डायबिटीज के मरीजों को ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रखने के लिए खान-पान का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। खासकर फल खाने को लेकर डायबिटीज के पेशेंट काफी कंफ्यूज रहते हैं। ज्यादातर मरीज इस डर से फल खाना बिल्कुल छोड़ देते हैं कि इससे उनका ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ जाएगा। Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida बताते हैं कि डायबिटीज में फल खाना पूरी तरह सुरक्षित होता है, बशर्ते आप उन्हें सही तरीके से, सही मात्रा में और सही समय पर खाएं। फलों में नेचुरल मिठास के साथ-साथ भरपूर मात्रा में फाइबर, विटामिन्स, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो आपके शरीर को हेल्दी रखने के लिए बहुत जरूरी हैं।
क्या डायबिटीज में फल खाना सुरक्षित है?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि डायबिटीज के मरीजों को फलों का चयन करते समय सावधानी रखनी चाहिए और कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल चुनने चाहिए। ग्लाइसेमिक इंडेक्स यह बताता है कि कोई भोजन आपके ब्लड शुगर को कितनी तेजी से बढ़ाता है। कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स यानी 55 से कम लेवल वाले फल जैसे सेब, अमरूद, संतरा, पपीता, नाशपाती, जामुन और स्ट्रॉबेरी का सेवन करना फायदेमंद होता है। ये फल धीरे-धीरे पचते हैं और शुगर को अचानक नहीं बढ़ने देते हैं।
डायबिटीज में आम, केला, चीकू, अंगूर और लीची का सेवन करने से बचना चाहिए। इनमें शुगर की मात्रा ज्यादा होती है, इसलिए इन्हें बहुत सीमित मात्रा में खाना चाहिए।
साल 2021 में Korean Journal of Family Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, डायबिटीज से जुड़े जोखिम को कम करने के लिए रोजाना लगभग 133 ग्राम से 200 ग्राम ताजे फल खाना सबसे बेहतर माना गया है।
डायबिटीज में फल खाते समय किन बातों का ध्यान रखें?
Dr. Akshay Chugh के अनुसार, डायबिटीज में फल खाते समय इन बातों का ध्यान रखें-
1. फल हमेशा काटकर खाएं, जूस कभी न पिएं
जब आप फल का जूस निकालते हैं तो उसका सारा फाइबर बाहर निकल जाता है। बिना फाइबर के जूस में मौजूद नेचुरल शुगर बहुत तेजी से खून में घुलती है, जिससे शुगर स्पाइक हो सकता है। इसलिए, हमेशा साबुत फल चबाकर खाएं ताकि फाइबर शुगर के अवशोषण को धीमा कर सके।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज में कौन सी दाल खानी चाहिए? शुगर कंट्रोल के लिए एक्सपर्ट से जानें हेल्दी विकल्प
2. फलों को खाने के साथ न मिलाएं
कई लोग दोपहर या रात के भोजन के तुरंत बाद मीठे के तौर पर फल खाते हैं, जो गलत तरीका है। भोजन के साथ फल खाने से शरीर में एक साथ बहुत ज्यादा कार्बोहाइड्रेट पहुंच जाता है।
3. पोर्शन कंट्रोल का ध्यान रखें
चाहे फल खाना आपकी सेहत के लिए कितना ही फायदेमंद क्यों न हो, एक बार में एक छोटा बाउल ही खाएं। इसमें एक छोटा सेब या आधा कप कटा हुआ पपीता एक समय के लिए काफी होता है।
right-way-to-eat-fruit-in-diabetes
4. फलों के साथ प्रोटीन या फैट्स मिलाएं
फलों के साथ थोड़ा सा प्रोटीन या हेल्दी फैट मिलाने से पाचन और धीमा हो जाता है, जिससे ब्लड शुगर स्थिर रहता है। कटे हुए सेब या अमरूद के साथ 4 से 5 बादाम या अखरोट खाएं या फल के ऊपर थोड़ा सा भुना हुआ अलसी छिड़क लें।
5. ड्राई फ्रूट्स से बचें
किशमिश, खजूर या सूखे अंजीर में पानी की मात्रा खत्म हो जाती है, जिससे उनमें प्रति ग्राम शुगर का कंसंट्रेशन बहुत बढ़ जाता है। ताजे फल हमेशा ड्राई फ्रूट्स से बेहतर विकल्प होते हैं।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज में कौन से फल नहीं खाने चाहिए? जानें डॉक्टर से
डायबिटीज के लिए कौन से फल हैं बेस्ट?
Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, डायबिटीज के मरीजों के लिए ये फल हेल्दी माने जाते हैं-
- अमरूद- फाइबर और विटामिन सी से भरपूर होता है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है और यह कब्ज में भी राहत दिलाता है।
- जामुन- जामुन में मौजूद जाम्बोलिन तत्व स्टार्च को शुगर में बदलने से रोकता है।
- सेब- इसमें पेक्टिन नाम का घुलनशील फाइबर होता है, जो शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है।
- पपीता- पपीता पचने में आसान होता है और इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो पाचन क्रिया को बेहतर रखने में मदद करते हैं।
निष्कर्ष
डायबिटीज में फल का सेवन सही तरीके और मात्रा में लेना आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। आपको सही फल, सही समय और सही मात्रा का संतुलन बनाना जरूरी है। अगर आपका फास्टिंग या पोस्ट-मील शुगर लेवल बहुत ज्यादा रहता है तो थोड़े समय के लिए फलों की मात्रा कम करें और अपने डॉक्टर से कंसल्ट करके ही अपना डाइट प्लान तैयार करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
दिन के किस समय फल खाना डायबिटीज मरीजों के लिए सबसे सही है?
डायबिटीज के मरीजों के लिए फल खाने का सबसे सही समय दो मुख्य भोजन के बीच यानी सुबह 10 से 11 बजे के बीच या शाम को 4 से 5 बजे के बीच खाना चाहिए।डायबिटीज वालों को कौन से फल नहीं खाने चाहिए?
डायबिटीज के मरीजों को ज्यादा मीठे और हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फलों को खाने से बचना चाहिए या उनका सेवन बहुत सीमित मात्रा में करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 29, 2026 12:21 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
