Tue Nov 17, 2026 | 03:55 PM IST

Medically Reviewed by Dr Gopal Agrawal , Clinical Director – Paediatrics & Neonatology

बच्चा हर समय थका-थका और सुस्‍त रहता है? डॉक्‍टर से जानें बार-बार थकान की वजह

क्‍या आपका बच्‍चा भी हर वक्‍त थकान महसूस करता है और सुस्‍त होता जा रहा है? अगर हां, तो इसे सामान्‍य थकान समझने की भूल न करें बल्‍क‍ि कारण का पता लगाएं। बच्‍चों में थायराइड, डायब‍िटीज, हार्ट की बीमार‍ियों के पीछे भी थकान जैसे संकेत हो सकते हैं।
बच्चा हर समय थका-थका और सुस्‍त रहता है? डॉक्‍टर से जानें बार-बार थकान की वजहबच्चा हर समय थका-थका और सुस्‍त रहता है? डॉक्‍टर से जानें बार-बार थकान की वजह

अगर बच्‍चे को हर समय थकान और सुस्‍ती महसूस होती है, तो इसके पीछे कई प्रमुख कारण हो सकते हैं जैसे पोषक तत्‍वों की कमी, थायराइड, डायब‍िटीज, हार्ट से संबंध‍ित समस्‍याएं और मानस‍िक तनाव या ड‍िप्रेशन। इसके अलावा भी कई कारण हैं जो बच्‍चे की थकान के रूप में नजर आ सकते हैं जैसे- अस्थमा, ब्‍लड शुगर कम होना, व‍िटाम‍िन बी12 की कमी, ड‍िहाइड्रेशन, अन‍िद्रा या नींद से जुड़ी समस्‍याएं। बच्‍चे को जब पर्याप्‍त कैलोरी नहीं म‍िल पाती है, उसे क‍िडनी या ल‍िवर की बीमारी होती है या कभी-कभी दवाओं के साइड इफेक्‍ट्स के कारण भी थकान हो सकती है। आइए जानते हैं बच्‍चों में थकान की समस्‍या को कैसे दूर करें? बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Dr. Gopal Agarwal, Director- Department Of Pediatrics And Neonatology At Cloudnine Group Of Hospitals, Gurgaon से बात की।

Harvard Medical School के मुताब‍िक, बच्‍चों में थकान के पीछे स्लीप एपनिया, एनीमिया जैसी समस्‍याएं हो सकती हैं। जरूरत होने पर डॉक्‍टर ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट और जरूरत पड़ने पर एक्स-रे या एमआरआई जैसे इमेजिंग टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं। हालांक‍ि, कई बार थकान द‍िनभर की गत‍िव‍िध‍ि से हो सकती है। दिनभर एक्टिव रहने के लिए बच्चों को आमतौर पर हर रात कम से कम 10 घंटे की नींद की जरूरत होती है।

बच्‍चों में थकान के इन लक्षणों पर गौर करें

ज्‍यादा खेलकूद या वयस्‍त द‍िनचर्या के कारण कभी-कभी बच्‍चे को थकान होना सामान्‍य है, लेक‍िन अगर बच्‍चा सुस्‍त हो गया है और उसे आए द‍िन थकान होती है, तो च‍िंता की बात हो सकती है। इन लक्षणों पर गौर करें-

  • दिनभर थकान और सुस्‍ती महसूस करना।
  • खेलकूद के ल‍िए समय न न‍िकालना।
  • पढ़ाई या अन्‍य कामों में मन न लगना।
  • पूरी रात सोने के बाद भी सुबह थका हुआ उठना।
  • किसी काम पर ध्यान लगाने में परेशानी होना।
  • स्वभाव में चिड़चिड़ापन या मूड में बदलाव आना।
  • बार-बार थकान या कमजोरी महसूस होने की शिकायत करना।

यह भी पढ़ें- बच्चा बार-बार पड़ रहा है बीमार? रोज की ये 5 आदतें हो सकती हैं वजह

बच्‍चे को बार-बार थकान और सुस्‍ती होने के प्रमुण कारण

kid-feeling-tiredkid-feeling-tired

1. पोषक तत्‍वों की कमी

अगर शरीर में आयरन और व‍िटाम‍िन D जैसे पोषक तत्‍वों की कमी है, तो थकान महसूस हो सकती है। शरीर में आयरन की कमी होने से ब्‍लड के ऑक्‍सीजन पहुंचाने की क्षमता प्रभाव‍ित हो सकती है ज‍िससे थकान महसूस होती है। इसके अलावा, व‍िटाम‍िन D की कमी से मांसपेश‍ियां भी कमजोर हो सकती हैं ज‍िससे थकान हो सकती है।

2. थायराइड और सूजन

अगर बच्‍चे को हर समय थकान महसूस होती है, तो इसके पीछे थायराइड भी हो सकता है। थायराइड हार्मोन में बदलाव से शरीर में सूजन और थकान जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। शरीर में लंबे समय तक सूजन बने रहने से शरीर में एनर्जी की कमी हो सकती है।

3. डायब‍िटीज

बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज होने पर शरीर में इंसुलिन की कमी हो जाती है। इससे थकान के साथ बार-बार पेशाब आना, बहुत प्यास लगना और वजन कम होना जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं।

4. हार्ट से जुड़ी समस्याएं

जन्मजात हृदय रोग या दिल की पंप करने की क्षमता प्रभावित होने पर शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन वाला ब्‍लड नहीं मिल पाता है। ऐसे में बच्चे को जल्दी थकान, सांस फूलने जैसी समस्‍याएं हो सकती हैं। बच्‍चा चलते-चलते जल्‍दी हांफने लगे या उसे ज्‍यादा थकान महसूस हो, तो डॉक्‍टर से संपर्क करें।

5. मानसिक तनाव और डिप्रेशन

स्कूल का दबाव, परिवार में तनाव या दूसरी परेशानियां बच्चे की मानसिक सेहत को प्रभावित कर सकती हैं। इसके कारण उसे थकान, नींद में बदलाव, चिड़चिड़ापन और खेलकूद में रुचि कम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

बच्‍चे को बार-बार थकान होने पर क्‍या करें?

  • बच्चे को उसकी उम्र के अनुसार पर्याप्त नींद लेने दें।
  • बच्चे की डाइट में दाल, दूध, अंडे, पनीर, हरी सब्जियां, फल और साबुत अनाज शामिल करें। इससे शरीर को एनर्जी और जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं।
  • बच्चे को दिनभर थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीने के लिए दें।
  • बच्चे को समय पर नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना दें। जरूरत के अनुसार बीच में फल, दही या दूसरे पौष्टिक स्नैक्स भी दे सकते हैं।
  • स्क्रीन टाइम कम करें। मोबाइल, टीवी और लैपटॉप का ज्यादा इस्तेमाल बच्चे की नींद को प्रभावित कर सकता है।
  • बच्चे को उसकी क्षमता के अनुसार रोजाना शारीरिक गतिविधियों में शामिल करें। बाहर खेलना, साइकिल चलाना और टहलना उसकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है।
  • बच्चे को थकान होने पर खुद से आयरन, कैल्शियम या विटामिन की गोलियां न दें। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से ही सप्लीमेंट दें।

डॉक्‍टर से संपर्क कब करें?

  • अच्‍छी नींद और खानपान के बाद भी बच्‍चा सुस्‍त नजर आए, तो डॉक्‍टर से सलाह लें।
  • बच्‍चे के व्‍यवहार में बदलाव द‍िखे, तो भी डॉक्‍टर से संपर्क करें।
  • अगर बच्चे को थकान के साथ सांस लेने में परेशानी,
  • बेहोशी,
  • सीने में दर्द,
  • बहुत ज्यादा सुस्ती,
  • तेज प्यास और बार-बार पेशाब आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्‍टर से संपर्क करें।

न‍िष्‍कर्ष:

बच्‍चों में थकान होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे- पोषक तत्‍वों की कमी जैसे व‍िटाम‍िन D और आयरन की कमी, थायराइड और सूजन की समस्‍या, टाइप 1 डायब‍िटीज, हार्ट से संबंध‍ित समस्‍याएं जैसे जन्मजात हृदय रोग या दिल की पंप करने की क्षमता कम होना और मानस‍िक तनाव या ड‍िप्रेशन वगैरह। अगर बच्‍चे को द‍िनभर थकान, सुस्‍ती, पढ़ाई में मन न लगना, सुबह थकान महसूस होना, स्वभाव में चिड़चिड़ापन या बार-बार थकान हो रही है, तो डॉक्‍टर से सलाह लें। बच्‍चे को अध‍िक थकान होने पर पर्याप्‍त नींद लेने दें, डाइट में दाल, दूध, अंडे, पनीर, फल, हरी सब्‍ज‍ियां वगैरह शाम‍िल करें। बच्‍चे को बाहर खेलना, साइकिल चलाना और टहलने के ल‍िए प्रेर‍ित करें और उसका स्‍क्रीन टाइम कम करें। बच्चे को थकान होने पर खुद से आयरन, कैल्शियम या विटामिन की गोलियां नहीं देनी चाह‍िए।

image credit: magnific

FAQ

  • क्या बच्चों को सुबह नाश्ता न कराने से थकान हो सकती है?

    हां, सुबह का नाश्ता छोड़ने से बच्चे को दिन की शुरुआत में पर्याप्त एनर्जी नहीं मिल पाती। इससे उन्‍हें सुस्ती, चिड़चिड़ापन और पढ़ाई में ध्यान लगाने में परेशानी हो सकती है। नाश्ते में पोहा, दलिया, बेसन का चीला, अंडा या दूध शामिल कर सकते हैं।
  • क्या बच्चों को थकान होने पर मल्टीविटामिन देना चाहिए?

    नहीं, हर बार थकान होने पर बच्चों को मल्टीविटामिन देना जरूरी नहीं है। बिना डॉक्‍टर की सलाह ल‍िए बच्‍चों को सप्लीमेंट देना सेहत के ल‍िए हान‍िकारक हो सकता है।

Read Next

→ बच्चों की आंखें तिरछी (Eye Squint) क्यों होती हैं? डॉक्टर से जानें भेंगापन होने के 5 कारण

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 17, 2026 15:53 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Gopal Agrawal