आप क्या खा रहे हैं, उसका आपके स्वास्थ्य पर बहुत गहरा असर पड़ता है। जैसे आपने देखा होगा कि प्रोसेस्ड या जंक फूड का अधिक मात्रा में सेवन करने से वजन बढ़ने लगता है। इसी तरह, डाइट का प्रभाव सेक्स ड्राइव पर भी पड़ता है। विशेषज्ञों की मानें, तो सही खान-पान की मदद से ब्लड फ्लो कंट्रोल होता है, हार्मोन प्रोडक्शन पर असर पड़ता है और इस तरह सेक्स ड्राइव पर भी इसका प्रभाव देखने को मिलता है। आइए, इसी क्रम को और विस्तार से समझते हैं। साथ ही जानेंगे कि सेक्स ड्राइव को बढ़ाने के लिए क्या डाइट में क्या शामिल करें और क्या न खाएं? इस बारे में जानने के लिए हमने नवी मुंबई स्थित मेडिकवर अस्पताल के यूरोलॉजिस्ट, एंड्रोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. विजय दहिफले से बात की।
डाइट सेक्स ड्राइव को कैसे बदल सकती है?
how does Changing your diet affect libido 01 (8)
सेक्स ड्राइव में सुधार के लिए डाइट का अहम योगदान है। यह सिर्फ पुरुषों के लिए महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि महिलाओं के लिए भी आवश्यक माना जाता है। डॉ. विजय दहिफलेका कहना है कि डाइट की मदद से पुरुषों और महिलाओं दोनों की प्रजनन क्षमता पर असर पड़ता है और सेक्स ड्राइव में भी सुधार होता है।
Asian Journal of Andrology की मानें, तो खान-पान का पुरुषों की यौन क्षमता से सीधा संबंध है। लो-फैट डाइट, फल-सब्जियां, नट्स और नियमित वर्कआउट की मदद से पुरुषों में इरेक्टाइल डिसफंक्शन जैसी समस्या को रोका जा सकता है। वहीं, डॉ. विजय दहिफले कहते हैं, "पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लेने से ब्लड सर्कुलेशन बूस्ट होता है, जिससे सेक्स ड्राइव में पॉजिटिव बदलाव देखने को मिलता है।"
साल 2021 में American Journal of Lifestyle Medicineमें प्रकाशित शोध के अनुसार, महिलाओं के संपूर्ण यौन और प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए खान-पान में सुधार करना जरूरी होता है और प्रभावी तरीका भी है। इस रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि जिन महिलाओं को पीसीओएस जैसी स्त्री रोग संबंधी समस्याएं हैं, उनमें बांझपन और यौन अनिच्छा जैसी समस्या अधिक देखने को मिलती है। इसमें सुधार के लिए सिर्फ दवा पर निर्भर रहना काफी नहीं होता है। इसके साथ-साथ डाइट में हरी सब्जियां, फल आदि का भी सेवन किया जाना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: पुरुषों में 40 की उम्र के बाद होने वाले हार्मोनल बदलाव का सेक्शुअल हेल्थ पर असर, समझें डॉक्टर से
सेक्स ड्राइव बढ़ाने के लिए क्या खाएं?
1. डाइट में शामिल करें नट्स
Harvard Health Publishing की मानें, तो रोजाना मुट्ठी भर नट्स का सेवन करने से सेक्स ड्राइव में सुधार होता है। आमतौर पर ऐसा पुरुषों में नजर आता है। दअरसल, नट्स जैसे अखरोट, बादाम आदि को मिक्स करके खाने से ब्लड फ्लो बेहतर होता है। असल में, इसमें अमीनो एसिड होता है, जो शरीर को नाइट्रिक ऑक्साइड बनाने में मदद करता है। नाइट्रिक ऑक्साइड धमनियों को रिलैक्स करता है। इसका प्रभाव पेल्विक एरिया पर भी पड़ता है। ऐसे में यौन इच्छा में भी वृद्धि देखी जाती है।
2. अलसी के बीज से मिलेगा लाभ
नट्स की ही तरह सीड्स यानी बीज भी महिला और पुरुष, दोनों में यौन इच्छा को बढ़ा सकते हैं। विशेषज्ञों की मानें, तो अलसी के बीज में ओमेगा-3 फैटी एसिड और एमिनो एसिड पाया जाता है। ये तत्व शरीर में ब्लड फ्लो बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। जानकारी के लिए बता दें कि एल-अर्गिनिन नामक एमिनो एसिड पुरुषों की स्पर्म क्वालिटी में भी सुधार करता है और यह एनर्जी के स्तर को भी बेहतर बनाता है। इस तरह देखा जाए, तो सेक्स ड्राइव को बेहतर बनाने के लिए अलसी के बीज को भी डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है।
हालांकि, Frontiers in Nutrition में प्रकाशित एक सिस्टमैटिक रिव्यू से पता चलता है कि सेक्स ड्राइव को बढ़ाने के लिए अलसी का सेवन करने से सेक्स हार्मोन जैसे कि टेस्टोस्टेरोन, फॉलिकल-स्टिम्युलेटिंग हार्मोन आदि के समग्र स्तर में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखता है। वहीं, डॉ. विजय दहिफले कहते हैं कि इसकी मदद से सेहत में सुधार कर सकते हैं, जिससे स्वतः यौन संबंध में भी बेहतरी देखने को मिलती है।
3. कद्दू के बीज हैं फायदेमंद
डॉ. विजय दहिफले की मानें, तो कद्दू के बीज भी सेक्स ड्राइव में सुधार के लिए काफी उपयोगी माने जाते हैं। असल में, कद्दू के बीज मैग्नीशियम और जिंक का बहुत अच्छा स्रोत है। इसके अलावा, कद्दू के बीज में एंटी ऑक्सीडेटिव तथा कार्डियोप्रोटेक्टिव पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। ये सभी पोषक तत्व सेक्शुअल हेल्थ में सुधार करते हैं। इसके अलावा, कद्दू के बीज ओमेगा-3 फैटी एसिड का भी स्रोत है, जो कि महिला और पुरुष दोनों के लिए लाभकारी है।
इसे भी पढ़ें: सेक्स नहीं करने से पुरुषों को हो सकते हैं ये 5 नुकसान, खुद बता रहे हैं डॉक्टर
4. अश्वगंधा का करें सेवन
सेक्शुअल हेल्थ में सुधार के लिए कई सालों से अश्वगंधा का उपयोग किया जा रहा है। आयुर्वेद में भी अश्वगंधा को एक मुख्य जड़ी-बूटी माना गया है। अश्वगंधा तनाव पैदा करने वाले हार्मोन (कोर्टिसोल) को कम करने में मदद करती है, जिससे आपके शरीर और दिमाग दोनों का मूड बनने में आसानी होती है। इस तरह यह सेक्शुअल हेल्थ में भी सुधार करता है।
5. अनार भी है कारगर
ज्यादातर घरों में अनार का सेवन किया जाता है। यह एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है, जो शरीर में अंदरूनी तनाव और सूजन को कम करता है। यह हार्मोन के स्तर को संतुलित करने तथा मूड में सुधार करने के लिए भी जाना जाता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि अनार में कई ऐसे पोषक तत्व हैं, जो स्टैमिना के लिए टेस्टोस्टेरोन और नाइट्रिक ऑक्साइड के स्तर को बढ़ाने में मदद करता है।
क्या न खाएं?
how changing your diet affect libido Inside
लिबिडो में सुधार करने के लिए पुरुष और महिलाओं, दोनों को अपनी डाइट से कुछ चीजों को पूरी तरह बाहर निकाल देना चाहिए, जैसे-
- अतिरिक्त शराब का सेवन न करें। इससे शरीर में तनाव बढ़ता है, पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन का स्तर घटता है और महिलाओं में उत्तेजना को कम करता है।
- शुगर युक्त चीजों का सेवन भी कम किया जाना चाहिए। अधिक मात्रा में शुगर खाने से ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में एनर्जी क्रैश कर सकती है। नतीजतन व्यक्ति थकान और कमजोरी महसूस कर सकता है।
- शुगर युक्त चीजों का सेवन करने से शरीर में सूजन बढ़ती है, जिसका प्रभाव टेस्टोस्टेरोन के स्तर पर भी पड़ता है।
- ट्रांस फैट, फास्ट फूड और जंक फूड से भी दूरी बनाए रखनी चाहिए। इनका सेवन करने से ब्लड वेसल्स पर नेगेटिव असर पड़ता है।
- प्रोसेस्ड मीट, रिफाइंड कार्ब्स भी यौन इच्छा को कम कर सकते हैं। इसलिए, इनसे भी दूरी बनाए रखना फायदेमंद है।
इसे भी पढ़ें: 50 साल की उम्र के बाद पुरुष अपनी सेक्स लाइफ में कैसे करें सुधार? अपनाएं डॉक्टर के बताए ये 5 टिप्स
निष्कर्ष
बढ़ता काम का दबाव, रिश्तों में दूरियां और खराब जीवनशैली। इन सबका नकारात्मक प्रभाव हमारी सेक्शुअल हेल्थ पर पड़ता है। इसके साथ-साथ डाइट भी हमारी सेक्स ड्राइव को प्रभावित करता है। इसलिए, आप क्या खा रहे हैं, क्या नहीं, इस पर पूरी नजर रखें। डाइट में छोटा सा बदलाव आपके यौन संबंध को बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या अधिक मात्रा में कैफीन का सेवन करने से सेक्स ड्राइव कम होती है?
हां, सीमित मात्रा में कैफीन का सेवन करना सही होता है। अगर आप अधिक कैफीन का सेवन करते हैं, तो इसकी वजह से शरीर में तनाव का हार्मोन (कोर्टिसोल) बढ़ जाता है। इससे नसें सिकुड़ती हैं और ब्लड फ्लो धीमा हो जाता है। नतीजतन, उत्तेजना में कमी आने लगती है।क्या जिंक की कमी सीधे तौर पर पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन और सेक्स ड्राइव को प्रभावित करती है?
जिंक की मदद से पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन बनता है और स्पर्म क्वालिटी में सुधार होता है। शरीर में जिंक का स्तर कम होने से टेस्टोस्टेरोन का स्तर गिरता है, जिससे यौन इच्छा में भारी कमी आती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 21, 2026 17:14 IST
Modified By : Meera Tagore Sep 21, 2026 17:14 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Vijay S Dahiphale
