भारतीय घरों में घी का इस्तेमाल सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि स्किन और बालों की देखभाल के लिए भी किया जाता रहा है। आयुर्वेद में भी घी को सेहत के लिए उपयोगी माना गया है। आपने अक्सर बड़े-बुजुर्गों को रात में सोने से पहले पैरों के तलवों में घी लगाने की सलाह देते हुए सुना होगा। ऐसा माना जाता है कि पैरों के तलवों में गाय के घी की मालिश करने से शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं। हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा से जानते हैं कि रात में सोने से पहले पैर के तलवों में गाय के घी की मालिश करने के क्या फायदे हैं?
सोने से पहले पैरों के तलवों में घी की मालिश करने के फायदे
डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, रात में सोने से पहले पैर के तलवों में गाय के घी की मालिश करना फायदेमंद हो सकता है। नींद बहुत अच्छी आती है, स्किन ड्राइनेस कम होती है और त्वचा मुलायम बनती है।
1. एड़ियों का रूखापन कम करने में मददगार
सर्दियों में या ज्यादा देर तक खड़े रहने के कारण पैरों की स्किन ड्राई और बेजान हो सकती है। कई बार एड़ियों पर दरारें भी पड़ने लगती हैं। ऐसे में घी लगाने से स्किन को नमी मिल सकती है। घी में मौजूद फैट स्किन की सतह पर एक परत बनाने में मदद करता है, जिससे नमी को बनाए रखना आसान होता है। नियमित रूप से साफ पैरों पर थोड़ी मात्रा में घी लगाने से एड़ियां मुलायम महसूस हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: तिल के तेल की मालिश से शरीर को मिलते हैं ये 5 फायदे, जानें सही तरीका
2. पैरों की थकान और तनाव से मिल सकता है आराम
दिनभर चलने-फिरने, काम करने या लंबे समय तक खड़े रहने से पैरों में थकान महसूस होना आम बात है। रात में सोने से पहले तलवों की हल्के हाथों से मालिश करने से आराम मिल सकता है। घी लगाकर कुछ मिनट पैरों की मालिश करने से पैरों को आराम महसूस हो सकता है। मालिश के दौरान मिलने वाला हल्का प्रेशर मांसपेशियों के तनाव को कम करने और आराम का एहसास देने में मदद मिल सकती है।
3. अच्छी नींद लेने में मदद मिल सकती है
अगर दिनभर की थकान के बाद रात में मन शांत नहीं होता है, तो सोने से पहले पैरों की हल्की मालिश करना एक अच्छी रिलैक्सेशन रूटीन हो सकता है। तलवों में घी लगाकर धीरे-धीरे मालिश करने से शरीर को आराम महसूस हो सकता है। इससे सोने से पहले तनाव कम करने में मदद मिल सकती है और नींद अच्छी आती है।
4. पैरों की त्वचा को मुलायम बनाए रखने में सहायक
पैरों की स्किन पर अक्सर उतना ध्यान नहीं दिया जाता है, जितना चेहरे और हाथों पर दिया जाता है। इसके कारण तलवों की स्किन रूखी और सख्त होने लगती है। घी में मौजूद चिकनाई स्किन को मुलायम बनाने में मदद कर सकती है। रात में तलवों पर घी लगाने से स्किन में नमी बनी रह सकती है। खासकर जिन लोगों के तलवों में ड्राइनेस रहता है, वे इसे मॉइश्चराइजर के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं।
5. पैरों की मालिश से मानसिक सुकून
रात में सोने से पहले पैरों की कुछ मिनट हल्की मालिश करने से मानसिक स्वास्थ्य को भी आराम मिल सकता है। तलवों में घी लगाकर मालिश करना एक तरह का सेल्फ-केयर रूटीन बन सकता है। हल्की मालिश करने से शरीर को आराम मिलता है और दिनभर की भागदौड़ के बाद मन शांत महसूस हो सकता है। इससे सोने से पहले रिलैक्स करने में मदद मिल सकती है।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2023 में International Journal of Research in Ayurveda and Pharmacy में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, आयुर्वेद में सोने से पहले पैर के तलवों की तेल से मालिश करने की प्रक्रिया वात और पित्त दोष को शांत करके तनाव और एंग्जायटी को कम करने में मदद करती है। इसके साथ ही अनिद्रा जैसी समस्याओं को दूर करके गहरी नींद में भी फायदेमंद हो सकता है। रोजाना पैरों के तलवे की तेल मालिश करने से पैरों का रूखापन दूर होता है, थकान से आराम मिलता है और एड़ियों के फटने की समस्या कम होती है।
Benefits-of-foot-massage-with-cow-ghee
पैरों के तलवों में घी की मालिश करने का सही तरीका
डॉ. श्रेय शर्मा का कहना है कि अगर आप रात में सोने से पहले तलवों में घी लगाना चाहते हैं तो इन आसान स्टेप्स को अपनाएं-
- सबसे पहले अपने पैरों को हल्के गुनगुने पानी से अच्छी तरह साफ कर लें।
- साफ तौलिए से पैरों को सुखा लें, खासकर उंगलियों के बीच की जगह को।
- अब एक छोटी कटोरी में थोड़ा सा शुद्ध देसी घी लें।
- घी को हथेलियों पर लेकर तलवों और एड़ियों पर हल्के हाथों से लगाएं।
- करीब 5 से 10 मिनट तक हल्की मालिश करें।
इसे भी पढ़ें: शिशु की मालिश में न करें ये 7 बड़ी गलतियां, डॉक्टर से जानें सही तरीका
तलवों में घी लगाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
- पैर के तलवों पर घी की मालिश हमेशा पैर साफ करके करनी चाहिए।
- जरूरत से ज्यादा पैरों में घी लगाने से बचना चाहिए।
- पैरों में फंगल इंफेक्शन, खुजली या घाव होने पर घी लगाने से पहले डॉक्टर की सलाह लें।
- अगर घी लगाने के बाद रेडनेस, खुजली या जलन हो तो घी की मालिश करना बंद कर दें।
- डायबिटीज के मरीजों को पैरों में किसी भी तरह की समस्या होने पर खास ध्यान रखना चाहिए।
- घी लगाने के बाद फर्श पर नंगे पैर चलने से बचें, क्योंकि इससे फिसलने का खतरा बना रहता है।
क्या रोज रात को तलवों में घी लगाना चाहिए?
डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि अगर आपकी स्किन घी को आसानी से सहन कर पाती है और पैरों में कोई इंफेक्शन या घाव नहीं है तो आप अपनी जरूरत के अनुसार इसे रात में लगा सकते हैं। हालांकि, रोजाना घी लगाना जरूरी नहीं है। पैरों की स्किन को हेल्दी रखने के लिए साफ-सफाई, सही मॉइश्चराइजर और आरामदायक फुटवियर पहनना बहुत जरूरी है।
निष्कर्ष
रात को सोने से पहले तलवों में घी की मालिश करना पैरों की देखभाल और रिलैक्सेशन का एक आसान तरीका हो सकता है। इससे एड़ियों का ड्राइनेस कम होता है, स्किन को मुलायम बनाने और दिनभर की थकान के बाद आराम महसूस करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं समझना चाहिए और कोई समस्या महसूस होने पर इसका उपयोग करना बंद कर देना चाहिए।
Image Credit: Freepik
FAQ
पैरों की मालिश करने का सही तरीका क्या है?
पैरों की मालिश हमेशा हल्के गुनगुने तेल से तलवों पर नीचे से ऊपर की और उंगलियों के बीच हल्के हाथों से प्रेशर देते हुए करनी चाहिए। मालिश के बाद पैरों को कुछ देर आराम दें या गुनगुने पानी से धो लें।पैरों में कौन से तेल की मालिश करनी चाहिए?
थकान और दर्द से राहत पाने के लिए आप तिल के तेल, सरसों का तेल या बादाम का तेल इस्तेमाल कर सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 31, 2026 22:02 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma
