क्या घट रही है सेक्स डिजायर (कामेच्छा), कहीं महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन की कमी तो नहीं कारण?

टेस्टोस्टेरोन को अक्सर हम सेक्शुअल हार्मोन भी मानते हैं। अमूमन पुरुषों के संदर्भ में ही टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की बात होती है, क्योंकि इसे मेल हार्मोन भी कहा जाता है। हालांकि, यह बात हम सभी जानते हैं कि कम मात्रा में महिलाओं में भी टेस्टोस्टेरोन हार्मोन होता है। ऐसे में सवाल उठता है कि अगर महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन का स्तर घट जाए, तो क्या इससे उनकी सेक्शुअल लाइफ भी प्रभावित हो सकती है? इस बारे में जानने के लिए हमने वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता से बात की।
महिलाओं की सेक्स लाइफ पर टेस्टोस्टेरोन की भूमिका
साल 2019 में Archives of Endocrinology and Metabolism में प्रकाशित संपादकीय लेख के अनुसार, महिलाओं के कुल टेस्टोस्टेरोन स्तर और उनकी यौन इच्छा में कमी के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। जिस तरह, महिलाओं में मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर घटने लगता है, उस तरह मेनोपॉज के कारण टेस्टोस्टेरोन के स्तर में अचानक गिरावट नहीं आती है। अगर महिला में यौन इच्छा कम हो रही है, तो इसके पीछे अन्य कारक जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे पार्टनर के प्रति गुस्सा, तनाव, डर, शर्म या यौन संबंधों को लेकर गलत अवधारणाएं।
इसे भी पढ़ें: क्या महिलाओं में Low Testosterone है थकान और डिप्रेशन की वजह? डॉक्टर से समझें इसके 7 गंभीर लक्षण
महिलाओं की सेक्स लाइफ और टेस्टोस्टेरोन का संबंध

- यौन इच्छाः टेस्टोस्टेरोन मस्तिष्क और शरीर के अन्य हिस्सों में मौजूद एंड्रोजन रिसेप्टर्स पर सक्रिय रूप से काम करता है। इससे न केवल यौन रुचि प्रभावित होती है, बल्कि यौन उत्तेजनाओं के प्रति शरीर की प्रतिक्रिया पर भी असर पड़ता है।
- जननांग में रक्त प्रवाहः टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की मदद से जननांगों के टिश्यूज में रक्त प्रवाह बढ़ता है और सेंसिटिविटी में भी सुधार होता है। असल में, बेहतर रक्त संचार और तंत्रिका संवेदनशीलता शारीरिक रूप से उत्तेजित होने और चरम सुख तक पहुंचने की प्रक्रिया को सहज बनाने में मदद करते हैं।
- लुब्रिकेशन में मददः आपको यह पता होगा कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम हो जाता है, जिसकी वजह से उन्हें योनि में ड्राईनेस महसूस होती है। इसी तरह, जब उनमें एंड्रोजन (जिसमें टेस्टोस्टेरोन प्रमुख हार्मोन है) असंतुलित होता है, तो इससे योनि का लचीलापन प्रभावित हो सकता है। टेस्टोस्टेरोन के कारण योनि में प्राकृतिक रूप से नमी या चिकनाई बनी रहती है।
महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की कमी के लक्षण
वैसे तो टेस्टोस्टेरोन का स्तर महिलाओं में काफी कम होता है, फिर भी यह हार्मोन उनके स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है। ऐसे में इसकी कमी होना सही नहीं है। अगर इसकी कमी हो जाती है, तो महिलाओं में निम्न लक्षण उभरकर सामने आते हैं, जैसे-
- यौन संबंध पर असर, विशेषकर उत्तेजना और कामेच्छा में कमी।
- एनर्जी का स्तर कम होना, अक्सर थकान से भरा रहना और कुछ भी करने की इच्छा न होना।
- बार-बार मूड बदलना और एंग्जाइटी जैसा महसूस करना।
- मसल्स में कमजोरी और वर्कआउट के बाद रिकवरी में अधिक समय लगना।
- अनियमित पीरियड्स, वजाइनल ड्राईनेस और बालों का कमजोर होकर झड़ना।
- अच्छी नींद लेने में दिक्कतें आना और बोन डेंसिटी में भी कमी आना।
महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन की कमी के कारण
- 30 साल की उम्र के बाद महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन का स्तर अपने आप कम होने लगता है।
- प्राकृतिक मेनोपॉज में टेस्टोस्टेरोन उम्र के साथ धीरे-धीरे घटता है, जबकि सर्जिकल मेनोपॉज (ओवरीज निकालने) में अचानक गिरता है।
- प्री-मैच्योर ओवरियन इंसफिशिएंसी होना यानी 40 साल की उम्र के पहले ओवरीज का काम करना बंद कर देना। इस स्थिति में भी टेस्टोस्टेरोन के स्तर में कमी आने लगती है।
- कई बार बच्चेदानी निकालने की सर्जरी यानी हिस्टेरेक्टाॅमी (Hysterectomy) के साथ-साथ ओवरीज भी रिमूव कर दी जाती है। ऐसे में टेस्टोस्टेरोन प्रोडक्शन अपने आप कम हो जाता है।
- अगर कोई बर्थ कंट्रोल पिल्स या ओरल एस्ट्रोजन लेता है, तो इसकी वजह से एक्टिव टेस्टोस्टेरोन का स्तर कम होने लगता है।
इसे भी पढ़ें: Libido Changes: पुरुषों और महिलाओं में उम्र के साथ क्यों बदल जाती है यौन इच्छा? डॉक्टर ने बताए कारण
महिलाएं सेक्शुअल डिजायर कैसे बढ़ाएं?
- पार्टनर के साथ खुलकर बात करें।
- रोजाना अच्छी नींद लें। इससे हार्मोनल असंतुलन में सुधार होता है।
- तनाव का स्तर कम करें, इसके लिए मेडिटेशन और योग करें।
- शराब और स्मोकिंग से दूर रहें।
- एक्सरसाइज करने से भी सेक्शुअल डिजायर बेहतर होती है।
निष्कर्ष
महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हालांकि, इसका कोई विशेष प्रभाव उनकी यौन इच्छा पर नहीं पड़ता है। इसके बजाय, कई अन्य कारक महिलाओं की सेक्शुअल लाइफ को प्रभावित करते हैं। इसमें पार्टनर के प्रति गुस्सा, डर, यौन संबंध के प्रति उदासीनता आदि शामिल हैं। ऐसा नहीं है कि महिलाओं के लिए टेस्टोस्टेरोन हार्मोन बिल्कुल उपयोगी नहीं है। बहुत कम ही सही, लेकिन टेस्टोस्टेरोन के कारण जेनिटल एरिया में ब्लड फ्लो बढ़ता है और इसके प्रति इच्छा में भी सुधार होता है।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या महिलाएं कामेच्छा बढ़ाने के लिए पुरुषों वाले टेस्टोस्टेरोन सप्लीमेंट या क्रीम का इस्तेमाल कर सकती हैं?
नहीं, ऐसा भूलकर भी न करें। पुरुषों के लिए बने उत्पाद महिलाओं में हार्मोन का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ा सकते हैं और इसके कई गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं।क्या महिलाओं में टेस्टोस्टेरोन का स्तर सामान्य से अधिक होने पर भी समस्या हो सकती है?
हां, टेस्टोस्टेरोन अधिक होने से PCOS, चेहरे पर अनचाहे बाल, मुंहासे और आवाज भारी होने जैसी कुछ समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 12:32 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta