एक बेहतरीन वर्कआउट सेशन के लिए हमारे शरीर को सही पोषण और एनर्जी की जरूरत होती है। कई बार वर्कआउट के दौरान या उसके बाद मांसपेशियों में ऐंठन होना एक आम समस्या है। कई लोग मांसपेशियों में होने वाली ऐंठन को कम करने के लिए कुछ तरह के उपायों को अपनाते हैं। ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि वर्कआउट से पहले केला खाने से ऐंठन को तुरंत कम किया जा सकता है। बता दें कि केले में कई जरूर मिनरल्स पाए जाते हैं, जो एक्सरसाइज के दौरान आपके शरीर को एक्टिव रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए, आइए हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं कि क्या सच में वर्कआउट से पहले केला खाने से मांसपेशियों में होने वाली ऐंठन को तुरंत कम किया जा सकता है?
क्या वर्कआउट से पहले केला खाने से मांसपेशियों की ऐंठन कम हो सकती है?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि केला खाने से मांसपेशियों की ऐंठन कम हो सकती है। केले में पोटेशियम, मैग्नीशियम और कुछ हद तक कैल्शियम जैसे कुछ जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। ये सारे मिनरल्स और पोषक तत्व हमारी मांसपेशियों को रिलैक्स करने में अहम भूमिका निभाते हैं। इन पोषक तत्वों की कमी के कारण मांसपेशियों में होने वाली सिकुड़न और उन्हें आराम देने की प्रक्रिया में मदद मिलती है। अगर शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी के कारण ऐंठन हो रही है तो केला खाना फायदेमंद साबित होता है और राहत मिल सकती है। इसलिए, अगर आपके शरीर में पोटेशियम की कमी है तो नियमित रूप से केला खाने से आपको मसल क्रैम्प्स से राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं में Low Muscle Mass क्यों है चिंता की बात? एक्सपर्ट से जानें इससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं
क्या केला तुरंत ऐंठन रोक सकता है?
साल 2012 में Journal Of Athletic Training में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, एक्सरसाइज के बाद 2 केले खाने से 30 से 60 मिनट के अंदर खून में पोटेशियम की मात्रा बढ़ जाती है। लेकिन, ध्यान रहे खून में पोटेशियम का लेवल इतनी जल्दी नहीं बदलता है कि खेल के तुरंत बाद आपको आराम मिल सके। हालांकि, अगर किसी खिलाड़ी के पास खेल दोबारा शुरू करने से पहले 15 मिनट का समय है, तो केले से मिलने वाला ग्लूकोज उनके लिए फायदेमंद हो सकता है। यह ग्लूकोज थकान को कम करके मांसपेशियों में होने वाले क्रैम्प्स को रोकने में मदद कर सकता है, जो शरीर की एनर्जी खत्म होने के कारण होते हैं। केला सच में अचानक होने वाले क्रैम्प्स में राहत देते है इस पर अभी ज्यादा रिसर्च की जरूरत है।
मांसपेशियों में ऐंठन के मुख्य कारण
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि मांसपेशियों में ऐंठन होना सिर्फ पोटेशियम की कमी के कारण नहीं होता है। कई बार इसके पीछे अन्य कारण भी शामिल होते हैं, जैसे
- शरीर में पानी की कमी होना
- ज्यादा पसीना निकलने से इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होना
- मांसपेशियों का ज्यादा इस्तेमाल या ओवरट्रेनिंग करना
- सही तरह से वार्म-अप और कूल-डाउन न करना
- लंबे समय तक एक ही स्थिति में बने रहना
- मैग्नीशियम, कैल्शियम या सोडियम जैसे पोषक तत्वों की कमी होना
ऐंठन से बचने के अन्य उपाय
वर्कआउट के बाद मांसपेशियों में होने वाली ऐंठन की समस्या से राहत पाने के लिए आप इन बातों का ध्यान रखें-
- वर्कआउट से पहले और बाद में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या न हो।
- लंबे या मुश्किल एक्सरसाइज के दौरान इलेक्ट्रोलाइट्स का ध्यान रखें और नारियल पानी या अन्य इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स का सेवन करें।
- वर्कआउट के हर सेश से पहले वार्म-अप और बाद में कूल-डाउन जरूर करें।
- अपनी डाइट में पोटेशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और सोडियम जैसे पोषक तत्व जरूर शामिल करें।
- रोजाना 7 से 9 घंटे की पर्याप्त और अच्छी नींद लें, ताकि मांसपेशियों को रिकवरी के लिए समय मिल सके।
- एक बार में ज्यादा वर्कआउट करने के स्थान पर धीरे-धीरे एक्सरसाइज का समय बढ़ाएं।
इसे भी पढ़ें: इंटरमिटेंट फास्टिंग के दौरान फैट के साथ मसल्स को घटने से कैसे रोकें? जानें एक्सपर्ट से
डॉक्टर से कब मिलें?
वर्कआउट के बाद मांसपेशियों में दर्द और ऐंठन होना एक आम समस्या है, लेकिन अगर मांसपेशियों में ऐंठन के साथ बहुत ज्यादा दर्द, प्रभावित हिस्से में सूजन, रेडनेस और स्किन का रंग बदलने लगे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए। इसके अलावा, अगर बिना किसी भारी वर्कआउट के बार-बार मांसपेशियों में ऐंठन हो रही हो, पैरों में दर्द होने के कारण रात में नींद न आ रही हो या मांसपेशियों में कमजोरी महसूस हो तो इसे भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
निष्कर्ष
वर्कआउट से पहले केला खाना मांसपेशियों में होने वाली ऐंठन से तुरंत आराम मिल जाए यह जरूरी नहीं है, क्योंकि ऐंठन होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। वर्कआउट से पहले केला खाने से आपके शरीर को ज्यादा एनर्जी, पोटेशियम की कमी पूरी करने और बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिल सकती है। लेकिन, अगर वर्कआउट के बाद मांसपेशियों में ऐंठन होने लगे तो सिर्फ केला खाकर तुरंत राहत मिलने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह समस्या डिहाइड्रेशन, इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी, ज्यादा थकान और मांसपेशियों पर ज्यादा प्रेशर के कारण हो सकती है।
Image Credit: Freepik
FAQ
किस विटामिन की कमी से मांसपेशियों में ऐंठन होती है?
मांसपेशियों में ऐंठन मुख्य रूप से विटामिन डी और बी कॉम्प्लेक्स की कमी के कारण हो सकती है।अचानक व्यायाम करने से मांसपेशियों में ऐंठन क्यों होती है?
अचानक एक्सरसाइज करने से मांसपेशियों में ऐंठन आमतौर पर मांसपेशियों के बहुत ज्यादा खिंचने, थकान और नर्व सिग्नल में गड़बड़ी के कारण होती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 11, 2026 10:33 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma