हमेशा से हम सुनते आ रहे हैं कि सुबह उठकर बिना कुछ खाए-पिए एक्सरसाइज करना यानी खाली पेट वर्कआउट करना फिटनेस के लिए जरूरी होता है। कुछ लोग इसे वजन कम करने और तेजी से फैट बर्न करने का सबसे असरदार तरीका मानते हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे कमजोरी और मांसपेशियों के नुकसान का कारण बताते हैं। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida का कहना है कि खाली पेट कसरत करने के फायदे और नुकसान दोनों ही हो सकते हैं, जो व्यक्ति की सेहत और उसके फिटनेस गोल्स पर निर्भर करता है।
खाली पेट वर्कआउट करने पर शरीर में क्या होता है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि जब आप रातभर 7 से 8 घंटे की नींद लेने के बाद सुबह उठते हैं, तो आपका शरीर फास्टेड स्टेट में होता है। इस समय आपके खून में ग्लूकोज और लिवर में जमा ग्लाइकोजन का लेवल बहुत कम हो जाता है। जब शरीर के पास तुरंत एनर्जी देने के लिए कार्बोहाइड्रेट नहीं होता है तो वह एनर्जी के लिए शरीर में जमा फैट का इस्तेमाल करने लगता है। इसी कारण माना जाता है कि खाली पेट लाइट कार्डियो करने से फैट ऑक्सीडेशन बढ़ता है।
इसके अलावा, अगर शरीर को फैट से एनर्जी बनाने में समय लगता है या एक्सरसाइज बहुत भारी होती है तो शरीर एनर्जी के लिए आपकी मांसपेशियों को तोड़ना शुरू कर देता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2018 में Proceedings of the Nutrition Society जर्नल में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, खाली पेट एरोबिक एक्सरसाइज करना शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। ऐसा करने से शरीर फैट का ईंधन के रूप में ज्यादा इस्तेमाल करता है और लिपिड प्रोफाइल में सुधार करता है। यह पूरे दिन की कैलोरी खपत को भी कम करने में मदद करता है। साथ ही, यह शुगर लेवल को भी संतुलित करता है। हालांकि, लंबे समय तक इसके प्रभाव और बीमार लोगों पर असर को पूरी तरह समझने के लिए अभी और ज्यादा रिसर्च की जरूरत है।
इसे भी पढ़ें: वर्कआउट से पहले या बाद में, प्रोटीन शेक कब पीना है ज्यादा फायदेमंद? एक्सपर्ट से जानें सही समय
खाली पेट वर्कआउट करने के फायदे
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आप कुछ स्थितियों में खाली पेट वर्कआउट करते हैं तो यह आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है-
- हल्की से मध्यम कार्डियो: अगर आप सुबह उठकर 30 से 40 मिनट की हल्की वॉकिंग, जॉगिंग, योग या साइकिलिंग करते हैं, तो खाली पेट वर्कआउट करना आपके लिए फायदेमंद होता है। यह शरीर में इंसुलिन सेंसिटिविटी को सुधारने में मदद कर सकता है।
- शुरुआत में फैट लॉस करने में मददगार: अगर आपका टारगेट शरीर की चर्बी को कम करना है और आपकी वर्कआउट इंटेंसिटी बहुत ज्यादा हाई है तो फास्टेड कार्डियो आपके लिए काम कर सकता है।
- पाचन के लिए लाभकारी: कई लोगों को वर्कआउट से ठीक पहले कुछ खाने के कारण पेट में भारीपन, जी मिचलाना या एसिडिटी से जुड़ी समस्याएं महसूस होती हैं। ऐसे लोगों के लिए खाली पेट एक्सरसाइज करना ज्यादा आरामदायक होता है।
खाली पेट वर्कआउट करने के नुकसान
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि खाली पेट वर्कआउट करना हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता है। कुछ परिस्थितियों में खाली पेट वर्कआउट करने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है, जिनमें
- मांसपेशियों का नुकसान: अगर आप हैवी वेट लिफ्टिंग या बॉडीबिल्डिंग करते हैं, तो खाली पेट वर्कआउट करना आपके लिए हानिकारक हो सकता है। इस स्थिति में शरीर फैट के साथ-साथ आपकी मसल्स को भी बर्न करने लगता है, जिससे आपकी मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं।
- चक्कर आना और लो ब्लड शुगर: बिना कुछ खाए भारी कसरत करने से ब्लड शुगर लेवल में गिरावट आ सकती है। इससे वर्कआउट के दौरान आंखों के आगे अंधेरा छाना, चक्कर आना, ज्यादा कमजोरी और बेहोशी आ सकती है।
- वर्कआउट परफॉर्मेंस में कमी: शरीर में एनर्जी का जरूरी सोर्स यानी ग्लूकोज न होने के कारण आप अपना 100% स्टेमिना और ताकत नहीं दे पाते। इस कारण कम वर्कआउट करने पर ही आप ज्यादा थक जाते हैं।
- स्ट्रेस हार्मोन का बढ़ना: खाली पेट बहुत ज्यादा हैवी वर्कआउट करने से शरीर में तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन कोर्टिसोल का लेवल बढ़ जाता है। यह हार्मोन आपके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ वजन पर भी बुरा असर डाल सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या वर्कआउट से पहले केला खाने से मांसपेशियों में ऐंठन तुरंत कम हो सकती है? डॉक्टर से जानें
किसे खाली पेट वर्कआउट नहीं करना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, कुछ लोगों को खाली पेट वर्कआउट करने से बिल्कुल परहेज करना चाहिए, जिनमें शामिल हैं-
- डायबिटीज के मरीज, क्योंकि इनमें लो ब्लड शुगर का खतरा बहुत ज्यादा बढ़ जाता है।
- लो ब्लड प्रेशर के मरीज, क्योंकि इनमें चक्कर आकर गिरने की संभावना ज्यादा होती है।
- प्रेग्नेंट महिलाएं क्योंकि इस दौरान मां और होने वाले बच्चे दोनों को एनर्जी की जरूरत होती है।
- माइग्रेन या एसिडिटी से पीड़ित लोगों को भी खाली पेट वर्कआउट नहीं करना चाहिए। खाली पेट पसीना बहाने से सिरदर्द और एसिडिटी ट्रिगर हो सकती है।
- हैवी वेटलिफ्टर्स और एथलीट्स को भी खाली पेट वर्कआउट करने से बचना चाहिए, क्योंकि इन्हें हाई इंटेंसिटी परफॉर्मेंस की जरूरत होती है।
डॉक्टर की सलाह
Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि अगर आप कंफ्यूज हैं कि आपको क्या करना चाहिए और क्या नहीं तो इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-
- वर्कआउट से 30 से 45 मिनट पहले एक हल्का प्री-वर्कआउट स्नैक जरूर लें। इसमें 1 केला, 2-3 खजूर, एक मुट्ठी भीगे हुए बादाम या 1 टोस्ट खा सकते हैं।
- हल्की वॉकिंग या जॉगिंग आप खाली पेट कर सकते हैं, लेकिन शुरू करने से पहले 1 या 2 गिलास गुनगुना पानी जरूर पिएं ताकि शरीर डिहाइड्रेटेड न हो।
- वर्कआउट खत्म करने के 45 मिनट के अंदर प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्ब्स से भरपूर फूड्स जरूर खाएं, ताकि मांसपेशियों की रिकवरी हो सके।
निष्कर्ष
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि खाली पेट वर्कआउट करने पर हर किसी में एक जैसा असर नहीं होता है। अगर आपको खाली पेट वॉक या हल्की एक्सरसाइज करनी है और किसी तरह की समस्या नहीं महसूस हो रही है तो आप इसे जारी रख सकते हैं। अगर आपको चक्कर और ज्यादा थकान महसूस हो तो खाली पेट वर्कआउट करने से बचें।
Image Credit: Freepik
FAQ
वर्कआउट करने से पहले खाली पेट क्या खाना चाहिए?
वर्कआउट करने से पहले खाली पेट एनर्जी और बेहतर प्रदर्शन के लिए केला, कॉफी या ओट्स जैसी आसानी से पचने वाली चीजें खानी चाहिए।क्या पानी पीकर वर्कआउट करना सही है?
हां, पानी पीकर वर्कआउट करना सही होता है, क्योंकि एक्सरसाइज के दौरान भी हाइड्रेशन का ध्यान रखना जरूरी है। इसलिए, सुबह उठकर 1 से 2 गिलास पानी पीकर वर्कआउट करना बहुत जरूरी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 13, 2026 20:35 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh