Sun Oct 11, 2026 | 10:28 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

5 मिनट में नींद कैसे लाएं? रात में जल्दी सोने के लिए अपनाएं ये 7 आसान उपाय

रात में बिस्तर पर जाने के बाद भी कई लोगों को देर तक नींद नहीं आती है। यहां डॉक्टर से जानें, 5 मिनट में शरीर और दिमाग को रिलैक्स करने के आसान तरीके, जो जल्दी नींद आने में मदद कर सकते हैं।
5 मिनट में नींद कैसे लाएं? रात में जल्दी सोने के लिए अपनाएं ये 7 आसान उपाय5 मिनट में नींद कैसे लाएं? रात में जल्दी सोने के लिए अपनाएं ये 7 आसान उपाय

रात में बिस्तर पर जाने के बाद भी अगर आंखों से नींद गायब रहती है और आप लगातार करवट बदलते रहते हैं, तो इसके कारण न सिर्फ अगले दिन एक्टिव रहने में दिक्कत होती है बल्कि सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है। मेट्रो हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट, नोएडा के इंटरनल मेडिसिन और मेटाबोलिक डिसऑर्डर विभाग के डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, जल्दी नींद लाने के लिए सबसे पहले ऐसी आदतों पर ध्यान देना चाहिए जो शरीर को आराम की स्थिति में ले जाएं। सोने से पहले कमरे में कम रोशनी रखना और दिमाग को लगातार एक्टिव रखने वाली एक्टिविटीज से दूरी बनाना कुछ लोगों के लिए मददगार हो सकता है।

5 मिनट में नींद जल्दी लाने के क्या उपाय हैं?

डॉक्टर अक्षय चुघ के अनुसार, हर व्यक्ति के लिए पांच मिनट में सो जाना संभव नहीं होता है। नींद आने में लगने वाला समय तनाव, दिनभर की एक्टिविटी, कैफीन का सेवन और सोने की आदतों पर निर्भर करता है। इसलिए किसी एक उपाय को तुरंत नींद की गारंटी मानना सही नहीं है। हालांकि, सोने से पहले कुछ ऐसी तकनीकें अपनाई जा सकती हैं जो शरीर को आराम देने और नींद के लिए तैयार करने में मदद कर सकती हैं।

1. दिमाग में चल रहे विचारों को कागज पर लिखें

डॉक्टर अक्षय चुघ बताते हैं कि कई बार नींद इसलिए नहीं आती क्योंकि दिमाग अगले दिन के काम, तनाव या किसी समस्या के बारे में लगातार सोचता रहता है। ऐसे में सोने से पहले अगले दिन के जरूरी काम लिख लेना मदद कर सकता है। इससे सोते समय दिमाग में बातें नहीं चलती हैं और अच्छी नींद आने में मदद मिल सकती है।

2. सोने का समय रोज एक जैसा रखें

हर दिन अलग-अलग समय पर सोने और जागने से शरीर की नींद-जागने की लय प्रभावित हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि रात में लगभग एक ही समय पर बिस्तर पर जाएं और सुबह भी लगभग निश्चित समय पर उठें।

3. गहरी सांस लेने की तकनीक

डॉक्टर अक्षय चुघ बताते हैं कि बिस्तर पर लेटने के बाद धीरे-धीरे और गहरी सांस लेने पर फोकस करें। गहरी सांस लेते समय पेट के हल्के ऊपर उठने और छोड़ते समय नीचे जाने पर ध्यान दें। कुछ मिनट तक इसी प्रोसेस को दोहराने से मन को दूसरी बातों से हटाकर आराम की स्थिति में लाने में मदद मिल सकती है और व्यक्ति को जल्दी नींद आ सकती है।

साल 2019 में Frontiers in Psychiatry में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-

  • धीरे और गहरी सांस लेने की तकनीक तनाव, दर्द और अनिद्रा (नींद न आने की समस्या) जैसी परेशानियों को दूर करने का एक बहुत पुराना और असरदार तरीका है।
  • धीमी और नियमित सांस लेने से शरीर का नर्वस सिस्टम शांत होता है, जिससे तनाव पैदा करने वाली एक्टिविटी कम होती हैं और शरीर को आराम मिलने में मदद मिलती है।
  • रिसर्च के अनुसार, 0.1 हर्ट्ज की स्पीड से सांस लेना अनिद्रा से लड़ने के लिए सबसे बेहतरीन और प्रभावी उपाय पाया गया है।
  • सोने से पहले इस खास गति से सांस लेने का अभ्यास करने से नींद जल्दी आती है, नींद की क्वालिटी में सुधार होता है और सोने का पैटर्न भी स्थिर रहता है।

4. सोने से पहले मोबाइल दूर

डॉक्टर अक्षय चुघ बताते हैं कि मोबाइल फोन पर लगातार वीडियो देखना या सोशल मीडिया चलाना दिमाग को एक्टिव रख सकता है। इसके अलावा स्क्रीन से निकलने वाली रोशनी भी शरीर की नींद-जागने की लय को प्रभावित कर सकती है। इसलिए सोने से पहले मोबाइल को कुछ दूरी पर रखना बेहतर है।

how-to-get-sleep-fasthow-to-get-sleep-fast

इसे भी पढ़ें: बार-बार नींद टूटने के क्या कारण हो सकते हैं? बता रहे हैं डॉक्टर

5. कमरे में रोशनी कम करें

डॉक्टर अक्षय चुघ बताते हैं कि बहुत ज्यादा रोशनी, शोर या गर्मी नींद में बाधा डाल सकती है। कमरे को शांत, आरामदायक बनाएं और पर्याप्त अंधेरा रखें, ऐसा करने से नींद आने में मदद मिल सकती है। अगर कमरे में बाहर से रोशनी आती है तो पर्दे का इस्तेमाल किया जा सकता है।

6. रात में कैफीन से बचें

चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन आपको ज्यादा एलर्ट रख सकता है और रात में नींद आने में देरी कर सकता है। इसलिए यदि आपको रात में सोने में परेशानी होती है, तो देर शाम चाय-कॉफी और अन्य कैफीन वाली ड्रिंक्स से बचना फायदेमंद हो सकता है।

इसे भी पढ़ें: नींद नहीं आती तो खाएं मैग्नीशियम से भरपूर ये फूड्स, अच्छी नींद में करते हैं मदद

7. नींद को जबरदस्ती लाने की कोशिश न करें

डॉक्टर अक्षय चुघ बताते हैं कि नींद को जबरदस्ती लाने की कोशिश न करें। अगर काफी देर तक बिस्तर पर लेटे रहने के बावजूद नींद नहीं आती और बेचैनी बढ़ने लगती है, तो कुछ देर के लिए उठकर शांत जगह पर किताब पढ़ना या धीमा संगीत सुनना बेहतर हो सकता है। जब दोबारा नींद महसूस होने लगे, तब बिस्तर पर जाएं।

निष्कर्ष

5 मिनट में हर व्यक्ति को नींद आ जाए, इसकी गारंटी किसी एक तकनीक से नहीं दी जा सकती लेकिन सांसों पर ध्यान देना, मोबाइल से दूरी बनाना, कमरे को शांत रखना, तनाव वाले विचारों को लिखना जल्दी सोने में मदद कर सकता है। अगर लंबे समय तक नींद आने में परेशानी रहती है, रात में बार-बार नींद टूटती है या दिन में ज्यादा नींद आती है, तो इसे केवल सामान्य थकान मानकर नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से सलाह लें।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या दिन में सोने से रात को नींद नहीं आती है?

    दिन में बहुत लंबी झपकी लेने से रात में नींद आने में देरी हो सकती है। खासकर देर शाम तक सोने की आदत रात की नींद के समय को प्रभावित कर सकती है।
  • रात में बिना खाना खाए सोने से क्या होता है?

    रात में बिना खाए सोना कुछ लोगों के लिए असहज हो सकता है और रात के समय भूख से नींद भी खुल सकती है। वहीं, सोने से ठीक पहले बहुत भारी भोजन करना भी नींद में परेशानी पैदा कर सकता है। इसलिए भोजन और सोने के बीच पर्याप्त अंतर रखना बेहतर है।

Read Next

→ खाना खाने के तुरंत बाद नहाना सही या गलत? डॉक्टर से जानें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 26, 2026 17:24 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh