एलोवेरा जूस का सेवन कई लोग नियमित रूप से सुबह खाली पेट करते हैं। इससे पाचन क्षमता में सुधार होता है, इसमें कई तरह के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो कि इम्यूनिटी को बूस्ट करते हैं और बीमार होने से बचाते हैं। यही नहीं, एलोवेरा जूस में कई ऐसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो कि सीने में जलन आदि समस्याओं से भी राहत दिलाते हैं। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि सबके लिए एलोवेरा जूस पीना फायदेमंद नहीं है। इसके विपरीत, कुछ लोगों को इसका सेवन करने से बचना चाहिए।
इस बारे में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉ. श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) बताते हैं, "निश्चित रूप से एलोवेरा जूस पीना सेहत के लिए काफी फायदेमंद है। इसके बावजूद, सबको इसका सेवन नहीं करना चाहिए। विशेषकर, प्रेग्नेंट महिलाएं, 12 साल की उम्र से छोटे बच्चे, किडनी संबंधी बीमारियों के रोगियों को एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए।"
किन लोगों को एलोवेरा जूस नहीं पीना चाहिए?
Who Should Not Drink Aloe Vera Juice
साल 2016 में Journal of Environmental Science and Health में प्रकाशित रिव्यू आर्टिकल के अनुसार, एलोवेरा प्रोडक्ट्स का सेवन करने से दस्त, शरीर में पोटेशियम की भारी कमी, आंतों की परत का काला पड़ना, किडनी फेलियर, और एलर्जी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए इसका सेवन सोच-समझकर ही करना चाहिए।
1. गर्भवती महिलाएं न पिएं एलोवेरा जूस
डॉ. श्रेय शर्मा कहते हैं, "एलोवेरा में लेटेक्स होता है। लेटेक्स एलोवेरा की पत्ती के बाहरी छिलके और जेल के बीच पाया जाने वाला पीले रंग का कड़वा चिपचिपा पदार्थ होता है। यह पदार्थ गर्भवती महिलाओं के लिए बिल्कुल सही नहीं है। इसका सेवन करने से गर्भाशय में संकुचन पैदा हो सकता है और समय से पहले प्रसव का जोखिम बढ़ सकता है। यहां तक कि लेटेक्स इतना घातक पदार्थ है, जो कि गर्भपात का भी कारण बन सकता है। इसलिए, प्रेग्नेंट महिलाओं को भूलकर भी एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए।"
इसे भी पढ़ें: एलोवेरा, आंवला और गिलोय जूस पीने से शरीर को मिलते हैं ये 5 फायदे
2. स्तनपान करा रही महिलाएं
Who Should Avoid Drink Aloe Vera Juice
डॉ. श्रेय शर्मा समझाते हैं, "आयुर्वेद के अनुसार, स्तनपान कराने वाली मांओं को भी एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। सवाल है, ऐसा क्यों कहा जाता है? एक्सपर्ट बताते हैं कि आयुर्वेद के अनुसार, एलोवेरा में तीव्र रेचन (पेट साफ करने वाला या जुलाब) गुण है। यह प्रभाव एलोवेरा की पत्तियों के पीले रस (लेटेक्स) में पाए जाने वाले एंथ्राक्विनोन (जैसे एलोइन) नामक तत्वों के कारण होता है। जब स्तनपान कराने वाली महिलाएं एलोवेरा जूस पीती हैं, तो इसकी वजह से शिशु को पेट दर्द, गैस आदि समस्याएं हो सकती हैं।"
3. 12 साल की उम्र से छोटे बच्चे
डॉ. श्रेय शर्मा की मानें, "प्रेग्नेंट महिलाएं और ब्रेस्टफीडिंग करा रही महिलाओं की ही तरह, 12 साल की उम्र से छोटे बच्चों को भी एलोवेरा जूस का सेवन नहीं करना चाहिए। इसकी वजह इसमें पाया जाने वाला लेटेक्स है। असल में, 12 साल की उम्र से छोटे बच्चे कमजोर होते हैं और उनका इम्यून सिस्टम अब भी विकसित हो रहा होता है। ऐसे में अगर वे एलोवेरा जूस का सेवन करते हैं, तो उन्हें डायरिया, पेट दर्द आदि पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।"
4. किडनी डिजीज के रोगी
आयुर्वेद के अनुसार, किडनी के रोगियों के लिए भी एलोवेरा जूस का सेवन करना सही नहीं है। जैसा कि पहले भी जिक्र किया है कि इसमें लेटेक्स होता है। इसके अलावा, आयुर्वेद की मानें, तो एलोवेरा भारी (गुरु) और चिपचिपा होता है, तथा शरीर में तरल पदार्थों और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी करने की क्षमता रखता है। विशेषकर, क्रोनिक किडनी डिजीज के मरीजों को इसके सेवन से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने और स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए रामबाण है आंवला-एलोवेरा का मिश्रण, जानें आयुर्वेदाचार्य से
5. पाचन संबंधी समस्या के मरीज
डॉ. श्रेय शर्मा ने आगे बताया, "अगर किसी की पाचन क्षमता कमजोर है, किसी को दस्त या डायरिया हो रहा है, इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या है, तो ऐसे में मरीज को एलोवेरा जूस पीने से बचना चाहिए। जाहिर तौर पर एलोवेरा जूस के प्रभाव पेट दर्द, दस्त, ऐंठन और सूजन को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में पहले से ही कमजोर पाचन क्षमता वालों की समस्या और बढ़ सकती है और लूज मोशन आदि समस्याएं हो सकती हैं।"
6. सर्जरी से पहले और बाद में न करें
जिन लोगों की हाल-फिलहाल में सर्जरी हुई या होने वाली है, उन्हें भी इसका सेवन नहीं करना चाहिए। जानकारी के लिए बता दें कि यह ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकता है और अत्यधिक रक्तस्राव (Bleeding) का खतरा बढ़ा सकता है, इसलिए सर्जरी से कम से कम 2 सप्ताह पहले इसे बंद कर देना चाहिए।
7. एलोवेरा से एलर्जी होने पर
अगर किसी को एलोवेरा से एलर्जी है, तो उन्हें इससे बना जूस भी नहीं पीना चाहिए। जिन लोगों को एलोवेरा से एलर्जी है, अगर वे इसका सेवन करते हैं, तो इसकी वजह से उन्हें त्वचा में सूजन, छोटे-छोटे दाने होना, खुजली और जलन जैसी कई समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए, अगर आपको एलर्जी है, तो बेहतर है कि एलोवेरा जूस का सेवन भी न करें।
एक्सपर्ट की सलाह
डॉ. श्रेय शर्मा सलाह देते हैं, "निश्चित रूप से एलोवेरा जूस काफी फायदेमंद है और इसका सेवन करना है या नहीं, इसका कोई सटीक जवाब नहीं हो सकता है। हर व्यक्ति के लिए इसकी जरूरत, इसकी मात्रा अलग-अलग हो सकती है। जैसा कि सभी छोटे बच्चों के लिए एलोवेरा जूस नुकसानदायक नहीं है। इसके बावजूद, इसका सेवन सावधानीपूर्वक ही करना चाहिए और बच्चों को एलोवेरा जूस देने से बचना चाहिए।"
निष्कर्ष
एलोवेरा जूस फायदेमंद होने के बावजूद कुछ लोगों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसमें प्रेग्नेंट महिलाएं, ब्रेस्टफीड कराने वाली महिलाएं, छोटे बच्चे और किडनी के मरीज शामिल हैं, इन्हें एलोवेरा जूस नहीं पीना चाहिए। इससे उनकी सेहत पर पॉजिटिव असर नहीं पड़ता है। इसके विपरीत, उनकी सेहत पर इसका नेगेटिव असर पड़ सकता है। इसलिए, किसी को भी इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या घर पर ताजी एलोवेरा की पत्ती से जूस निकालते समय उसके पीले जहरीले लेटेक्स को पूरी तरह साफ किया जा सकता है?
हां, यह संभव है। पत्ती को काटने के बाद 15-20 मिनट तक उसे सीधा खड़ा रखने से पीला लेटेक्स बाहर निकल जाता है, जिसके बाद हरे छिलके को गहराई से छीलकर और जेल को अच्छी तरह धोकर उपयोग किया जा सकता है।एक स्वस्थ वयस्क के लिए प्रतिदिन कितनी मात्रा में एलोवेरा जूस पीना सेफ होता है?
एक सामान्य और स्वस्थ वयस्क के लिए दिन भर में 30 से 50 मिलीलीटर (लगभग 2 से 3 बड़े चम्मच) शुद्ध एलोवेरा जूस पीना पर्याप्त होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
