अपराजिता के फूल सेहत के लिए हैं वरदान, जानें आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से इस्तेमाल का सही तरीका

अपराजिता का नीला फूल आपने घरों, बगीचों या मंदिरों के आस-पास जरूर देखा होगा। देखने में बेहद खूबसूरत यह फूल आयुर्वेद में औषधीय गुणों के लिए भी जाना जाता है। खास बात यह है कि अपराजिता के फूलों से तैयार नीली चाय (Blue Tea) सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद मानी जाती है। हरियाणा के सिरसा स्थित रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा बताते हैं कि अपराजिता शरीर के लिए अच्छे डिटॉक्स की तरह काम करता है। इसे लिगामेंट्स के लिए भी अच्छा माना जाता है। इतना ही नहीं, अपराजिता के फूलों से बनी चाय एक तरह के न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट की तरह काम कर सकती है और भूख बढ़ाने में भी मददगार मानी जाती है।
अपराजिता के फायदे क्या हैं?
आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, अपराजिता एक औषधीय पौधा है, जिसका वैज्ञानिक नाम क्लिटोरिया टर्नेटिया (Clitoria ternatea) है। इसके फूल मुख्य रूप से नीले और सफेद रंग के होते हैं। आयुर्वेद में इस पौधे के अलग-अलग हिस्सों का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से किया जाता रहा है। खासकर इसके नीले फूलों से हर्बल चाय तैयार की जाती है।
1. शरीर को डिटॉक्स करने में मददगार
आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, अपराजिता शरीर के लिए अच्छे डिटॉक्स की तरह काम करता है। आयुर्वेद में शरीर से विषाक्त तत्वों को बाहर निकालने और डाइजेस्टिव सिस्टम को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया जाता है। अपराजिता की चाय को इसी उद्देश्य से पारंपरिक रूप से इस्तेमाल किया जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं लेकिन यह समझना जरूरी है कि अपराजिता की चाय शरीर के लिवर या किडनी की नेचुरल सफाई का विकल्प नहीं है।
2. लिगामेंट्स के लिए फायदेमंद
आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा बताते हैं कि लिगामेंट्स शरीर में मौजूद मजबूत टिश्यू होते हैं, जो हड्डियों को आपस में जोड़कर रखते हैं और जोड़ों को स्थिरता प्रदान करते हैं। डॉक्टर श्रेय शर्मा के मुताबिक, अपराजिता लिगामेंट्स के लिए भी अच्छा माना जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट यौगिक शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में भूमिका निभा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: लाल प्याज की चाय पीने से सेहत को मिलते हैं 5 फायदे, जाने बनाने का तरीका
3. भूख बढ़ाने में मदद करे
आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, अगर आपको भूख कम लगती है या खाने की इच्छा नहीं होती, तो आयुर्वेद में अपराजिता की चाय का इस्तेमाल भी बताया जाता है। डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, इसकी चाय भूख बढ़ाने में मदद कर सकती है। आयुर्वेद में भूख का संबंध पाचन अग्नि से माना जाता है। जब पाचन अग्नि ठीक तरह से काम करती है, तो व्यक्ति को समय पर भूख लगती है और भोजन का पाचन भी बेहतर तरीके से होता है लेकिन लंबे समय तक भूख न लगने की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

4. शरीर को मिले पोषण
डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, अपराजिता के फूलों से बनी चाय एक तरह के न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट की तरह काम करती है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एंटीऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकते हैं लेकिन इसे पूरे पोषण का विकल्प नहीं समझना चाहिए। शरीर को जरूरी विटामिन, मिनरल्स, प्रोटीन और अन्य पोषक तत्व देने के लिए बैलेंस डाइट लेना जरूरी है। अपराजिता की चाय को नियमित खान-पान के साथ एक हर्बल ड्रिंक के रूप में शामिल किया जा सकता है।
साल 2025 में Plants जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, अपराजिता का फूल अपने बायो एक्टिव तत्वों और नेचुरल नीले रंग के कारण फूड, न्यूट्रास्यूटिकल और कॉस्मेटिक उद्योगों के लिए एक बेहद उपयोगी सोर्स बनकर उभरा है। स्टडीज में इसके एंटीऑक्सीडेंट, एंटी-डायबिटिक, एंटी-ओबेसिटी और लिवर की सुरक्षा जैसे कई संभावित स्वास्थ्य से जुड़े फायदे सामने आए हैं, साथ ही इसका उपयोग नेचुरल रंग और एक्टिव पैकेजिंग में भी बढ़ रहा है।
इसे भी पढ़ें: पेट फूलने पर अदरक की चाय पिएं या पुदीने की चाय, जानें ब्लोटिंग में क्या पीना है फायदेमंद?
अपराजिता की चाय बनाने का आयुर्वेदिक तरीका
अपराजिता के फूलों का इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका इसकी चाय बनाना है। इसे बनाने के लिए आप ये तरीके अपना सकते हैं-
- सबसे पहले एक कप पानी को पैन में गर्म करें।
- इसमें 2-3 साफ ताजे या सूखे अपराजिता के फूल डालें।
- इसे धीमी आंच पर 3-4मिनट तक उबलने दें।
- अब गैस बंद करके इसे कुछ मिनट ढककर रख दें।
- पानी को छानकर कप में निकाल लें।
- स्वाद के लिए इसमें थोड़ा नींबू या शहद मिला सकते हैं।
इस चाय का रंग नीला होता है। इसमें नींबू मिलाने पर इसका रंग बैंगनी हो सकता है।
निष्कर्ष
अपराजिता का फूल आयुर्वेद में अहम स्थान रखता है। डॉक्टर श्रेय शर्मा के अनुसार, यह शरीर को डिटॉक्स करने, लिगामेंट्स को सपोर्ट करने और भूख बढ़ाने में मददगार माना जाता है। इसकी चाय को एक हर्बल ड्रिंक के रूप में अपने डेली रूटीन में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, इसके सभी बताए गए फायदों को साबित करने के लिए अभी और रिसर्च की जरूरत है। इसलिए इसका सेवन संतुलित मात्रा में करें और किसी भी बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
All Image Credit- magnific
FAQ
अपराजिता के फूल का रंग नीला क्यों होता है?
इस फूल में एंथोसायनिन नामक प्राकृतिक पिगमेंट पाए जाते हैं, जिनकी वजह से इसका रंग नीला दिखाई देता है।अपराजिता के फूलों को कैसे सुखाकर स्टोर करें?
फूलों को साफ करके छाया में अच्छी तरह सुखाएं। नमी पूरी तरह निकलने के बाद इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखकर ठंडी जगह पर स्टोर कर सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 12:01 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Shrey Sharma