Mon Nov 16, 2026 | 08:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Purendra Bhasin , Ophthalmologist

बच्चों की आंखें तिरछी (Eye Squint) क्यों होती हैं? डॉक्टर से जानें भेंगापन होने के 5 कारण

कुछ बच्चों में भेंगापन आने से उनकी नजर पर भी असर पड़ सकता है। कई बार पेरेंट्स यह सोचकर इलाज कराना छोड़ देते हैं कि बच्चे का भेंगापन खुद-ब-खुद ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता। इसके कारणों को जानकर समय पर इलाज कराना बहुत जरूरी है।
बच्चों की आंखें तिरछी (Eye Squint) क्यों होती हैं? डॉक्टर से जानें भेंगापन होने के 5 कारणबच्चों की आंखें तिरछी (Eye Squint) क्यों होती हैं? डॉक्टर से जानें भेंगापन होने के 5 कारण

अगर कोई बच्चा देखते समय एक आंख सीधी रखता है, जबकि दूसरी आंख अंदर या बाहर की ओर मोड़कर देखता है, तो इस तरह के तिरछेपन को स्क्विंट कहा जाता है। कुछ लोग इसे भेंगापन भी कहते हैं। अक्सर लोगों को लगता है कि भेंगापन होने का कारण आंखों की बनावट होती है और समय के साथ खुद ही ठीक हो जाएगी। कई मामलों में इसका असर बच्चे की नजर पर भी पड़ सकता है। बच्चों में आंख तिरछी या भेंगापन होने के कई कारण हो सकते हैं। इस बारे में जानने के लिए हमने Dr. Purendra Bhasin, Ophthalmologist, Founder & Director, Ratan Jyoti Netralaya, Gwalior से बात की। उन्होंने बताया कि आंखों में भेंगापन होने का कारण आंखों की मांसपेशियां या नसों का कंट्रोल न होना हो सकता है, तो कुछ बच्चों में जन्म से यह समस्या हो सकती है। इसके कारणों को जानने के लिए बच्चों की आंखों का टेस्ट करना जरूरी है।

बच्चों में तिरछी नजर या भेंगापन होने के क्या कारण हैं?

NHS के मुताबिक, बच्चों में 3 महीने की उम्र के बाद भेंगापन विकसित हो सकता है। हालांकि, अभी इसके कारण ज्यादा स्पष्ट नहीं है, लेकिन देखा गया है कि बच्चों में जन्म से भेंगापन हो सकता है, तो किसी के परिवार में ये पीढ़ी दर पीढ़ी चलता रहता है। कई बार बच्चों में संक्रमण की वजह से भी भेंगेपन की समस्या हो सकती है।

Dr. Purendra Bhasin का कहना है, “मेरे पास बच्चों के भेंगेपन के कई मामले आते हैं, तो उसी के आधार पर कारणों को बता रहा हूं।”

1. दूर या पास की नजर कमजोर होना

बच्चों में तिरछी नजर का एक आम कारण आंखों की फोकस करने की क्षमता का सही न होना है। अगर बच्चे को दूर या पास की चीजें साफ देखने में परेशानी होती है, तो उसे देखने के लिए आंखों पर ज्यादा जोर लगाना पड़ सकता है। इस दौरान दोनों आंखों के बीच तालमेल प्रभावित हो सकता है और एक आंख अंदर की ओर मुड़ने लगती है। खासकर कुछ बच्चों में दूर की नजर कमजोर होने यानी हाइपरमेट्रोपिया की वजह से आंख अंदर की ओर जाने की समस्या देखी जा सकती है। ऐसे मामलों में आंखों का चेकअप करके पता चल सकता है कि बच्चे को चश्मे की जरूरत है या नहीं।

2. आंखों की मांसपेशियों में संतुलन की कमी

आंखों को अलग-अलग दिशाओं में घुमाने के लिए कई मांसपेशियां काम करती हैं। आमतौर पर ये मांसपेशियां आपस में तालमेल बनाकर दोनों आंखों को एक ही दिशा में देखने में मदद करती हैं, लेकिन कुछ मामलों में आंखों की मांसपेशियों के बीच का बैलेंस बिगड़ जाता है, तो दोनों आंखें एक ही जगह पर फोकस नहीं कर पाती। ऐसे में एक आंख सीधी और दूसरी तिरछी दिखाई दे सकती है।

causes of eye squint in kidscauses of eye squint in kids

यह भी पढ़ें- मोटापा घटाने वाली Ozempic जैसी दवाओं से आंखों की बीमारी NAION का खतरा, FDA ने जारी की चेतावनी

3. आंखों को नियंत्रित करने वाली नसों में समस्या

आंखों की मांसपेशियों को काम करने के लिए दिमाग से संकेत मिलते हैं। अगर इन संकेतों को पहुंचाने वाली नसों या दिमाग के आंखों को कंट्रोल करने वाले हिस्से में समस्या आ जाए, तो आंखों का तालमेल बिगड़ सकता है। कुछ बच्चों में सेरेब्रल पाल्सी जैसी न्यूरोलॉजिकल कंडीशन में स्क्विंट की समस्या देखी जा सकती है। हालांकि, यह भी ध्यान रखना चाहिए कि हर बच्चे में भेंगेपन का कारण नसों या दिमाग से जुड़ी समस्या नहीं होता।

4. जन्म से या शुरुआती महीनों में भेंगापन होना

कुछ बच्चों की आंखें जन्म के समय से ही तिरछी हो सकती हैं या जीवन के शुरुआती महीनों में यह समस्या दिखाई देने लगती है। वहीं, कई बच्चों में स्क्विंट बाद में विकसित होता है। समय से पहले जन्म लेना, कम जन्म वजन और परिवार में किसी सदस्य को भेंगेपन की समस्या होना इसके खतरे को बढ़ा सकते हैं।

5. आंखों में जन्मजात मोतियाबिंद या चोट

अगर बच्चे की एक आंख की रोशनी किसी कारण से प्रभावित होती है, तो उस आंख के सामान्य तरीके से काम करने में परेशानी हो सकती है। जन्मजात मोतियाबिंद या आंख में लगी चोट भी तिरछी नजर का कारण बन सकती है। ऐसी स्थिति में आंखों का चेकअप कराना जरूरी होता है, ताकि बच्चे की नजर को बचाया जा सके। अगर लंबे समय तक मोतियाबिंद का इलाज न कराया जाए, तो मोतियाबिंद के फटने का रिस्क बढ़ सकता है।

बच्चों में भेंगापन होने के लक्षण क्या हैं?

Dr. Purendra Bhasin कहते हैं कि पेरेंट्स को बच्चों की कुछ एक्टिविटीज पर ध्यान देना चाहिए, ताकि आंखों की समस्या का समय रहते पता चल सके।

  • बच्चे की एक आंख बार-बार अंदर या बाहर की ओर मुड़ी हुई दिखाई देना।
  • किसी चीज को देखने के लिए सिर एक तरफ झुकाना।
  • देखने के दौरान बार-बार एक आंख बंद करना।
  • दोनों आंखों का एक ही दिशा में फोकस न करना।

बच्चों का भेंगापन दूर करने का इलाज क्या है?

NHS के मुताबिक, बच्चों के भेंगेपन का इलाज करने के कई तरीके हो सकते हैं और यह बच्चों की आंखों का चेकअप करके ही बताया जा सकता है।

  • चश्मा लगाना - अगर बच्चे का भेंगापन दूर की नजर कमजोर होने के कारण हुआ है, तो चश्मा लगाने से मदद मिल सकती है।
  • आंखों की एक्सरसाइज - आंखों की स्पीड को कंट्रोल करने वाली मांसपेशियों की एक्सरसाइज करने से कभी-कभी दोनों आंखों को तालमेल बिठाने में मदद मिल सकती है।
  • सर्जरी - इसमें आंखों को कंट्रोल करने वाली मांसपेशियों की स्थिति को थोड़ा बदल दिया जाता है, ताकि दोनों आंखें एक सीध में आ सकें।
  • आंखों की मांसपेशियों में इंजेक्शन - इंजेक्शन की मदद से मांसपेशियां कमजोर होती हैं, जिससे आंखों को बेहतर तरीके से एक सीध में लाने में मदद मिल सकती है।

यह भी पढ़ें- आंखों में ये 7 बदलाव हो सकते हैं किसी बीमारी का संकेत, डॉक्टर ने बताया कब रहें सावधान

निष्कर्ष

आमतौर पर बच्चों के भेंगेपन का कारण नजर कमजोर होना, आंखों की मांसपेशियों का तालमेल खराब होना, नसों से जुड़ी समस्याएं और फैमिली हिस्ट्री भी हो सकती है। बच्चों के भेंगेपन के कारणों को जानने के लिए डॉक्टर से आंखें टेस्ट कराएं और उसका समय पर इलाज कराना भी उतना ही जरूरी है। समय पर इलाज से बच्चों की आंखें ठीक हो सकती हैं।

All Image Credit: Magnific

FAQ

  • क्या मोबाइल या टीवी देखने से बच्चों की आंखें तिरछी हो सकती हैं?

    ज्यादा स्क्रीन टाइम सीधे तौर पर भेंगापन पैदा नहीं करता, लेकिन जिन बच्चों में पहले से आंखों के नंबर या मांसपेशियों की कमजोरी छिपी होती है, उनमें बहुत पास से देर तक मोबाइल देखने से आंखें अंदर की ओर मुड़ने की समस्या उभर सकती है।
  • क्या जन्मजात मोतियाबिंद भी बच्चों में भेंगापन का कारण बन सकता है?

    अगर जन्म के समय से बच्चे की एक आंख में मोतियाबिंद या रेटिना से जुड़ी कोई समस्या है, तो उस आंख की रोशनी कम होने के कारण वह आंख एक तरफ मुड़ सकती है। 

Read Next

→ World Diabetes Day: बच्चों में भी हो सकती है डायबिटीज, इन 7 शुरुआती लक्षणों को भूलकर भी न करें नजरअंदाज

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 16, 2026 19:27 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Purendra Bhasin