क्या हाई बीपी बिना दवा के ठीक हो सकता है? डॉक्टर से जानें कब दवाइयां हैं जरूरी?

आजकल हाई ब्लड प्रेशर यानी हाई BP की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पहले जहां यह समस्या ज्यादातर बढ़ती उम्र के लोगों में देखने को मिलती थी, वहीं अब युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। खराब खान-पान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, बढ़ता वजन, तनाव और नींद पूरी न होने जैसी आदतें हाई बीपी का जोखिम बढ़ा सकती हैं। ऐसे में जब किसी व्यक्ति को हाई बीपी का पता चलता है, तो उसके मन में कई सवाल आते हैं, जैसे कि क्या खान-पान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके ब्लड प्रेशर नॉर्मल किया जा सकता है? मेट्रो हॉस्पिटल एंड हार्ट इंस्टीट्यूट, नोएडा के इंटरनल मेडिसिन और मेटाबोलिक डिसऑर्डर्स विभाग के डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि कुछ लोगों में हाई ब्लड प्रेशर को शुरुआती अवस्था में लाइफस्टाइल में बदलाव करके कंट्रोल किया जा सकता है।
क्या हाई बीपी बिना दवा के ठीक हो सकता है?
डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, कुछ लोगों में हाई बीपी को शुरुआती अवस्था में खान-पान और लाइफस्टाइल में बदलाव करके कंट्रोल किया जा सकता है। इसके लिए वजन कम करना, नमक का सेवन कम करना, नियमित एक्सरसाइज करना और बैलेंस डाइट अपनाना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, हर व्यक्ति के लिए बिना दवा के बीपी कंट्रोल करना संभव नहीं होता है।
अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर लगातार ज्यादा रहता है या उसे डायबिटीज, किडनी की बीमारी और दिल से जुड़ी समस्या है, तो डॉक्टर दवाएं लेने की सलाह दे सकते हैं। ऐसे में केवल घरेलू उपायों या खान-पान के भरोसे रहना सही नहीं है। हाई बीपी की दवाएं डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित लेनी चाहिए।
हाई बीपी को नेचुरल तरीके से कंट्रोल करने के लिए क्या करें?
1. नमक का सेवन कम करें
डॉ. अक्षय चुघ सलाह देते हैं कि हाई बीपी के मरीजों को अपने खाने में नमक की मात्रा सीमित रखनी चाहिए। ज्यादा नमक खाने से शरीर में सोडियम की मात्रा बढ़ सकती है, जिससे शरीर में पानी जमा होने और ब्लड प्रेशर बढ़ने का जोखिम रहता है। अचार, पापड़, चिप्स, नमकीन और पैकेट वाले फूड्स का सेवन भी सीमित करें। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वयस्कों को रोजाना 5 ग्राम से कम नमक का सेवन करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: शुगर पेशेंट को क्यों जल्दी हो सकती है हाई बीपी की दिक्कत? डॉक्टर से समझें इन दोनों का मेडिकल कनेक्शन
2. नियमित एक्सरसाइज करें
डॉ. अक्षय चुघ बताते हैं कि शारीरिक रूप से एक्टिव रहने से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है। इसके लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट तेज चलना, साइकिल चलाना या हल्की एक्सरसाइज करना फायदेमंद है। नियमित फिजिकल एक्टिविटी से वजन कंट्रोल रहता है और हार्ट हेल्थ बेहतर बनी रहती है।
3. वजन कंट्रोल रखें
डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, ज्यादा वजन और मोटापा हाई बीपी के जोखिम कारकों में शामिल हैं। शरीर में ज्यादा फैट जमा होने से दिल को खून पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इसलिए बैलेंस डाइट और नियमित एक्सरसाइज की मदद से हेल्दी वजन बनाए रखने की कोशिश करें।
4. तनाव कम करें और पर्याप्त नींद लें
लगातार तनाव में रहने और पर्याप्त नींद न लेने से ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। इसलिए रोजाना 7-9 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें। तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान और गहरी सांस लेने वाले अभ्यास किए जा सकते हैं। इसके अलावा सोने और जागने का समय नियमित रखना भी जरूरी है।

5. शराब और धूम्रपान से बचें
डॉ. अक्षय चुघ के अनुसार, शराब का ज्यादा सेवन और धूम्रपान ब्लड प्रेशर के साथ-साथ दिल की सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। निकोटीन के कारण ब्लड वैसेल्स सिकुड़ सकती हैं और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इसलिए धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाएं और शराब से बचना बेहतर है।
साल 2007 में The Journal of Clinical Hypertension में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, वजन कम करना, नमक का सेवन घटाना, नियमित हल्की एक्सरसाइज करना, शराब सीमित रखना और डैश डाइट अपनाना हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मददगार हो सकता है, लेकिन अधिकांश मरीजों के लिए केवल लाइफस्टाइल में बदलाव ही पर्याप्त इलाज नहीं है। हालांकि इन उपायों से लगभग 20 प्रतिशत मरीजों को दवाओं की आवश्यकता से बचने में मदद मिल सकती है, फिर भी वास्तविक जीवन में इन्हें लंबे समय तक बनाए रखना कठिन होता है और अधिकतर लोगों को ब्लड प्रेशर कंट्रोल रखने के लिए दवाओं का सहारा लेना ही पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: क्या सर्दियों में बीपी बढ़ जाता है? कारण सहित बचाव जानें दिल के डॉक्टर से
हाई बीपी की गोली कब लेनी चाहिए?
डॉ. अक्षय चुघ सलाह देते हैं कि अगर लाइफस्टाइल में बदलाव करने के बावजूद ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा हुआ रहता है, तो डॉक्टर दवाएं शुरू कर सकते हैं। इसके अलावा जिन लोगों का बीपी काफी ज्यादा है या जिन्हें हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी की बीमारी का जोखिम है, उन्हें दवाओं की जरूरत पड़ सकती है।
ध्यान रखें कि हाई बीपी की दवाएं शुरू करने के बाद अपनी मर्जी से इन्हें बंद नहीं करना चाहिए। अगर खान-पान और एक्सरसाइज के कारण बीपी नॉर्मल हो जाता है, तब भी दवा की खुराक कम करने या बंद करने का फैसला केवल डॉक्टर को करना चाहिए। नियमित रूप से बीपी चेक करना भी जरूरी है, ताकि इसकी स्थिति पर नजर रखी जा सके।
निष्कर्ष
हाई बीपी को कुछ लोगों में लाइफस्टाइल में सुधार करके कंट्रोल किया जा सकता है, लेकिन हर मरीज के लिए बिना दवा के इसे ठीक करना संभव नहीं है। नमक कम खाना, नियमित एक्सरसाइज करना, वजन कंट्रोल रखना और तनाव से बचना ब्लड प्रेशर को सामान्य बनाए रखने में मदद कर सकता है। हालांकि, अगर डॉक्टर ने बीपी की दवा दी है, तो उसे अपनी मर्जी से बंद न करें। समय पर जांच और सही इलाज से हाई बीपी के कारण होने वाली हार्ट अटैक, स्ट्रोक और किडनी की बीमारियों का जोखिम कम किया जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या चाय और कॉफी पीने से बीपी बढ़ता है?
चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन कुछ लोगों में थोड़े समय के लिए ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है।क्या हाई बीपी का असर आंखों की रोशनी पर पड़ सकता है?
हां, लंबे समय तक अनियंत्रित हाई बीपी रहने से आंखों की ब्लड वैसेल्स प्रभावित हो सकती हैं। इसे हाइपरटेंसिव रेटिनोपैथी कहा जाता है, जिससे गंभीर मामलों में नजर कमजोर हो सकती है।क्या मौसम बदलने से ब्लड प्रेशर प्रभावित होता है?
हां, ठंड के मौसम में ब्लड वैसेल्स सिकुड़ने के कारण ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। वहीं, गर्मी में पसीना और शरीर में पानी की कमी भी बीपी को प्रभावित कर सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 26, 2026 18:01 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh