Fri Nov 27, 2026 | 12:01 PM IST

Medically Reviewed by Archana Jain , Nutritionist

सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अपनी डाइट में जरूर शामिल करें ये 6 सीजनल फूड्स

सर्दियों में सर्दी-जुकाम और वायरल इंफेक्शन से बचने के लिए इम्यूनिटी मजबूत करना जरूरी है। ऐसे में संतरा, आंवला, पालक, गाजर, अदरक और लहसुन जैसे मौसमी फूड्स को डाइट में शमिल करना फायदेमंद हो सकता है। 
सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अपनी डाइट में जरूर शामिल करें ये 6 सीजनल फूड्सseasonal fruits for immune system

सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडी हवाएं, सुहावना मौसम और कई तरह के मौसमी फल और सब्जियां लेकर आता है। हालांकि, इस मौसम में सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और वायरल इंफेक्शन का जोखिम भी ज्यादा बढ़ जाता है। ठंड के दिनों में शरीर को हेल्दी रखने और बीमारियों से बचाव के लिए इम्यूनिटी का मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए सिर्फ दवाओं या सप्लीमेंट्स पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है, बल्कि रोजाना की डाइट में कुछ सीजनल फूड्स शामिल करके इम्यूनिटी को मजबूत बनाया जा सकता है। आइए जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से जानते हैं इसके बारे में।

सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए सीजनल फूड्स

न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन बताती हैं कि सर्दियों में मिलने वाले फल, हरी सब्जियां, मसाले और ड्राई फ्रूट्स विटामिन, मिनरल्स, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर से भरपूर होते हैं। इसलिए, आप इन फूड्स को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं-

1. संतरा और मौसमी 

सर्दियों में संतरा और मौसमी आसानी से मिल जाते हैं। ये दोनों फल विटामिन सी के अच्छे सोर्स हैं, जो इम्यून सिस्टम को नॉर्मल रूप से काम करने में मदद करता है। विटामिन सी शरीर में एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है और सेल्स को ऑक्सीडेटिव नुकसान से बचाने में मदद करता है। इसके अलावा, यह शरीर में कोलेजन बनाने और आयरन के अवशोषण में भी मदद करता है।

साल 2023 में Cureus में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, विटामिन सी हमारे शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के लिए एक जरूरी पोषक तत्व है। यह व्हाइट ब्लड सेल्स, जैसे न्यूट्रोफिल और मोनोसाइट्स में उच्च सांद्रता में जमा होकर इंफेक्शन से लड़ने वाले सेल्स की गतिशीलता और रोगाणुओं को खत्म करने की क्षमता को बढ़ाता है

इसे भी पढ़ें: सर्दियों में रोज पिएं तुलसी और अदरक का काढ़ा, सर्दी-जुकाम समेत इन 5 समस्याओं से मिलेगा आराम

2. आंवला 

सर्दियों में आंवले का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। आंवला विटामिन सी और कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं। यह शरीर को ऑक्सीडेटिव तनाव से बचाने में मदद करता है। आंवला पाचन और स्किन की सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। आप इसे कच्चा खा सकते हैं या इसकी चटनी, मुरब्बा और आंवला जूस को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

3. पालक और मेथी 

सर्दियों में पालक, मेथी और सरसों का साग जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां खाना लोग काफी पसंद करते हैं। इनमें विटामिन ए, विटामिन के, फोलेट, आयरन और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये शरीर के नॉर्मल कामकाज और इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करने में मदद करते हैं। पालक का सूप, मेथी की सब्जी और सरसों का साग सर्दियों की डाइट के बेहतरीन विकल्प हैं।

4. गाजर 

सर्दियों में गाजर का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें बीटा-कैरोटीन पाया जाता है, जिसे शरीर विटामिन ए में बदलता है। विटामिन ए आंखों, स्किन और इम्यून सिस्टम के नॉर्मल कामकाज के लिए जरूरी है। गाजर में फाइबर भी होता है, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। आप गाजर को सलाद, सूप, सब्जी या जूस के रूप में खा सकते हैं।

5. अदरक और लहसुन 

अदरक और लहसुन भारतीय रसोई का अहम हिस्सा होता है, खासकर सर्दियों में लोग इसका ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। अदरक में जिंजरॉल नामक बायोएक्टिव कंपाउंड पाया जाता है, जिसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह गले की खराश और मतली जैसी समस्याओं से आराम दिलाने में मदद कर सकता है। वहीं, लहसुन में एलिसिन नामक तत्व पाया जाता है। इन दोनों को सब्जी, दाल, सूप और चाय के रूप में डाइट में शामिल किया जा सकता है।

Foods to Boost Immunity

6. गुड़ और तिल 

सर्दियों में गुड़ और तिल का सेवन फायदेमंद माना जाता है। तिल में कैल्शियम, हेल्दी फैट, प्रोटीन और कुछ एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। वहीं, गुड़ में थोड़ी मात्रा में आयरन और अन्य मिनरल्स मौजूद होते हैं। तिल के लड्डू, तिल की चिक्की और गुड़ या तिल की पट्टी सर्दियों में स्नैक्स के अच्छे विकल्प होते हैं। हालांकि, गुड़ भी चीनी का ही एक रूप है, इसलिए, इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: सर्दियों में रोज पिएं आंवला जूस या गाजर का जूस? इम्यूनिटी और आंखों की सेहत के लिए क्या है बेहतर?

इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन के अनुसार, सिर्फ मौसमी फल और सब्जियां को खाने से ही इम्यूनिटी मजबूत नहीं होती है, बल्कि अच्छी लाइफस्टाइल भी जरूरी है। इसके लिए आप इन बातों का ध्यान रखें-

  • रोजाना संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करें।
  • नियमित रूप से 2 से 3 लीटर पानी पिएं।
  • रोजाना कम से कम 7 से 9 घंटे की अच्छी नींद लें।
  • नियमित रूप से योग, एक्सरसाइज या वॉक करें।
  • खाने में प्रोटीन के सोर्स जैसे दाल, दूध, दही और पनीर शामिल करें।
  • साफ-सफाई का ध्यान रखें और समय पर वैक्सीनेशन करवाएं।

निष्कर्ष
सर्दियों में मिलने वाले आंवला, संतरा, अमरूद, गाजर, पालक, मेथी, शकरकंद, अदरक, लहसुन और ड्राई फ्रूट्स आपके खाने को पोषक तत्वों से भरपूर बना सकता है। इन मौसमी फूड्स में मौजूद विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट शरीर के इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करते हैं। इसलिए, महंगे सप्लीमेंट्स लेने से पहले अपनी डाइट में इन फूड्स को शामिल करें।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • सर्दियों में सुबह खाली पेट क्या खाएं?

    सर्दियों में सुबह खाली पेट भीगे बादाम, अखरोट या गुनगुने पानी के साथ नींबू-शहद लेना अच्छा माना जाात है। इससे शरीर को गर्माहट मिलती है और पाचन भी बेहतर रहता है।
  • सुबह खाली पेट कौन सा फल नहीं खाना चाहिए?

    सुबह खाली पेट बहुत ज्यादा खट्टे फल जैसे संतरा, मौसमी या कच्चा आम खाने से बचना चाहिए। इससे एसिडिटी, गैस या पेट में जलन की समस्या हो सकती है।

Read Next

रोज आंवले का जूस पीना किन लोगों के लिए सही नहीं है? जानें सेवन से जुड़ी जरूरी बातें

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 27, 2026 11:54 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Archana Jain