कई लोग ऑफिस जाने के लिए नियमित रूप से बाइक या स्कूटी का उपयोग करते हैं। ऐसे लोग अक्सर अपनी सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए ड्राइव करते वक्त हेलमेट पहनना नहीं भूलते। यह बहुत अच्छी बात है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जो लोग रोज हेलमेट पहनते हैं, उन्हें बालों से संबंधित समस्या बनी रहती है? असल में, हेलमेट पहनने वालों को अपने बालों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ऐसा न करने के कारण न सिर्फ बाल रूखे और बेजान हो जाते हैं, बल्कि हेयर फॉल भी बढ़ जाता है।
राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञडॉ. करुणा मल्होत्रा इस बारे में स्पष्ट करती हैं, "हेलमेट पहनने वालों को हमेशा अपने बालों की अच्छी केयर करनी चाहिए। इसके अलावा, हेलमेट पहनने के कारण बालों में गंदगी लग जाती है, पसीना आने की वजह से बाल चिपचिपे हो जाते हैं। ऐसा आपके साथ न हो, इस स्थिति में जरूरी है कि आप हेलमेट पहनने से पहले अपने बालों को अच्छी तरह किसी सूती के कपड़े या स्कार्फ से कवर कर लें। इस तरह आपके बाल सीधे हेलमेट के अंदरूनी हिस्से के संपर्क में नहीं आते हैं और हेयर फॉल का जोखिम कम हो जाता है।"
American Academy of Dermatology (AAD) के अनुसार, जो लोग बहुत टाइट (कसकर) हेयरस्टाइल बनाते हैं या अपने स्कैल्प (सिर की त्वचा) पर लगातार खिंचाव डालते हैं, उन्हें ट्रैक्शन एलोपेसिया (Traction Alopecia) यानी खिंचाव के कारण बाल झड़ने की समस्या हो सकती है। एक्सपर्ट की मानें, तो ऐसी ही स्थिति हेलमेट पहनने से भी हो सकती है।
हेलमेट पहनने वाले बालों की केयर कैसे करें?
hair care tips for helmet wearers know prevention tips from doctor inside-main
साल 2019 में Scientific Reports नामक जर्नल में प्रकाशित वैज्ञानिक शोध पत्र के अनुसार, बालों के झड़ने या खराब होने के पीछे मौसम और प्रदूषण जिम्मेदार होता है। हालांकि, इसमें हेलमेट का बड़ा योगदान नहीं है। हालांकि, आप किस तरह का हेलमेट पहन रहे हैं, ये बात भी मायने रखती है। अगर हेलमेट पुराना और गंदा है, तो इससे बालों पर बुरा असर पड़ सकता है। जानें, ऐसे में क्या करें-
गीले बालों में हेलमेट न पहनें
अगर आप उन लोगों में से हैं, जो रोज हेलमेट पहनते हैं, तो बेहतर है कि गीले बालों में हेलमेट पहनने से बचें। ऐसा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि गीले बाल अधिक कमजोर होते हैं और आसानी से टूट सकते हैं। डॉ. करुणा मल्होत्रा सलाह देती हैं कि गीले बालों में हेलमेट पहनना सही नहीं है। इससे बालों में बैक्टीरिया का जोखिम बना रहता है और नमी लॉक होने के कारण खुजली हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: गंदा हेलमेट बढ़ा सकता है स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा, डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें कैसे करें बचाव?
हेलमेट पहनने से पहले चोटी बना लें
अगर आपके बाल छोटे हैं, तो आप इस स्टेप को नजरअंदाज कर सकते हैं। हां, अगर आपके बाल लंबे हैं, तो बेहतर है कि आप बालों की एक चोटी या नीचे की ओर पोनी टेल बना लें। हाई पोनी टेल न बनाएं, इससे हेलमेट पहनने में मुश्किलें आ सकती हैं। चोटी बनाकर हेलमेट पहनने से इनके टूटने तथा राइड के दौरान हवा में उड़ रहे बालों के उलझने का जोखिम कम होता है।
लीव-इन कंडीशनर अप्लाई करें
हेलमेट पहनने से पहले बालों पर लीव-इन कंडीशनर या हेयर सीरम लगा सकते हैं। इससे बालों का उलझना कम होता है और काॅम्ब करते हुए बाल कम टूटते हैं। ध्यान रखें कि इस तरह के प्रोडक्ट को बालों की जड़ों पर नहीं लगाना चाहिए।
बैरियर कैप जरूर पहनें
जैसा कि डॉ. करुणा मल्होत्रा ने पहले ही सलाह दी है, "हेलमेट पहनने से पहले बालों पर एक स्कार्फ बांध लें या बैरियर कैप लगाएं। ऐसे में बाल हेलमेट के सीधे संपर्क में आने से बचते हैं। वैसे भी हेलमेट की रोजाना अंदरूनी सफाई संभव नहीं है। बार-बार एक ही हेलमेट पहनने से उसमें गंदगी और धूल-मिट्टी जम जाती है। इसके सीधे संपर्क में आने से हेयर फॉल बढ़ सकता है और कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।"
बालों को नियमित वॉश करें
वैसे तो नियमित रूप से हेयर वॉश करना बालों के लिए जरूरी होता है। दिन भर घर से बाहर रहने पर बालों में कई तरह की गंदगी या धूल-मिट्टी जम जाती है। अगर आप समय पर बालों की सफाई नहीं करते हैं, तो ऐसे में स्कैल्प के पोर्स लॉक हो सकते हैं, जिससे बालों में सीबम प्रोडक्शन प्रभावित होता है। यहां तक कि खुजली और जलन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें- ऑयली स्कैल्प और चिपचिपे बालों से छुटकारा कैसे पाएं? जानें 7 आसान और असरदार तरीके
एक्सपर्ट की सलाह
ध्यान रखें कि हेयर फॉल होने के पीछे कई तरह के कारण होते हैं। हालांकि, हेलमेट पहनना भी उनमें से एक कारण हो सकता है। इसके बावजूद, जरूरी है कि जब भी आप नोटिस करें कि अचानक हेयर फॉल बढ़ रहा है, ऐसे में इसकी मूल वजह को जानने की कोशिश करें। कई बार हार्मोनल बदलाव, मेडिकल कंडीशन या डाइट तथा लाइफस्टाइल में आए परिवर्तन भी हेयर फॉल का कारण बनते हैं। बहरहाल, डॉ. करुणा मल्होत्रा सलाह देती हैं-
- बालों की हाइजीन का ही ध्यान रखना काफी नहीं है।
- बालों को सप्ताह में दो बार अच्छा और घरेलू हेयर ट्रीटमेंट भी दें।
- एलोवेरा हेयर मास्क और नियमित रूप से हेयर ऑयलिंग करना अच्छे विकल्प हैं।
- अधिक पसीना आने के कारण स्कैल्प का पीएच लेवल प्रभावित होता है। इसका संतुलन बनाए रखें।
- लंबे समय तक हेलमेट पहनने से सिर में पसीना आने लगता है। इसे कंट्रोल करने के लिए राइड खत्म होते ही हेलमेट उतार दें और बालों को खुला छोड़ दें।
- हेलमेट हाइजीन का ध्यान रखा जाना भी जरूरी है।
- हेलमेट की अंदरूनी सफाई करें, ताकि उसमें चिपके डेड सेल्स को रिमूव किया जा सके।
- हेलमेट किसी के साथ शेयर करने से बचें। यह संक्रमण का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: लंबे बालों की देखभाल कैसे करें? जानें एक्सपर्ट से
निष्कर्ष
हेलमेट पहनने वालों को अपने बालों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। कई बार लंबे समय तक एक ही हेलमेट पहनने से और उसकी अच्छी सफाई नहीं करने से बालों से संबंधित समस्या होने लगती है। ऐसे में हेयर फॉल बढ़ सकता है। यहां तक कि स्कैल्प में एक्ने या पिंपल जैसी समस्या भी हो सकती है। ऐसा आपके साथ न हो, इसके लिए जरूरी है कि अपने बालों की अच्छी केयर करें और प्री-राइड हेयर केयर रूटीन जरूर फॉलो करें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या भारी हेलमेट पहनने से सिर में ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है?
भारी या बहुत टाइट हेलमेट पहनने से स्कैल्प की नसों और हेयर फॉलिकल्स पर दबाव पड़ता है। इससे स्कैल्प तक ऑक्सीजन और आवश्यक पोषक तत्वों का प्रवाह धीमा हो सकता है। ऐसे में हेयर फॉल का रिस्क बढ़ जाता है।क्या हेलमेट के अंदर की बैडिंग को धूप में सुखाने से फंगल इंफेक्शन को रोका जा सकता है?
एक्सपर्ट की मानें, तो हेलमेट के अंदर की बैडिंग को धूप में सुखाने से फंगल इंफेक्शन को रोका जा सकता है। दरअसल, सूरज की यूवी (UV) किरणें प्राकृतिक रूप से फंगस और बैक्टीरिया को नष्ट कर देती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 21, 2026 10:08 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra
-1789965322100.webp)