एक्सरसाइज करना हमारे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होती है, लेकिन वर्कआउट के बाद की गई छोटी-सी लापरवाही सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है। अक्सर जिम या एक्सरसाइज करने के बाद पसीने से चिपचिपे होने के कारण सीधे नहाने चले जाते हैं, जो एक गलत आदत मानी जाती है। एक्सरसाइज के तुरंत बाद शरीर का तापमान बढ़ा हुआ होता है और ब्लड सर्कुलेशन तेज होता है। ऐसे में तुरंत नहाने से शरीर का तापमान असंतुलित हो जाता है। इसलिए, यह जानना जरूरी है कि वर्कआउट के बाद नहाना कब और कैसे सुरक्षित होता है। आइए इस बारे में Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं।
एक्सरसाइज के बाद शरीर में क्या होता है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि जब आप जिम में हैवी वजन उठाते हैं, कार्डियो करते हैं या तेज दौड़ते हैं तो आपके शरीर के अंदर बड़े बदलाव हो रहे होते हैं, जैसे-
- बढ़ हुआ तापमान और ब्लड सर्कुलेशन- एक्सरसाइज के दौरान आपकी मांसपेशियां तेजी से काम करती हैं, जिससे शरीर का अंदरूनी तापमान बढ़ जाता है। इस गर्मी को बाहर निकालने के लिए आपका दिल तेजी से ब्लड पंप करता है और ब्लड का बहाव आपकी स्किन की तरफ बढ़ जाता है।
- तेज हार्ट रेट और सांसें- वर्कआउट के तुरंत बाद आपकी दिल की धड़कन और सांस लेने की गति बहुत तेज होती है।
इसे भी पढ़ें: क्या एक्सरसाइज के बाद बहुत ज्यादा पसीना आता है? जानें कब लें इलेक्ट्रोलाइट्स
एक्सरसाइज करने के तुरंत बाद नहाने से क्या होता है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि अगर आप पसीने से तर-बतर और हांफते हुए शरीर के साथ ही तुरंत बहुत ठंडे पानी से नहा लेते हैं तो शरीर पर इसका बुरा असर पड़ सकता है, जैसे-
- ब्लड वेसल्स का अचानक सिकुड़ना- ठंडे पानी से नहाने के दौरान स्किन की तरफ बह रहा गर्म खून अचानक अंदरूनी अंगों और दिल की ओर धकेला जाता है।इससे आपके दिल पर अचानक हैवी प्रेशर पड़ सकता है, ब्लड प्रेशर तेजी से फ्लक्चुअट हो सकता है और चक्कर आ सकते हैं।
- मांसपेशियों में ऐंठन- वर्कआउट के बाद मांसपेशियां थक जाती हैं और उनमें लैक्टिक एसिड जमा हो जाता है। ऐसे में एकदम से ठंडा पानी डालने से वे तेजी से सिकुड़ती हैं, जिससे क्रैम्प्स या जकड़न की समस्या बढ़ सकती है।
- सर्दी-जुकाम और इम्युनिटी पर असर- एक्सरसाइज के बाद शरीर का तापमान सामान्य होने से पहले ठंडा पानी पड़ने से शरीर की इम्यूनिटी पर बुरा असर पड़ सकता है, जिससे आप वायरल इंफेक्शन या सर्दी-जुकाम की चपेट में आ सकते हैं।
एक्सरसाइज के बाद नहाने का सही तरीका क्या है?
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि एक्सरसाइज के तुरंत बाद नहाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप पसीने में चिपचिपे ही बैठे रहें। शरीर की साफ-सफाई भी उतनी ही जरूरी है। आपको बस अपने नहाने के तरीके में थोड़ा सा बदलाव करना जरूरी है।
1. कूल-डाउन का नियम अपनाएं
जिम या एक्सरसाइज खत्म करने के ठीक बाद तुरंत नहाने से बचें। एक्सरसाइज करने के कम से कम 10 से 15 मिनट का ब्रेक लें। इस दौरान स्ट्रेचिंग करें, सामान्य तापमान में बैठ जाएं और नॉर्मल पानी घूंट-घूंट कर पिएं। जब आपकी दिल की धड़कन नॉर्मल हो जाए और पसीना आना बंद हो जाए तब नहाने जाएं।
2. पानी का तापमान सही रखें
गर्मियों में या सामान्य दिनों में नॉर्मल नल के पानी से नहाना सबसे सुरक्षित और फायदेमंद होता है। सर्दियों में या अगर आपकी मांसपेशियां बहुत ज्यादा थक गई हैं, तो हल्के गुनगुने पानी से नहाना आपके लिए बेहतरीन हो सकता है। यह आपकी नसों को आराम देता है और थकान मिटाता है। ध्यान रहे, बर्फ जैसा ठंडा पानी सिर्फ प्रोफेशनल एथलीटों के लिए होता है, वह भी खास थेरेपी के तहत। आम लोगों को बहुत ठंडे पानी से नहाने से बचने की सलाह दी जाती है।
साल 2025 में Physiological Reports में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, एक्सरसाइज के थोड़ी देर बाद 40°C गर्म पानी में लगभग 10 मिनट नहाने से मांसपेशियों की ताकत बढ़ती है और थकान से आराम मिलता है।
3. त्वचा की हाइजीन का ध्यान रखें
वर्कआउट के बाद पसीने में बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जिससे फंगल इंफेक्शन या पिंपल्स की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए, शरीर को पसीने में ज्यादा देर तक न छोड़ें। कूल-डाउन पीरियड पूरा होने के बाद माइल्ड साबुन से नहा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: एक्सरसाइज के बाद क्या खाना बेहतर होता है, प्रोटीन या कार्बोहाइड्रेट? एक्सपर्ट ने खुद दी सलाह
निष्कर्ष
एक्सरसाइज के तुरंत बाद नहाना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन तुरंत बाद और ठंडे पानी से नहाना आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। एक्सरसाइज के बाद नहाने का सही तरीका यह है कि वर्कआउट के बाद अपने शरीर को थोड़ा शांत होने दें, अपनी सांसों और पसीने को सामान्य होने दें और उसके बाद सामान्य या गुनगुने पानी से नहाएं।
Image Credit: Freepik
FAQ
व्यायाम के तुरंत बाद क्या नहीं करना चाहिए?
एक्सरसाइज करने के तुरंत बाद हैवी फूड खाने, सीधे लेटने या सोने और बिना स्ट्रेचिंग के अचानक रुकने से बचना चाहिए। साथ ही, बहुत ठंडा पानी पीने या तुरंत गर्म और ठंडे पानी से नहाने से बचना चाहिए।जिम के बाद गर्म पानी से नहाना चाहिए?
जिम के बाद गर्म पानी के बजाय ठंडे या गुनगुने पानी से नहाना चाहिए, क्योंकि यह मांसपेशियों की सूजन और थकान को तेजी से कम करने में मदद करता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 25, 2026 08:03 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
