कुछ लोगों का मानना है कि रात में फल खाने से वजन बढ़ता है, पाचन क्रिया खराब होती है या ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है। वहीं, कई लोगों का कहना है कि रात में सीमित मात्रा में और सही समय फलों का सेवन सेहत के लिए आमतौर पर नुकसानदायक नहीं, बल्कि फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, फल हमारी रोजमर्रा की डाइट का एक अहम हिस्सा है। इनमें विटामिन, मिनरल्स, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और पानी भरपूर मात्रा में होता है। हालांकि, रात के समय इसे खाने को लेकर लोग अक्सर कंफ्यूज होते हैं और कई गलत धारणाओं पर भरोसा कर लेते हैं। इसलिए, आइए इस लेख में दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से विस्तार में जानते हैं कि रात में फल खाने से शरीर कैसे प्रभावित हो सकती है, कौन-से फल खाने चाहिए?
क्या रात में फल खाना गलत है?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा कहती हैं कि रात में फल खाने को पूरी तरह गलत या नुकसानदायक नहीं माना जा सकता है। शरीर के लिए फल दिन में किसी भी समय खाना फायदेमंद हो सकता है, बस जरूरी है कि आप उसे संतुलित मात्रा में लें और सही फल का चुनाव करें। ध्यान रहे अगर किसी व्यक्ति को रात में हल्की भूख लगती है तो तले-भुने स्नैक्स, मिठाई या ज्यादा कैलोरी वाले फूड्स की जगह फल एक बेहतर विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा फल खाना कुछ लोगों के लिए असुविधा पैदा कर सकता है। खासकर जिन लोगों को एसिडिटी, गैस या ब्लोटिंग की समस्या रहती है, उन्हें रात में फल खाने के बाद परेशानी महसूस हो सकती है।
साल 2019 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, रात को या सोने से पहले फल खाने से नींद पर अच्छा असर पड़ता है। सोने से 1 घंटे पहले दो कीवी खाने से नींद के समय और बेहतर नींद में सुधार हो सकता है। सोने से 1 से 2 घंटे पहले टार्ट चेरी के जूस या इसके प्रोडक्ट्स का सेवन करने से नींद आने में लगने वाले समय में कमी आती है, रात में नींद टूटने की समस्या कम होती है और नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है।
इसे भी पढ़ें: फल खाते समय कभी न करें ये 7 गलतियां, सेहत को हो सकता है भारी नुकसान
रात में फल खाने के फायदे
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, रात में फाल खाने से कई तरह के फायदे मिल सकते हैं, जिनमें शामिल हैं:
- देर रात चिप्स, बिस्कुट या मिठाई खाने की क्रेविंग कम होती है, जिससे अनहेल्दी स्नैकिंग कम हो सकती है
- फलों में मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराने में मदद करता है
- फलों से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं
- फलों में मौजूद पानी की मात्रा शरीर को हाइड्रेट रखता है
रात में कौन-से फल खाने चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि रात के समय खाने के लिए ऐसे फलों को चुनना चाहिए जो आपको आसानी से पच सके और जिनकी मात्रा कंट्रोल की जा सके। इसलिए, आप सेब, नाशपाती, अमरूद, पपीता, संतरा या थोड़ी मात्रा में केला रात के समय खाना अच्छे विकल्प हो सकते हैं। हालांकि, हर व्यक्ति का पाचन अलग-अलग होता है। अगर किसी फल से गैस, ब्लोटिंग या एसिडिटी की समस्या होती है तो उसे रात में खाने से बचना चाहिए। इस बात का भी ध्यान रखें कि फल खाते समय बहुत ज्यादा मात्रा लेने के बजाय छोटा पोर्शन रखना बेहतर होता है। साथ ही, सोने के बिल्कुल तुरंत पहले खाने के खाने से बचें और कुछ समय का अंतर जरूर रखें।
इसे भी पढ़ें: 7 फल जो PMOS में हो सकते हैं फायदेमंद, एक्सपर्ट से जानें इनके बारे में
किन लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा ने बताया कि जिन लोगों को एसिडिटी, गैस, सेंसिटिव पाचन तंत्र या ब्लड शुगर से जुड़ी समस्या है, उन्हें रात में फल खाने पर उसके रिएक्शन पर ध्यान देना जरूरी है। इसी तरह, अगर किसी व्यक्ति को किसी फल से एलर्जी है तो उसे किसी भी समय वह फल नहीं खाना चाहिए। खासकर, छोटे बच्चों, बुजुर्गों और किसी बीमारी से जूझ रहे मरीज को फलों के सेवन, मात्रा और समय पर ध्यान देना जरूरी है और अपनी डाइट में फल शामिल करने के समय और तरीके को लेकर डॉक्टर से सलाह लेना भी जरूरी है।
निष्कर्ष
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि रात में फल खाना हेल्दी व्यक्ति के लिए आमतौर पर सुरक्षित होता है और इसे अपने आप में हानिकारक आदत नहीं माना जाना चाहिए। रात में फल खाने का स्वास्थ्य पर असर इस बात से ज्यादा पड़ता है कि आप कौन-सा फल, कितनी मात्रा में और कैसे खा रहे हैं। अगर आपको रात में हल्की भूख लगती है तो सीमित मात्रा में साबुत फल लेना एक पौष्टिक विकल्प हो सकता है। वहीं, सोने से ठीक पहले बहुत ज्यादा फल खाना या फल के नाम पर मीठे शेक या डेजर्ट लेना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इसलिए, संतुलित मात्रा में, साबुत फल और अपनी जरूरतों को ध्यान में रखना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
रात को सोते समय कौन-से फल नहीं खाना चाहिए?
रात को सोते समय खट्टे फल और बहुत ज्यादा मीठा फल खाने से बचना चाहिए। रात में आप संतरा, केला और तरबूज जैसे फल खाने से बचें।कमजोरी दूर करने के लिए कौन सा फल खाना चाहिए?
शरीर की कमजोरी दूर करने और थकान से राहत पाने के लिए आप केला, अनार, संतरा और सेब जैसे फलों का सेवन कर सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 04, 2026 11:07 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra