स्कूल में या फिर घर पर खेलते समय कुछ बच्चे अचानक बहुत तेज गुस्से में आ जाते हैं और इस कोशिश में वह अपने दोस्तों से खिलौने छीनने लगते हैं या फिर मारने लगते हैं। कई बार बच्चा दूसरे बच्चों को काटने भी लग जाता है। ऐसे में पेरेंट्स इसे बच्चों की शरारत समझकर डांट देते हैं या फिर बार-बार ऐसा करने पर बच्चे को पीट देते हैं। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि छोटे बच्चों में मारना, काटना या हाथ-पैर चलाना हमेशा जानबूझकर दूसरों को परेशान करने की कोशिश नहीं होती। कई बार बच्चा अपनी भावनाओं को समझ नहीं पाता और उन्हें जाहिर करने के लिए ऐसा व्यवहार करता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी लेने के लिए हमने Dr. Abhinit Kumar, Senior Consultant - (Psychiatry), Shardacare Hospital, Greater Noida से बात की। उन्होंने बताया कि इसका कारण बच्चों में गुस्सा, चिड़चिड़ापन या अपनी बात न कह पाना हो सकता है।
बच्चों को मारने या काटने के 5 कारण
Infant Behaviour & Development में प्रकाशित जर्नल के मुताबिक, छोटे बच्चों का व्यवहार चेक करने के लिए स्टडी की गई। इसमें दो साल तक के 874 शिशुओं को लिया गया। इस रिसर्च में पाया गया कि बच्चे सबसे ज्यादा दूसरे बच्चों के बाल खींचते हैं और थप्पड़ मारते हैं। कुछ दुर्लभ मामलों में बच्चा जानवरों को नुकसान पहुंचा सकता है। बच्चा बार-बार या रोजाना ऐसा करता है, तो यह गंभीर स्थिति है। ऐसे में पेरेंट्स को बच्चों के व्यवहार पर नजर रखनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर एक्सपर्ट से सलाह लेनी चाहिए।
Dr. Abhinit Kumar मानते हैं कि बच्चे के मारने या काटने के व्यवहार को जानने के लिए उसके कारणों को समझना बहुत जरूरी है।
1. बच्चे का अपनी बात ठीक से न कह पाना
छोटे बच्चे, खासतौर पर प्रीस्कूल जाने वाले बच्चे, कई बार अपनी भावनाओं को शब्दों में व्यक्त नहीं कर पाते। उन्हें गुस्सा आ रहा हो, कोई खिलौना चाहिए हो या वे किसी दूसरे बच्चे से थोड़ी दूरी चाहते हों, तो वे यह बात बोलकर नहीं समझा पाते। ऐसे में अपनी बात कहने के बजाय मारने, काटने या धक्का देने लगते हैं। उदाहरण के तौर पर अगर बच्चे को खिलौना चाहिए, तो दूसरे बच्चे से मांगने के बजाय खिलौना लेने के लिए वह उस बच्चे को मार सकता है। अगर बच्चा रोजाना या हर चीज के लिए ऐसा करता है, तो एक बार एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर होता है।
2. गुस्से और भावनाओं पर कंट्रोल न करना
बच्चों के लिए गुस्सा, निराशा, डर या चिड़चिड़ेपन जैसी भावनाओं को संभालना आसान नहीं होता। कई बार भूख, थकान या किसी बात से परेशान होने पर उनका गुस्सा अचानक बढ़ जाता है। बड़ों की तरह बच्चे भी हर स्थिति में शांत रहकर प्रतिक्रिया नहीं दे पाते। खासतौर पर छोटी उम्र में खुद को रोकने पर कोई कंट्रोल नहीं होता। ऐसे में बच्चा गुस्सा आने पर मार सकता है, काट सकता है या चीजें फेंक सकता है। पेरेंट्स को उसे यह समझाने की जरूरत होती है कि गुस्सा आना गलत नहीं है, लेकिन गुस्से में किसी को चोट पहुंचाना ठीक नहीं है।
Causes of Hitting And Biting in Toddlers
यह भी पढ़ें- शिशु का रोना बंद नहीं हो रहा? इसे केवल जिद न समझें, डॉक्टर से जानें 5 बड़े कारण
3. अपनी जिद पूरी करने के लिए मारना
कई बार बच्चा किसी खिलौने को पाने, अपनी बारी लेने या पेरेंट्स का ध्यान खींचने के लिए मारने लगता है। अगर हर बार मारने के बाद उसे मनचाही चीज मिल जाती है, तो वह इस व्यवहार को दोहराने लग सकता है। कुछ बच्चों में देखा गया है कि अगर वह धक्का देकर या मारकर खिलौना वापस ले लेता है और उसे कोई रोकता नहीं है, तो वह सीख जाता है कि मारने या धक्का देने से बात जल्दी मान ली जाती है।
4. घर या टीवी पर देखे व्यवहार की नकल करना
बच्चे अपने आस-पास होने वाली चीजों को देखकर सीखते हैं। अगर वे घर में बार-बार चिल्लाना, मारना या गुस्से में बात करते हुए देखता है, तो वैसा ही व्यवहार करने लग सकता है। इसी तरह, टीवी, मोबाइल या वीडियो में मारपीट या गुस्सा करना देखते हैं, तो कुछ बच्चे उसकी नकल कर सकते हैं। इसलिए पेरेंट्स को अपने व्यवहार पर भी ध्यान देना चाहिए। बच्चे के सामने गुस्से को संभालने और शांत तरीके से अपनी बात रखने की कोशिश करें।
5. इमोशनल या न्यूरोडेवलपमेंटल परेशानी होना
अगर बच्चा बार-बार बहुत ज्यादा गुस्सा कर रहा है, तो उसके कुछ भावनात्मक या न्यूरो डेवलपमेंटल कारण भी हो सकते हैं। ADHD, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (ASD), चिंता या सेंसरी प्रोसेसिंग से जुड़ी चुनौतियों के कारण कुछ बच्चों को अपनी भावनाओं और प्रतिक्रियाओं को संभालने में परेशानी हो सकती है। अगर बच्चा लगातार दूसरे बच्चों को चोट पहुंचा रहा है, उसका व्यवहार बहुत ज्यादा बढ़ रहा है या घर और स्कूल में परेशानी पैदा कर रहा है, तो एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर रहता है।
बच्चा गुस्से में मारने लगे तो पेरेंट्स क्या करें?
Dr. Abhinit Kumar कहते हैं कि बच्चे को गुस्सा संभालना सिखाने के लिए पेरेंट्स का व्यवहार काफी अहम होता है। कुछ बातों का ध्यान रखकर आप बच्चे को धीरे-धीरे अपनी भावनाएं बेहतर तरीके से व्यक्त करना सिखा सकते हैं।
- जब बच्चा गुस्से में मारने या काटने लगे, तो उस समय उस पर चिल्लाने से बचें।
- अगर बच्चा मारकर खिलौना या कोई दूसरी चीज मांगता है, तो केवल उसका गुस्सा शांत करने के लिए उसकी मांग पूरी न करें। उसे समझाएं कि अपनी बात कहने का सही तरीका क्या है।
- जब बच्चा बिना मारे अपनी बात कहता है, दूसरे बच्चे के साथ खिलौना शेयर करता है, तो उसकी तारीफ करें।
- जब बच्चा शांत हो, तब उससे बात करें कि उसे गुस्सा क्यों आया था?
- अगर बच्चा अच्छा व्यवहार करता है, तो उसे इनाम दें।
- अगर बच्चा अक्सर होमवर्क करते समय, सोने के समय या खेल बंद करने पर गुस्सा करता है, तो इन स्थितियों पर ध्यान दें।
यह भी पढ़ें- बच्चे दिनभर मोबाइल-टीवी देखते हैं? पढ़ाई और भाषा में दिख रहा है बदलाव, नई स्टडी का दावा
निष्कर्ष
बच्चे का मारना, काटना या धक्का देना केवल शरारत नहीं हो सकता। इसके अपनी बात न कह पाना, गुस्से पर कंट्रोल की कमी, अपनी मांग मनवाने की आदत या आस-पास के व्यवहार की नकल जैसी वजहें हो सकती हैं। पेरेंट्स के लिए जरूरी है कि बच्चे को शांत तरीके से सही और गलत व्यवहार का अंतर समझाएं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या घर में नए भाई-बहन के आने पर भी बड़ा बच्चा अचानक मारने या काटने लगता है?
जब घर में नया शिशु आता है, तो बड़े बच्चे को असुरक्षा और जलन महसूस होती है कि माता-पिता का सारा प्यार और समय बंट गया है। वह सीधे शिशु या माता-पिता पर अपना गुस्सा और असुरक्षा मारकर या काटकर निकालता है।क्या बच्चा कभी-कभी अत्यधिक खुशी या प्यार जताने में भी दूसरे बच्चे को काट लेता है?
इसे क्यूट एग्रेशन या ओवर-एक्साइटमेंट कहते हैं! कई बार जब छोटा बच्चा बहुत ज्यादा उत्साहित होता है या किसी दोस्त को गले लगाता है, तो वह अपनी भावनाओं को संभाल नहीं पाता और जोश-जोश में कंधे या गाल पर काट लेता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 17, 2026 13:46 IST
Published By : Aneesh Rawat
Reviewed By : Dr. Abhinit Kumar
