सुबह खाली पेट चुकंदर खाने से शरीर में क्या होता है? एक्सपर्ट से जानें

चुकंदर का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसका गहरा लाल रंग इसमें मौजूद नाइट्रेट, एंटीऑक्सीडेंट, फोलेट, पोटैशियम और फाइबर जैसे पोषक तत्वों के बारे में बताता है। कई लोग सुबह खाली पेट चुकंदर खाना या उसका जूस पीना पसंद करते हैं। हालांकि, कई लोग इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि क्या खाली पेट चुकंदर खाना सच में फायदेमंद होता है और अगर हां, तो इसे खाली पेट खाने के क्या फायदे हैं? आइए इस लेख में दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं।
खाली पेट चुकंदर खाने से शरीर में होने वाले मुख्य बदलाव
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि चुकंदर में नेचुरल नाइट्रेट अच्छी मात्रा में होती है। शरीर इसे नाइट्रिक ऑक्साइड में बदल सकता है, जो ब्लड वेसल्स को फैलने और ब्लड फ्लो को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसलिए चुकंदर का सेवन ब्लड प्रेशर और एक्सरसाइज के दौरान शारीरिक प्रदर्शन पर कुछ सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
सुबह के समय चुकंदर खाने से शरीर को फाइबर और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स मिलते हैं। हालांकि, यह जरूरी नहीं कि खाली पेट खाने पर इसके पोषक तत्व सामान्य समय की तुलना में ज्यादा बेहतर तरीके से अवशोषित हों। यानी चुकंदर के फायदे पाने के लिए उसे खाली पेट खाना जरूरी नहीं है।
इसे भी पढ़ें: क्या रोजाना चुकंदर का जूस पीना सुरक्षित है? जानें इसके फायदे और नुकसान
चुकंदर में मौजूद पोषक तत्व और स्वास्थ्य लाभ
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, चुकंदर में फोलेट, पोटैशियम, मैंगनीज, विटामिन सी और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें बीटालेंस नाम के एंटीऑक्सीडेंट यौगिक भी होते हैं।
- चुकंदर में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र के लिए अच्छा होता है और पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है।
- इसमें मौजूद पोटैशियम सामान्य मांसपेशियों और तंत्रिका कार्य के साथ-साथ ब्लड प्रेशर को हेल्दी बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
- चुकंदर में मौजूद फोलेट सेल्स के निर्माण और नॉर्मल रेड ब्लड सेल्स के प्रोडक्शन के लिए जरूरी होता है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2023 में Frontiers in Nutrition में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, 12 हफ्तों तक रोजाना सुबह खाली पेट नाश्ते से 30 मिनट पहले 250 mL गाढ़ा चुकंदर का रस पीने से नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर से पीड़ित मरीजों में लिवर के फैट में काफी कमी आती है। इसके नियमित सेवन से लिवर एंजाइम जैसे बिलीरुबिन, ALT, और ALP के लेवल में सुधार होता है और खराब कोलेस्ट्रॉल का लेवल कम होता है।
क्या खाली पेट चुकंदर पाचन के लिए सही है?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि ज्यादातर हेल्दी लोगों के लिए सामान्य मात्रा में चुकंदर खाना सुरक्षित माना जाता है। इसमें मौजूद फाइबर आंतों की नियमित गतिविधि में मदद कर सकता है। हालांकि, सेंसिटिव पाचन तंत्र वाले कुछ लोगों को ज्यादा मात्रा में चुकंदर खाने से गैस, पेट फूलना या अन्य समस्याएं महसूस हो सकती हैं।
Empty-stomach-beetroot-eating
खाली पेट चुकंदर का जूस पीने पर फाइबर की मात्रा पूरे चुकंदर की तुलना में कम हो जाती है और नेचुरल शुगर तेजी से बढ़ जाता है। इसलिए, पाचन और पेट भरने के लिए पूरा चुकंदर खाना अक्सर जूस की तुलना में बेहतर विकल्प होता है।
चुकंदर खाने का हीमोग्लोबिन पर असर
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के मुताबिक, चुकंदर को अक्सर हीमोग्लोबिन बढ़ाने वाला भोजन माना जाता है। चुकंदर में फोलेट और कुछ आयरन जरूर होता है, लेकिन यह आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया का इलाज नहीं है। अगर किसी व्यक्ति का हीमोग्लोबिन कम है तो इसका कारण पता करना जरूरी है। आयरन की कमी होने पर डॉक्टर की सलाह पर फूड्स या सप्लीमेंट की जरूरत पड़ सकती है। सिर्फ चुकंदर खाने से गंभीर एनीमिया से निपटने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए।
किन्हें खाली पेट चुकंदर खाने से बचना चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा ने बताया कि चुकंदर सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है, लेकिन जिन लोगों को चुकंदर खाने के बाद ब्लोटिंग या गैस की समस्या होती है, उन्हें खाली पेट ज्यादा मात्रा में इसका सेवन नहीं करना चाहिए। किडनी में कैल्शियम ऑक्सलेट स्टोन होने पर भी लोगों को चुकंदर खाने से पहले डॉक्टर से कंसल्ट करना जरूरी है, क्योंकि इसमें ऑक्सलेट पाया जाता है। इसके अलावा, चुकंदर खाने के बाद पेशाब या मल का रंग लाल या गुलाबी दिख सकता है।
इसे भी पढ़ें: 15 दिन लगातार चुकंदर खाने से क्या होता है? खुद डाइट एक्सपर्ट ने बताया
चुकंदर खाने का सही तरीका क्या है?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, चुकंदर को डाइट में शामिल करने का कोई एक बेहतर तरीका या समय नहीं है। चुकंदर को आप सलाद, उबालकर, सब्जी या अन्य सब्जियों के साथ खा सकते हैं। अगर जूस पीना पसंद करते हैं तो उसमें अलग से स्वीटनर न मिलाएं और पूरी तरह जूस पर निर्भर रहने के बजाय कभी-कभी चुकंदर भी खाएं।
निष्कर्ष
सुबह खाली पेट चुकंदर खाना सेहत के लिए आमतौर पर सुरक्षित और हेल्दी माना जाता है। इसमें मौजूद नाइट्रेट, फाइबर, फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो सेहत पर सकारात्मक असर डालते हैं। इसलिए, आप सीमित मात्रा में चुकंदर को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
चुकंदर कब नहीं खाना चाहिए?
चुकंदर का सेवन कुछ खास स्थितियों में नहीं करना चाहिए। लो ब्लड प्रेशर, किडनी स्टोन, डायबिटीज और पाचन से जुड़ी समस्या होने पर चुकंदर नहीं खाना चाहिए।1 दिन में कितना चुकंदर खाना चाहिए?
सामान्य तौर पर एक हेल्दी व्यक्ति को एक दिन में 1 मध्यम आकार का चुकंदर या 250 मिलीलीटर जूस पीना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।