मौसम में बदलाव होना शुरू हो गया है और अगले कुछ दिनों में सर्दियां पूरी तरह आ जाएंगी। सर्दियों का मौसम कुछ कारणों से खराब लगता है, तो कुछ कारणों से अच्छा भी लगता है। खराब इसलिए क्योंकि सर्दियों में लोग इंफेक्शन, फ्लू आदि के कारण ज्यादा बीमार पड़ते हैं और अच्छा इसलिए क्योंकि इस मौसम में खाने-पीने की बहुत सारी चीजें उपलब्ध होती हैं और गर्म-गर्म डिशेज हों या पेय, सभी का आनंद बढ़ जाता है। सर्दियों में भूख भी ज्यादा लगती है। रोजमर्रा से जुड़ी कई ऐसी समस्याएं हैं, जो सर्दियों में बढ़ जाती हैं, जैसे- बालों का झड़ना, हाथ-पैरों में जलन, जोड़ों में दर्द, गठिया की समस्या, नाखूनों का टूटना, होंठ फटना आदि। इसके अलावा कमजोर इम्यूनिटी (Weak Immunity) भी सर्दियों की एक बड़ी समस्या है, जिसके कारण लोग जल्दी-जल्दी बीमार पड़ते हैं।
अगर आप सर्दियों के मौसम में अपना खानपान सही रखें तो न सिर्फ आप शरीर को फिट रख सकते हैं, बल्कि सामान्य इंफेक्शन और फ्लू के खतरों को भी कम कर सकते हैं। इस काम में आपकी मदद कुछ खास सुपरफूड्स करेंगे, जो आमतौर पर सर्दियों में ही उपलब्ध होते हैं। अगर आप भी इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं कि सर्दियों में कौन से सुपरफूड्स खाने चाहिए, तो यहां मशहूर न्यूट्रीशनिस्ट, बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर की पर्सनल डायटीशियन और बेस्ट सेलर ऑथर रुजुता दिवेकर (Rujuta Diwekar) ने ऐसे 10 सुपरफूड्स ( Winter Superfoods) के बारे में बताया है, जो सर्दियों में आपको हेल्दी रख सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इनके बारे में।
1. सर्दियों का सुपरफूड बाजरा (Winter Superfood Pearl Millet)
बाजरा सर्दियों के लिए वरदान है। बाजरे की तासीर गर्म होती है। साथ ही फाइबर और विटामिन बी से भरपूर होता है। बाजरे के सेवन से मसल्स बढ़ती हैं और ये बालों की ग्रोथ को भी बढ़ाता है, बाल घने बनते हैं। बाजरे को आप कई रूपों में खा सकते हैं जैसे- इसकी खिचड़ी बना सकते हैं। इसके अलावा भाखरी, पापड़, बाजरे के आटे की रोटी, लड्डू या थालीपीठ बना सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में क्यों फायदेमंद माना जाता है 'मेथी का पराठा', जानें ब्रेकफास्ट और लंच में खाने के 5 फायदे
टॉप स्टोरीज़
2. हरी सब्जियां (Green Leafy Vegetables)
सर्दियों का मौसम कुछ लोगों को इसलिए भी अच्छा लगता है क्योंकि इस मौसम में बहुत सारी सब्जियां उपलब्ध होती हैं। सर्दियों में कई सीजनल हरी सब्जियां आ जाती हैं जैसे- पालक, मेथी, सरसों, चौलाई, धनिया, पुदीना, मटर आदि। इसके अलावा हरे लहसुन भी इस मौसम में आते हैं। हरे लहसुन बहुत फायदेमंद होते हैं। इन सब्जियों को खाने से हाथ-पैरों में महसूस होने वाली जलन से छुटकारा मिलता है। इन सब्जियों में एंटी-इंफ्लेमेट्री गुण होते हैं इसलिए ये आपके शरीर को कई समस्याओं से बचाती हैं। इसके अलावा सर्दियों में मेथा का साग खाना भी फायदेमंद होता है।
3. गोंद (Goond)
गोंद भी सर्दियों में खाया जाने वाला बेहतरीन फूड है। गोंद जोड़ों के हिस्से में लुब्रिकेशन को बढ़ाता है और हड्डियों को मजबूत बनाता है, जिससे जोड़ों की समस्या में आराम मिलता है। गोंद के सेवन से पाचन ठीक रहता है। इसके अलावा महिलाओं में पीरियड्स से जुड़ी समस्या में भी गोंद फायदेमंद होता है। जिन लोगों को पीरियड्स शुरू होने के बाद कई-कई दिनों तक ब्लीडिंग की शिकायत रहती है, उन्हें पीरियड्स के 5वें दिन के बाद से गोंद का सेवन करना चाहिए। गोंद के सेवन से पुरुषों की सेक्स ड्राइव भी बेहतर होती है। इसे आप लड्डू के रूप में खा सकते हैं। आमतौर पर गोंद को घी में रोस्ट करके प्रयोग किया जाता है।
4. घी (Desi Ghee)
देसी घी भी सर्दियों का बेहतरीन सुपरफूड है, जिसका प्रयोग सर्दियों में आपको जरूर करना चाहिए। सर्दियों में घी खाने से पाचन क्षमता बढ़ती है, जिससे पेट की समस्याएं दूर होती हैं। इसके अलावा घी आपके जोड़ों में लुब्रिकेशन बढ़ाता है, स्किन को डिहाइड्रेट होने से बचाता है। घी आपकी हड्डियों के लिए भी फायदेमंद होता है। शरीर में विटामिन डी के अवशोषण के लिए भी घी बहुत अच्छा माना जाता है।
5. कंद या जड़ों वाली सब्जियां (Root Vegetables in Winters)
जड़ों वाली सभी सब्जियां सेहत के लिए इसलिए फायदेमंद होती हैं क्योंकि ये एनर्जी का पावर हाउस मानी जाती हैं। फाइबर की अच्छी मात्रा होने के साथ-साथ इनमें प्री-बायोटिक गुण भी होते हैं, इसलिए ये पेट के लिए अच्छे होते हैं। शारीरिक रूप से कमजोर लोगों, कुपोषण के शिकार लोगों और नजर की कमजोरी वाले लोगों के लिए भी ये फायदेमंद होते हैं क्योंकि इनमें अच्छी मात्रा में पोषक तत्व होते हैं। अरवी, बंडा, आलू, गाजर, सूरन, शलजम आदि ऐसी ही सब्जियां हैं।
6. तिल (Til or Sesame Seeds in Winters)
तिल भी सर्दियों का सुपरफूड माना जाता है। तिल काले और सफेद दो प्रकार के होते हैं और दोनों ही फायदेमंद होते हैं। तिल में अच्छी मात्रा में फैटी एसिड्स होते हैं और विटामिन ई होता है, जो आपकी हड्डियों, बालों और त्वचा के लिए फायदेमंद है। तिल की चिक्की, गजक, लड्डू आदि कई डिशेज बनाई जा सकती हैं। तिला हार्ट के लिए और झड़ते बालों को रोकने के लिए फायदेमंद है। तिल और गुड़ खाने से कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं।
7. सीजनल फल (Seasonal Fruits of Winters)
सर्दियों के मौसम में सब्जियों के साथ-साथ ढेर सारे फल भी आते हैं। आपको इन सीजनल फलों को खाना चाहिए। सर्दियों में आने वाले खास सीजनल फल हैं- पेरू, अमरूद, खुरमानी, सेब, सीताफल आदि। इन फलों को ताजा खरीदकर लाएं और अच्छी तरह धोकर साबुत ही खाएं। सभी फल एंटीऑक्सीडेंट्स और मिनरल्स का बहुत अच्छा स्रोत होते हैं।
8. मूंगफली (Peanuts Benefits in Winters)
मूंगफली सर्दियों में आने वाला सबसे सस्ता और हेल्दी नट माना जाता है। कुछ लोग मूंगफली को गरीबों का बादाम भी कहते हैं। इसका कारण यह है कि मूंगफली में ढेर सारे पोषक तत्व होते हैं, जो आपके शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। मूंगफली का सेवन हार्ट के लिए अच्छा माना जाता है। इसमें एमिनो एसिड्स, पॉलीफेनॉल्स और विटामिन बी होता है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में शकरकंद खाने 5 फायदे, जानें आलू के मुकाबले क्यों पौष्टिक माना जाता है शकरकंद
9. मक्खन (White Butter Benefits for Winters)
घर में बना हुआ सफेद मक्खन का सेवन करना भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। बाजार वाले मक्खन की अपेक्षा घर में बनाया हुआ सफेद मक्खन आपकी सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाता है। ये आंखों के लिए बहुत अच्छा है। आजकल लोग वर्कफ्रॉम होम और ऑनलाइन क्लासेज की वजह से कई घंटे स्क्रीन पर गुजारते हैं। ऐसे में मक्खन खाना फायदेमंद हो सकता है। मक्खन भी जोड़ों, त्वचा और हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है।
10. कुलथी की दाल (Kulthi Dal or Horse Gram Benefits in Winters)
वैसे तो सभी तरह की दालों का सेवन शरीर के लिए अच्छा है, लेकिन सर्दियों में कुलथी की दाल बहुत फायदेमंद मानी जाती है। कुलथी की दाल किडनी के मरीजों के लिए बहुत फायदेमंद है। ये किडनी की पथरी को दूर करता है। इसके अलावा ये दाल ब्लोटिंग को दूर करती है। कुलथी सहित दूसरी सभी दालें प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत होती हैं।
इन सुपरफूड्स को अपने सर्दियों की डाइट में जरूर शामिल करके आप भी इन सर्दियों में खुद को हेल्दी और फिट रख सकते हैं। इन सभी के सेवन से इम्यूनिटी भी बढ़ती है, जिसके कारण आप सीजनल बीमारियों के खतरे से दूर रहते हैं।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi