाज में तुलसी की पत्तियां काफी फायदेमंद मानी जाती हैं। इसके इस्तेमाल से दर्द में कमी, घाव को जल्दी भरने, छालों में कमी, सूजन कम करने और जलन को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। तुलसी की पत्तियों में मौजूद एंटी बैक्टीरियल और एंटी स्ट्रेस गुण मुंह के स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करते हैं।
इसे भी पढ़ें: सुबह खाली पेट भूमि आंवला का पानी पीने के क्या फायदे हैं? डॉक्टर से जानें
छाले से राहत के लिए तुलसी का सेवन कैसे करें?
मुंह में छाले की समस्या से राहत पाने के लिए 4 से 5 साफ और ताजी तुलसी की पत्तियां धीरे-धीरे चबाकर खाएं। इसके बाद थोड़ी मात्रा में पानी पी लें। आप दिन में एक या दो बार ऐसा कर सकते हैं। तुलसी का सेवन आपके मुंह को ताजगी देने के साथ-साथ छालों के कारण होने वाली असुविधा को कम करने में मदद कर सकता है।
2. नमक के पानी से कुल्ला
मुंह के छालों के लिए नमक के गुनगुने पानी से कुल्ला करना सबसे आसान और असरदार घरेलू उपाय माना जाता है। नमक मुंह को साफ करने और छालों के आसपास जमी गंदगी को हटाने में फायदेमंद होता है। साल 2016 में PLOS ONE में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, नमक का घोल 'ह्यूमन जिंजिवल फाइब्रोब्लास्ट' (human gingival fibroblast) नाम के सेल्स की गतिशीलता को बढ़ाते हैं, जो मुंह के छालों और मसूड़ों के घावों को जल्दी भरने में अहम भूमिका निभाती हैं।
छाले में नमक का पानी कैसे इस्तेमाल करें?
मुंह के छाले से राहत पाने के लिए नमक का पानी इस्तेमाल करना फायदेमंद होता है। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाएं। इस पानी से 30 सेकेंड तक कुल्ला करें और फिर पानी थूक दें। दिन में 2 से 3 बार इस प्रक्रिया को दोहराने से छालों के कारण होने वाले दर्द और जलन की समस्या से राहत मिल सकती है। इस बात का ध्यान रखना कि आप इस पानी को निगलें नहीं, बल्कि थूक दें।
-1783506421609.jpg)
3. नारियल का तेल
नारियल का तेल कई समस्याओं में घरेलू उपाय के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसका नियमित उपयोग करने से मुंह की नमी को बनाए रखने और छालों के कारण होने वाली जलन को कम करने में मदद मिल सकती है। साल 2025 में Journal of Maxillofacial And Oral Surgery में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, नारियल तेल से ऑयल पुलिंग करना मुंह के छालों के लिए फायदेमंद हो सकता है। नारियल का तेल सूजन कम करने और दर्द से राहत दिलाने में प्रभावी माना जाता है।
मुंह के छाले में नारियल तेल का इस्तेमाल कैसे करें?
मुंह के छाले से राहत पाने के लिए आप रुई या साफ उंगली की मदद से छाले पर थोड़ा सा वर्जिन नारियल तेल लगा सकते हैं। इसे थोड़ी देर तक लगा रहने दें। आप दिनभर में 2 से 3 बार ऐसा कर सकते हैं। अगर आप ऑयल पुलिंग करते हैं तो सिर्फ साफ नारियल तेल का ही इस्तेमाल करें और तेल को निगलें नहीं।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी से राहत पाने और पेट साफ रखने के लिए हरीतकी का पानी कैसे है फायदेमंद? जानें डॉक्टर से
4. शहद
शहद अपने नेचुरल गुणों के लिए जाना जाता है, जो घाव को जल्दी भरने में मददगार हो सकता है। यह छालों के कारण होने वाली जलन को कम करने और मुंह को आराम देने में मदद कर सकता है। साल 2012 में Dental Journal में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, मुंह के छालों के लिए शहद एक बहुत ही प्रभावी और सुरक्षित ट्रीटमेंट होता है। छाले वाले मुंह में शहद का सही तरह से इस्तेमाल करने से तेजी से छाले को ठीक करने और हानिकारक बैक्टीरिया को कम करने में मदद मिल सकती है।
मुंह के छालों में शहद का इस्तेमाल कैसे करें?
मुंह के छालों से राहत पाने के लिए शहद का इस्तेमाल करने के लिए साफ उंगली या कॉटन बड की मदद से छाले पर थोड़ा सा शुद्ध शहद लगाएं। इसके बाद 15 से 20 मिनट तक रहने दें। दिन में 2 से 3 बार इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
डॉक्टर से कब मिलें?
आयुर्वेदिक डॉ. चंचल शर्मा का कहना है कि अगर मुंह के छाले दो हफ्तों से ज्यादा समय तक ठीक न हों, बार-बार निकलते हों, बहुत बड़े या बहुत दर्द हों या उनके साथ बुखार, निगलने में समस्या और वजन कम होने जैसी समस्याएं हों तो तुरंत डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह लेना जरूरी है। यह किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है।
निष्कर्ष
तुलसी, नमक का पानी, नारियल का तेल और शहद जैसी रसोई में मौजूद इन चीजों का इस्तेमाल मुंह के छालों से राहत दिलाने में काफी फायदेमंद माने जाते हैं। हालांकि, ये घरेलू उपाय हैं और हर व्यक्ति पर इनका असर अलग-अलग हो सकता है। अगर छाले बार-बार या लंबे समय तक बने रहें तो सिर्फ घरेलू उपायों पर निर्भर न रहें, बल्कि डॉक्टर से सलाह लेना भी जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
मुंह में छाले आने का मुख्य कारण क्या है?
मुंह में छाले होने के पीछे कई कारण शामिल हैं, जिनमें गलती से गाल या जीभ कटना, पोषक तत्वों की कमी, पेट की खराबी, तनाव, नींद की कमी या हार्मोनल बदलाव शामिल हैं।मुंह में छाले किसकी कमी से होते हैं?
मुंह में छाले विटामिन बी, आयरन और जिंक जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण हो सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 08, 2026 15:59 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jul 08, 2026 15:59 IST
Modified By : Katyayani TiwariJul 08, 2026 15:59 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Chanchal Sharma