रोज आंवले का जूस पीना किन लोगों के लिए सही नहीं है? जानें सेवन से जुड़ी जरूरी बातें

सर्दियों में लोग आंवले का जूस पीना काफी पसंद करते हैं। इससे सेहत को जबरदस्त फायदे मिलते हैं। यह विटामिन सी का अच्छा स्रोत है, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करता है और बीमार होने से रोकता है। यही कारण है कि सर्दियों में आंवले से बने तरह-तरह की रेसिपी का मजा लिया जाता है। इसमें आंवले का जूस भी शामिल है, लेकिन, सवाल उठता है कि क्या सबके लिए यह फायदेमंद है?
इस बारे में रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) बता रहे हैं, "आयुर्वेद में आंवला जूस को एक रसायन (कायाकल्प करने वाले औषधीय गुणों से भरपूर) माना जाता है। पित्त दोष को संतुलित करता है और समग्र स्वास्थ्य में सुधार करता है। इसके बावजूद, कुछ लोगों को इसे डाइट का हिस्सा बनाने से परहेज करना चाहिए। इसमें किडनी के मरीज, ब्लड थिनर की दवा लेने वाले और डायबिटीज के रोगी शामिल हैं।" (Amla Juice Kisko Nahi Pina Chahiye)
किन लोगों को आंवले का जूस नहीं पीना चाहिए?- Amla Juice Kise Nahi Pina Chahiye

एसिडिटी होने पर
जिन लोगों को एसिडिटी, सीने में जलन, पेट में अल्सर जैसी समस्या है, उन लोगों को आंवले का जूस (Amla Ka Juice) पीने से बचना चाहिए या सीमित मात्रा में ही पीना चाहिए। सवाल है, ऐसा क्यों कहा जाता है? इस बारे में एक्सपर्ट बताते हैं, असल में आंवला प्राकृतिक रूप से अम्लीय (कम पीएच वाला, विटामिन सी/एस्कॉर्बिक एसिड से भरपूर) होता है और संवेदनशील या क्षतिग्रस्त ऊपरी पाचन तंत्र में जलन पैदा कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: आंवला जूस कब पीना चाहिए, जानें इसे पीना का सही तरीका क्या है?
किडनी के मरीज
साल 2024 में CEN Case Reports के अनुसार, कई लोग हर्बल या प्राकृतिक पेय समझकर आंवले के जूस को अपनी डाइट का हिस्सा बना लेते हैं, जबकि इसे बिना डाॅक्टर की सलाह के कभी नहीं लेना चाहिए। आंवले के जूस में कई ऐसे तत्व होते हैं, जो कि किडनी में ऑक्सालेट क्रिस्टल जमा करके गंभीर किडनी डैमेज का कारण बन सकते हैं। इसलिए, इसका सेवन करने से बचना चाहिए।
ब्लीडिंग डिसऑर्डर
अगर किसी को ब्लीडिंग डिसऑर्डर है या कोई खून पतला करने की दवा ले रहा है, तो उन्हें भीआंवले का जूस नहीं पीना चाहिए। आंवले में एंटी-प्लेटलेट (रक्त के थक्के जमने से रोकने वाले) और खून को पतला करने वाले गुण होते हैं। ब्लीडिंग डिसऑर्डर होने की स्थिति में आंवले के अधिक सेवन से शरीर में नील पड़ने या अत्यधिक रक्तस्राव होने का खतरा काफी बढ़ सकता है।
डायबिटीज या लो ब्लड शुगर
डायबिटीज के रोगियों को भी आंवले का जूस रोज नहीं पीना चाहिए। विशेषकर, उन्हें आंवले के जूस में मीठा नहीं डालना चाहिए और अगर इसे पीना है, तो इसकी मात्रा भी सीमित रखनी चाहिए। 2011 में International Journal of Food Sciences and Nutrition में प्रकाशित इस अध्ययन के अनुसार, आंवले में ब्लड ग्लूकोज के स्तर को कम करने की प्राकृतिक क्षमता होती है। इसलिए यह ब्लड शुगर को मैनेज करने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे इंसुलिन या शुगर कम करने वाली दवाओं के साथ अधिक मात्रा में लेना खतरनाक हो सकता है। ऐसे में हाइपोग्लाइसीमिया और बेहोशी का खतरा पैदा हो जाता है।
लो ब्लड प्रेशर या हाइपोटेंशन
हाइपोटेंशन यानी लो ब्लड प्रेशर से जूझ रहे लोगों को भी आंवले का जूस सीमित मात्रा में ही पीना चाहिए। हाइपोटेंशन यानी लो ब्लड प्रेशर। जब लो ब्लड प्रेशर का कोई मरीज इसका सेवन करता है, तो इससे बीपी और कम हो सकता है। ऐसे में हाइपोटेंशन की समस्या बढ़ सकती है। ऐसे में चक्कर आना, सिर घूमना, कमजोरी या धुंधला दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: रोज आंवला खाने से शरीर में क्या होता है? आयुर्वेदाचार्य से जानें 7 फायदे और खाने का तरीका
गर्भावस्था में
गर्भावस्था में आप अपनी डाइट में क्या शामिल कर रहे हैं और क्या घटा रहे हैं, इसकी सटीक जानकारी आपके डाॅक्टर को होनी चाहिए। गर्भावस्था में आप जो भी खाते या पीते हैं, उसकी मात्रा सीमित होनी चाहिए। अधिक मात्रा में आंवले का जूस पीने से पेट खराब होने, ऐंठन या दस्त (डायरिया) की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, कुछ संवेदनशील लोगों में आंवले के अत्यधिक सेवन से त्वचा पर चकत्ते (रैशेज), खुजली या पाचन तंत्र में जलन जैसी एलर्जिक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल सकती हैं। इसलिए, गर्भावस्था में इसे डाइट में शामिल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह ले लें।
आंवले का जूस पीने से पहले बरतें जरूरी सावधानियां
- आंवले के जूस को पानी के साथ मिक्स करके पिएं।
- हमेशा शुरुआत इसकी कम मात्रा से करें।
- अधिक खुराक लेने से एसिडिटी, दस्त या त्वचा में रूखापन हो सकता है।
- आंवले का जूस खाली पेट पीने की तुलना में भोजन के साथ या बाद में करें।
- आंवले के जूस को देर रात न पिएं।
निष्कर्ष
आंवले का जूस स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद है। इसके बावजूद, अगर आप किसी तरह की दवा पर निर्भर हैं या किसी तरह की पुरानी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो बेहतर है कि इसका सेवन न करें। वहीं, ब्लड डिसआॅर्डर के मरीजों को भी इसके सेवन से दूर रहना चाहिए। विशेषकर, प्रेग्नेंट महिलाएं इसका आंवले का जूसी सीमित मात्रा में पिएं या इसे डाइट में शामिल करने से पहले डाॅक्टर की सलाह जरूर लें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
सर्जरी (ऑपरेशन) करवाने जा रहे लोगों को आंवला जूस क्यों नहीं पीना चाहिए?
आंवला खून को पतला करता है, जिससे सर्जरी के दौरान या बाद में हैवी ब्लीडिंग होने का खतरा बढ़ सकता है।क्या रोजाना आंवला जूस पीने से दांतों को नुकसान हो सकता है?
हां, आंवले में ऐसे तत्व होते हैं, जो दांतों की सुरक्षात्मक परत (इनेमल) को घिस सकती है, इसलिए इसे स्ट्रॉ से पीना और बाद में कुल्ला करना बेहतर होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Nov 27, 2026 10:28 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shrey Sharma