Thu Nov 26, 2026 | 08:24 PM IST

Medically Reviewed by Dr Smita Singh , Dietitian

स्वाद ही नहीं सेहत भी सुधारते हैं संतरा-अमरूद, सर्दियों में खाने से म‍िलते हैं ये 7 फायदे

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में संतरा और अमरूद सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फल हैं। सर्दी-जुकाम, खांसी, त्वचा और पाचन समस्याओं में ये फल फायदेमंद हैं। जानें इनके लाभ।
स्वाद ही नहीं सेहत भी सुधारते हैं संतरा-अमरूद, सर्दियों में खाने से म‍िलते हैं ये 7 फायदेHealth benefits of eating orange and guava

डाइट में संतरा और अमरूद शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। इन दोनों फलों में विटामिन C भरपूर मात्रा में पाया जाता है। अमरूद डाइटरी फाइबर का अच्छा स्रोत है, जो पाचन को दुरुस्त रखने और कब्ज की समस्या से राहत पाने में मदद कर सकता है। वहीं, संतरे में मौजूद फ्लेवोनॉइड्स और पोटैशियम होता है जो हार्ट हेल्‍थ के ल‍िए फायदेमंद है। इन दोनों फलों में पानी भी होता है, जो सर्दियों में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। आइए जानते हैं क‍ि ये दोनों फल खाने से सेहत को क्‍या-क्‍या लाभ म‍िलते हैं? बेहतर जानकारी के ल‍िए हमने Smita Singh, Chief Dietitian At Midland Hospital & Director At Wellness Diet Clinic, Lucknow से बात की।

1. बीपी कंट्रोल करने में मदद कर सकता है संतरा

संतरे में मौजूद हेस्पेरिडिन, पोटैशियम और फ्लेवोनॉइड्स, बीपी कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं। पोटैशियम शरीर में सोडियम के प्रभाव को संतुलित करने और ब्‍लड वेसल्‍स को स्‍वस्‍थ रखने में मदद करता है। साल 2021 में European Journal Of Nutrition में प्रकाश‍ित एक स्‍टडी के मुताब‍िक, संतरे का जूस पीने वाले प्रतिभागियों में सिस्टोलिक और डायस्टोलिक बीपी में सुधार देखा गया। इससे संकेत मिलता है कि संतरे में मौजूद हेस्पेरिडिन कुछ हद तक बीपी कंट्रोल कर सकता है।

यह भी पढ़ें- रोज 1 संतरा खाने से शरीर में क्या होता है? जानें सेहत के लिए इसके 7 बड़े फायदे

2. कोलेस्‍ट्रॉल कंट्रोल में मदद कर सकता है अमरूद

अमरूद में मौजूद डाइटरी फाइबर शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में मदद कर सकता है। इसके अलावा, इसमें मौजूद पॉलीफेनॉल्स और दूसरे बायोएक्टिव कंपाउंड भी मेटाबॉलिक हेल्थ के लिए असरदार साब‍ित हो सकते हैं। साल 2016 में Journal Of Clinical And Diagnostic Research में प्रकाश‍ित एक स्‍टडी के परिणाम में बिना छिलके वाला अमरूद खाने वाले समूह में टोटल कोलेस्ट्रॉल, ट्राइग्लिसराइड्स और LDL कोलेस्ट्रॉल में कमी देखी गई।

3. पाचन को स्‍वस्‍थ रखने में अमरूद की भूमिका

अमरूद में डाइटरी फाइबर अच्छी मात्रा में होता है। फाइबर मल को भारी और मुलायम बनाने में मदद करता है। इसलिए संतुलित मात्रा में अमरूद खाने से मल त्याग की प्रक्रिया आसान हो सकती है। साल 2001 में Journal Of Agricultural And Food Chemistry में प्रकाश‍ित एक स्‍टडी के मुताबि‍क, शोधकर्ताओं ने अमरूद के गूदे और छिलके में डाइटरी फाइबर और पॉलीफेनॉल्स की मात्रा का अध्ययन किया। दोनों हिस्सों में अच्छी मात्रा में फाइबर पाया गया। इस रिसर्च से अमरूद को फाइबर के अच्छे स्रोत के रूप में देखा गया।

यह भी पढ़ें- आयुर्वेद के अनुसार अमरूद कब खाना चाहिए और क्यों? डॉक्टर से जानें

4. ब्लड शुगर को कंट्रोल कर सकता है संतरा

संतरे में फाइबर और फ्लेवोनॉइड्स होते हैं। साबुत संतरा खाने से फाइबर मिलता है, जो भोजन के बाद ब्लड शुगर के बढ़ने की गति को प्रभावित कर सकता है। साल 2021 में Phytotherapy Research में प्रकाश‍ित एक स्‍टडी में पाया गया क‍ि संतरे का जूस पीने से टोटल कोलेस्ट्रॉल और इंसुलिन रेजिस्टेंस के एक इंडिकेटर HOMA-IR में कमी आई।

5. विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट्स का शरीर पर प्रभाव

संतरा और अमरूद दोनों विटामिन-C के अच्छे स्रोत हैं। विटामिन-C एक जरूरी पोषक तत्व है, जो शरीर में कई जरूरी काम करता है। यह एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करके कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है।

6. सर्दी जुकाम से लड़ने में कैसे मदद करता है संतरा?

सर्दियों में सर्दी-जुकाम की समस्या आम हो जाती है। ऐसे में संतरा खाना फायदेमंद हो सकता है। संतरे में मौजूद विटामिन C इम्यून सिस्टम को सामान्य रूप से काम करने में मदद करता है। यह शरीर की इम्‍यून‍िटी को बनाए रखने और इंफेक्‍शन के दौरान होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से निपटने में अहम भूमिका निभाता है।

7. सर्दियों में त्वचा और बालों के लिए संतरा-अमरूद के फायदे

orange-and-guava-health-benefits

त्वचा के लिए फायदे

  • संतरा और अमरूद दोनों में विटामिन C होता है। व‍िटाम‍िन C, त्वचा में कोलेजन बनाने के लिए जरूरी है। कोलेजन त्वचा को मजबूती और लचीलापन देने वाला प्रोटीन है।
  • विटामिन C कोलेजन के निर्माण में भूमिका निभाता है। कोलेजन त्वचा के ट‍िशूज की मरम्मत और घाव भरने की प्रक्रिया के लिए जरूरी है।

बालों के लिए फायदे

संतरा और अमरूद में मौजूद विटामिन C पौधों से मिलने वाले आयरन के एब्‍जॉर्ब होने की प्रक्र‍िया को बेहतर बनाता है। आयरन की कमी से बाल झड़ने की समस्या भी जुड़ी हो सकती है। इसलिए आयरन युक्त भोजन के साथ विटामिन C वाले फल खाना फायदेमंद हो सकता है।

संतरा और अमरूद खाने का सही समय और तरीका

  • सुबह नाश्‍ते में, लंच के कुछ समय बाद या शाम के स्नैक के रूप में और एक्सरसाइज के बाद संतरा खा सकते हैं।
  • नाश्‍ते, लंच या शाम को भूख लगने पर अमरूद को हेल्दी स्नैक के रूप में खा सकते हैं।
  • संतरे और अमरूद का जूस पीने के बजाय साबुत फल खाना बेहतर है। इससे फाइबर मिलता है और पेट भी भरा रहता है।

एक दिन में कितना संतरा और अमरूद खाना चाहिए?

एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति अपनी भूख और कुल डाइट के अनुसार रोजाना एक मध्यम आकार का संतरा और एक छोटा या मध्यम आकार का अमरूद खा सकता है।

न‍िष्‍कर्ष:

संतरा और अमरूद में मौजूद विटामिन C से आयरन की कमी दूर हो सकती है और हेयर फॉल से बचाव हो सकता है, त्‍वचा में कोलेजन बनाने के ल‍िए भी व‍िटाम‍िन C जरूरी है। सर्दी-जुकाम से बचाव, काेलेस्‍ट्रॉल कंट्रोल, ब्‍लड शुगर कंट्रोल, बेहतर पाचन के ल‍िए और बीपी कंट्रोल के ल‍िए ये दोनों फल खाना फायदेमंद होता है। रोजाना मध्‍यम आकार का एक संतरा और एक छोटा अमरूद खा सकते हैं। संतरा और अमरूद को सुबह, नाश्‍ते या शाम को भूख लगने पर खाया जा सकता है। जूस पीने के बजाय साबुत फल ही खाना चाह‍िए।

image credit: magnific

FAQ

  • सर्दि‍यों में कौन से फल खा सकते हैं?

    सर्दियों में संतरा, अमरूद, आंवला, सेब, अनार, पपीता, नाशपाती और कीवी जैसे मौसमी फल खाएं। इनमें विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।
  • डायब‍िटीज में कौन से फल खाएं?

    डायबिटीज के मरीज सेब, अमरूद, संतरा, नाशपाती, जामुन, कीवी और पपीता जैसे फल सीमित मात्रा में खा सकते हैं। इनमें फाइबर होता है, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।

Read Next

सर्दियों में भीगी मूंगफली खाएं या भुनी हुई, डायटिशियन से जानें सेहत के लिए कौन-सी बेहतर?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 26, 2026 19:27 IST

    Published By : Yashaswi Mathur
    Reviewed By : Dr Smita Singh