मेनोपॉज के बाद महिलाओं के पीरियड्स पूरी तरह बंद हो जाते हैं। इसका मतलब है कि मेनोपॉज के बाद उनकी प्रजनन क्षमता पूरी तरह खत्म हो जाती है और वे दोबारा कभी भी कंसीव नहीं कर सकती हैं। मेनोपॉज के बाद महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर तेजी से घटने लगता है, जिसकी वजह से वजाइनल ड्राईनेस की समस्या हो जाती है। इस समस्या से निपटने के लिए लुब्रिकेंट का उपयोग किया जा सकता है। आइए, वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता से जानते हैं इस समस्या से निपटने के अन्य असरदार तरीकों के बारे में।
वजाइनल ड्राईनेस से राहत कैसे पाएं?- How to Deal With Vaginal Dryness After Menopause
-1785919046795.webp)
मेनोपॉज के बाद योनि में सूखापन महसूस होना एक सामान्य समस्या है, लेकिन कभी-कभी यह काफी कष्टकारी हो जाती है। ऐसे में आप यहां बताए गए टिप्स को अपनाकर समस्या से राहत पा सकती हैं-
1. वजाइनल मॉइश्चराइजर लगाएं
डॉ. शोभा गुप्ता बताती हैं, "एस्ट्रोजन के स्तर में कमी के कारण योनि का लुब्रिकेशन प्राकृतिक रूप से कम हो जाता है। ऐसे में वजाइनल मॉइश्चराइजर आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसके लिए नॉन-हार्मोनल, वॉटर बेस्ड मॉइश्चराइजर का उपयोग सप्ताह में दो से तीन बार किया जा सकता है।" इससे न सिर्फ सूखापन कम होता है, बल्कि योनि की इलास्टिसिटी यानी लचीलेपन में भी सुधार होता है।
इसे भी पढ़ें: 7 सवाल, जो मेनोपॉज के बाद हर महिला को अपने डॉक्टर से जरूर पूछने चाहिए
2. प्राकृतिक तेल का उपयोग करें
वजाइनल ड्राईनेस से छुटकारा पाने के लिए वर्जिन कोकोनट ऑयल का इस्तेमाल कर सकती हैं। साल 2023 में Cureus Journal Of Medical Science में प्रकाशित रिव्यूड आर्टिकल के अनुसार, योनि के सूखेपन को दूर करने के लिए बड़ी संख्या में दुनिया भर की महिलाएं वर्जिन कोकोनट ऑयल का उपयोग करती हैं। यही नहीं, डिस्पेरूनिया यानी संबंध बनाते समय होने वाले दर्द को कम करने के लिए भी कच्चा नारियल तेल लगाया जाता है, जो कि एक प्रभावी तरीका है।
3. फ्रेग्रेंस युक्त साबुन न लगाएं
-1785919062992.webp)
डॉ. शोभा गुप्ता आगे बताती हैं कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं को इंटिमेट हाइजीन का विशेष ध्यान रखनाा चाहिए, ताकि यूटीआई के जोखिम को कम किया जा सके। ऐसे में कई महिलाएं फ्रेग्रेंस युक्त साबुन या स्प्रे का इस्तेमाल करती हैं। आप ऐसा करने से बचें। यह सही नहीं है। इसके बजाय, आप योनि की सफाई हमेशा सादे पानी से ही करें।
4. नियमित रूप से एक्सरसाइज करें
महिलाओं के मन में यह संशय हो सकता है कि एक्सरसाइज का योनि के ड्राईनेस से क्या संबंध है? National Institute of Diabetes and Digestive and Kidney Diseases (NIDDK) के अनुसार, "पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज करने से ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है।" इसमें कोई दो राय नहीं है कि ब्लड सर्कुलेशन में सुधार की वजह से पेल्विक फ्लोर की मसल्स बेहतर होती हैं, जिससे पेशाब को लंबे समय तक होल्ड करने की क्षमता बेहतर होती है और योनि में नेचुरल लुब्रिकेशन को बढ़ावा मिलता है।
इसे भी पढ़ें: मेनोपॉज से जुड़े 7 मिथक जिन पर लोग अब भी करते हैं यकीन, जानें उनकी सच्चाई
5. अंतरंग संबंधों पर ध्यान दें
डॉ. शोभा गुप्ता बताती हैं, "नियमित रूप से अंतरंग संबंध बनाने वाली महिलाओं को योनि में सूखेपन की समस्या कम होती है। असल में, यौन संबंध बनाने से पेल्विक एरिया में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जो कि योनि के समग्र स्वास्थ्य में सुधार करता है। इस तरह, योनि में सूखापन भी कम होता है। जानकारी के लिए बता दें कि योनि में सूखेपन के कारण इचिंग या जलन जैसी समस्या हो सकती है।"
निष्कर्ष
डॉ. शोभा गुप्ता के अनुसार, "मेनोपॉज के बाद वजाइनल ड्राईनेस होना कोई गंभीर समस्या नहीं है। हालांकि, यह परेशानी कभी-कभी इतनी बढ़ जाती है कि रोजमर्रा के कामकाज में असहजता पैदा कर सकती है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो, तो अपनी समस्या को इग्नोर न करें। इससे निपटने के लिए प्राकृतिक लुब्रिकेंट का उपयोग करें और हाइजीन का प्रॉपर ध्यान रखें। अंतरंग संबंध भी समस्या को कम करने में मदद कर सकते हैं।"
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या मेनोपॉज के बाद वजाइनल ड्राईनेस से छुटकारा पाने के लिए लोकल एस्ट्रोजन क्रीम लगा सकते हैं?
डॉक्टर की सलाह पर वजाइनल एस्ट्रोजन क्रीम लगा सकते हैं। हालांकि, इसकी मात्रा कम होनी चाहिए।क्या पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से योनि की ड्राईनेस दूर हो सकती है?
हां, जब शरीर हाइड्रेटेड रहता है तो त्वचा की नमी के साथ-साथ योनि के टिशूज का प्राकृतिक लुब्रिकेशन भी बेहतर होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 05, 2026 14:09 IST
Modified By : Meera Tagore Aug 05, 2026 14:09 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta