Can Almond Oil Help Reduce Hair Fall And Split Ends: केवल बादाम का तेल लगाने से हेयर फॉल या दोमुंहे बालों की समस्या दूर नहीं हो सकती। हेयर फॉल के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे पोषक तत्वों की कमी, थायराइड की समस्या, हार्मोन में बदलाव, तनाव, आनुवंशिक कारण और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं वगैरह। बादाम के तेल में मैग्नीशियम पाया जाता है जो कि बालों के टूटने की समस्या को कुछ हद तक कंट्रोल कर सकता है, लेकिन अगर शरीर में मैग्नीशियम की कमी है, तो हेयर ग्रोथ साइकिल प्रभावित हो सकती है। आइए जानते हैं अध्ययनों में बादाम के तेल को बालों के लिए कितना उपयोगी बताया गया है? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
हेयर फॉल का इलाज नहीं है बादाम का तेल: अध्ययन
almond-oil-for-hair-fall-and-split-ends
साल 2023 में International Journal Of Current Science में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, बादाम और आंवला को मिलाकर एक हर्बल ऑयल तैयार किया गया। शोधकर्ताओं ने इसके गुणों को परखा। अध्ययन में पता चला कि बादाम से तैयार हेयर ऑयल बालों को पोषण देने और बालों की देखभाल में मदद करता है। हालांकि, बादाम के तेल से हेयर फाॅल को रोकने में मदद मिलती है, ऐसे किसी प्रमाण का जिक्र अध्ययन में नहीं मिला है।
बादाम तेल बालों का प्रोटीन लॉस नहीं रोक सकता: अध्ययन
साल 2022 में International Journal Of Trichology में प्रकाशित एक समीक्षा लेख में बालों की देखभाल के लिए इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग तेलों और उनके फायदों पर शोध किया गया। इसमें बादाम, नारियल, अरंडी, आर्गन, जैतून, आंवला, मेथी, तिल और सरसों के तेल को शामिल किया गया है। बादाम के तेल में मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसैचुरेटेड फैटी एसिड के साथ विटामिन E पाया जाता है। यह बालों की इलास्टिसिटी को बेहतर बना सकता है। हालांकि, बालों के प्रोटीन लॉस को रोकने में बादाम के तेल का कोई खास लाभ नहीं पाया गया।
बादाम का तेल डैंड्रफ और धूप के असर से बचाव कर सकता है
साल 2022 में International Journal Of Cosmetic Science में प्रकाशित एक समीक्षा लेख के अनुसार, बादाम में विटामिन B-7 (बायोटिन) भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो बालों और नाखूनों को स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। इसमें प्राकृतिक रूप से SPF 5 होता है, जो बालों को धूप से होने वाले नुकसान से कुछ हद तक बचा सकता है। बादाम के तेल में एंटीबैक्टीरियल और फंगसरोधी गुण होते हैं। ये गुण डैंड्रफ से बचाव करते हैं। इस समीक्षा में बादाम के तेल से दोमुंहे बाल और हेयर फॉल जैसी समस्यााओं से बचाव के प्रमाण नहीं मिले हैं।
यह भी पढ़ें- हफ्ते का हेयर ऑयल रूटीन कैसे बनाएं? डॉक्टर से जानें
बालों में बादाम का तेल लगाना फायदेमंद है?
हां, बालों में तेल लगाने से स्कैल्प और बालों को कई फायदे मिलते हैं जैसे-
- बादाम के तेल में हेल्दी फैट्स होते हैं। इसे अप्लाई करने से बालों की ड्राईनेस दूर होती है।
- बादाम के तेल से फ्रिजी बालों की समस्या भी दूर होती है।
- बादाम का तेल लगाने से बालों में घर्षण (फ्रिक्शन) कम होता है और बालों के टूटने की समस्या कम होती है।
- बादाम के तेल की मदद से बालों की शाइन बढ़ती है।
- बादाम में विटामिन E होता है जो कि पॉवरफुल एंटीऑक्सीडेंट है। यह बालों को डैमेज से बचाव में मदद करता है।
बालों पर बादाम का तेल लगाने का सही तरीका
- शैंपू करने से 1 से 2 घंटे पहले स्कैल्प और बालों पर बादाम का तेल लगाकर छोड़ दें।
- इसके बाद बालों को अच्छी तरह से माइल्ड शैंपू से धो लें।
- हफ्ते में दो बार बादाम का तेल अप्लाई कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- क्या ऑयली बालों पर तेल लगाना चाहिए? डॉक्टर से जानें ऐसा करने के फायदे-नुकसान
हेयर फाॅल और दोमुंहे बालों से बचने के लिए क्या करें?
- बालों को धोने के लिए हमेशा माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें।
- गीले बालों में कंघी करने से बचें। इससे बाल ज्यादा कमजोर होते हैं और आसानी से टूट सकते हैं।
- बालों को बार-बार स्ट्रेटनर, कर्लर और ब्लो ड्रायर से स्टाइल न करें।
- बालों को बहुत कसकर बांधने से बचें।
- डाइट में प्रोटीन से भरपूर चीजें जैसे अंडे, दाल, पनीर, दूध और सोयाबीन शामिल करें। बालों की मजबूती के लिए प्रोटीन जरूरी है।
- आयरन, जिंक, विटामिन B12 और विटामिन D की कमी से बाल झड़ सकते हैं। संतुलित डाइट लें और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से जांच करवाएं।
- दोमुंहे बालों को ठीक करने के लिए समय-समय पर ट्रिमिंग कराएं।
निष्कर्ष:
बादाम का तेल बालों को पोषण देता है। इसमें फैटी एसिड्स औ विटामिन E जैसे पोषक तत्व होते हैं जिससे बालों में शाइन रहती है और फ्रिक्शन कम होता है। हालांकि, स्टडीज में हेयर फॉल और दोमुंहे बालों की समस्या के इलाज में बादाम तेल के इस्तेमाल पर कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। बादाम का तेल बालों को धूप के प्रभाव से कुछ हद तक सुरक्षा दे सकता है, लेकिन यह हेयर फॉल रोकने का प्रमाणित इलाज नहीं है। बालों को स्वस्थ रखने के लिए इसे हफ्ते में दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
image credit: magnific
FAQ
क्या बादाम का तेल बालों को घना बनाने में मदद करता है?
बादाम के तेल में विटामिन E होता है जिससे बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं। इससे बाल दिखने में थोड़े घने लग सकते हैं, लेकिन यह बालों की मोटाई को स्थायी रूप से नहीं बढ़ाता।किन लोगों को बादाम का तेल बालों में नहीं लगाना चाहिए?
जिन लोगों को बादाम या नट्स से एलर्जी है, उन्हें बादाम का तेल इस्तेमाल करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। स्कैल्प पर घाव, सूजन, इंफेक्शन या गंभीर खुजली होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के तेल न लगाएं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 02, 2026 17:13 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
