Heart Attack or Storke: हृदय हमारे शरीर का एक अहम अंग होता है। लंबी उम्र तक जीने के लिए हृदय का स्वस्थ होना बहुत जरूरी होता है। आपको बता दें कि हृदय रोग, दुनियाभर में होने वाले मौतों का एक मुख्य कारण है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की मानें तो हर साल दुनियाभर में 17.9 मिलियन लोगों की जान चली जाती है। वैसे तो हृदय रोग कई तरह के होते हैं, लेकिन हार्ट अटैक और स्ट्रोक, दो ऐसे रोग हैं, जो सबसे ज्यादा मौतों का कारण बनते हैं। WHO के अनुसार 5 में से 4 मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण होती हैं। इनमें से एक तिहाई मौतें 70 वर्ष से कम उम्र के लोगों की होती हैं। इसलिए हार्ट अटैक और स्ट्रोक के लक्षणों की समय पर पहचान करना बहुत जरूरी है, जिससे मृत्यु दर को कम किया जा सके। युवाओं में भी तेजी से हार्ट अटैक और स्ट्रोक के मामले देखने को मिल रहे हैं। इसी के बीच WHO ने ट्विटर पर हार्ट अटैक और स्ट्रोक के लक्षणों को सांझा किया है। आइए, जानते हैं इनके बारे में-
हार्ट अटैक के लक्षण- Heart Attack Symptoms in Hindi
1. सीने के बीच में दर्द
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जो लिस्ट शेयर की है, उसके अनुसार सीने के बीच में दर्द होना हार्ट अटैक का एक आम लक्षण होता है। अगर आपको अचानक से सीने में दर्द होता है, तो इसे नजरअंदाज न करें। इस दौरान आपको सीने में असहजता भी महसूस हो सकती है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें।
2. बाएं कंधे में दर्द
बाएं कंधे, हाथ, कोहनी, कमर और जबड़े में दर्द होना भी हार्ट अटैक के लक्षण हो सकते हैं। WHO ने अपनी लिस्ट में इन्हें भी हार्ट अटैक का लक्षण बताया है। इन समस्याओं को अनदेखा न करें।
3. सांस लेने में दिक्कत
डब्ल्यूएचओ के अनुसार, सांस लेने में दिक्कत होना हार्ट अटैक का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा, अगर आपको दम फूलने जैसा लग रहा है, तो यह भी हार्ट अटैक का एक लक्षण है।
इसे भी पढ़ें- कान और जबड़े में दर्द का कारण हो सकती हैं ये 5 समस्याएं, जानें इससे छुटकारा पाने के आसान उपाय
Know the signs and symptoms of heart attack and stroke. ⬇️ pic.twitter.com/yybrEjcRrZ — World Health Organization Philippines (@WHOPhilippines) February 5, 2024
4. उल्टी आना
विश्व स्वास्थ्य संगठन की मानें तो उल्टी आना और त्वचा का पीला पड़ना भी हार्ट अटैक के लक्षण माने जाते हैं। इसलिए अगर आपको अचानक से जी मिचलाने या उल्टी आने जैसी समस्याएं होती हैं, जो इन्हें अनदेखा न करें। त्वचा इसलिए पीली पड़ने लगती है, क्योंकि ब्लड सप्लाई कम होने लगती है।
5. ठंडा पसीना आना
अगर आपको ठंडा पसीना आ रहा है, तो WHO के अनुसार यह भी हार्ट अटैक का लक्षण हो सकता है। इस स्थिति में आपका शरीर ठंडा रहता है, लेकिन आपको पसीना आ सकता है।
स्ट्रोक के लक्षण- Stroke Symptoms in Hindi
1. अचानक कमजोरी महसूस होना
विश्व स्वास्थ्य संगठन की मानें तो अचानक से कमजोरी महसूस होना स्ट्रोक का एक संकेत हो सकता है। इस स्थिति में आपको हाथ और पैरों में या शरीर के एक हिस्से में अचानक सुन्नपन भी महसूस हो सकता है।
2. कंफ्यूजन
अगर आपके दिमाग में अक्सर कंफ्यूजन रहती है, तो यह स्ट्रोक का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा, बोलने में दिक्कत या फिर किसी बात को समझने में दिक्कत होना भी स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में आपको डॉक्टर से जरूर संपर्क करना चाहिए।
3. आंखों से देखने में दिक्कत
अगर आपको एक या दोनों आंखों से देखने में दिक्कत हो रही है, तो विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार यह भी स्ट्रोक का लक्षण हो सकता है।
4. चलने में दिक्कत होना
अगर आपको चलने में दिक्कत, चलने के दौरान बैलेंस बनाने में परेशानी या फिर चक्कर जैसा महसूस होता है, तो भी डॉक्टर से जरूर मिलें। ये भी स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं।
5. सिरदर्द होना
अगर आपको अक्सर ही सिरदर्द बना रहता है, तो इस लक्षण को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। इसके अलावा, बेहोशी या चक्कर आना भी स्ट्रोक के लक्षण होते हैं।