Diseases Related to Cockroaches in Hindi: स्वस्थ रहने के लिए किचन का साफ-सुथरा होना बहुत जरूरी होता है। जब आपका किचन साफ होता है, तो कीड़े-मकौड़े किचन में जमा नहीं होते हैं। वहीं, जिन घरों या किचन में तरह-तरह के कीड़े-मकौड़े, खासकर कॉकरोच होते हैं, उन घरों के लोग जल्दी बीमार पड़ सकते हैं। जी हां, कॉकरोच कई तरह के संक्रमण और बीमारियों को फैलाने के लिए जिम्मेदार होते हैं। कॉकरोच एलर्जी, अस्थमा, बुखार और डायरिया समेत कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं। तो आइए, विस्तार से जानते हैं कॉकरोच की वजह से होने वाली बीमारियों और उनके लक्षणों के बारे में-
कॉकरोच से होने वाली बीमारियां- Health Issues Caused by Cockroaches in Hindi
1. साल्मोनेलोसिस
जिन घरों में कॉकरोच होते हैं, वहां के लोगों में साल्मोनेलोसिस होने का जोखिम काफी बढ़ जाता है। साल्मोनेलोसिस साल्मोनेला नामक बैक्टीरिया के कारण होने वाला एक संक्रमण है। आपको बता दें कि यह संक्रमण जानवरों के मल से दूषित हुए खाद्य पदार्थ खाने से लोगों में फैलता है। कॉकरोच इस गंभीर बीमारी को जन्म दे सकते हैं। इसकी वजह से व्यक्ति को टाइफाइड बुखार, डायरिया और गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी समस्याएं हो सकती हैं। यह बीमारी बेहद गंभीर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- अस्थमा और फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं कॉकरोच, इनसे 1 दिन में ऐसे पाएं छुटकारा
2. पोलियो
अगर आपके घर में कॉकरोच हैं, तो इसकी वजह से पोलियो की बीमारी भी हो सकती है। दरअसल, कॉकरोच में पोलियोमाइलाइटिस नामक बैक्टीरिया होता है, जो पोलियो की बीमारी का कारण बनता है। इस स्थिति में आपको तेज बुखार, गले में खराश, सिरदर्द, पेट दर्द, उल्टी और मांसपेशियों में दर्द जैसे लक्षणों का अनुभव हो सकता है।
3. ई. कोलाई
कॉकरोच की वजह से लोगों में ई. कोलाई नामक बीमारी भी फैल सकती है। यह बैक्टीरिया के कारण होता है। यह भोजन विषाक्तता बैक्टीरिया की वजह से हो सकता है। इसलिए अगर आपके घर में भी कॉकरोच हैं, तो घर की सफाई का खास ख्याल रखें।
4. एंटरोकोकस
कॉकरोच एंटरोकोकस बीमारी का भी एक कारण बन सकता है। इसकी वजह से व्यक्ति को शरीर में मैनिंजाइटिस और मूत्र पथ का संक्रमण हो सकता है। यह स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है और इलाज की जरूरत पड़ सकती है।
इनके अलावा, कॉकरोच से डायरिया, टाइफाइड बुखार, हैजा, अस्थमा और एलर्जी आदि समस्याएं भी हो सकती हैं।
कॉकरोच से होने वाली बीमारियों के लक्षण- Diseases Related to Cockroaches Symptoms
कॉकरोच से होने वाली सभी बीमारियों के लक्षण एक जैसे नहीं होते हैं। कॉकरोच जनित रोगों के लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। इनमें कुछ सामान्य लक्षण इस प्रकार हैं-
- बुखार
- मांसपेशियों में दर्द
- जोड़ों का दर्द
- दस्त
- मतली या उलटी
- बलगम बनना
- सांस लेने में कठिनाई
- घरघराहट होना
इसे भी पढ़ें- कॉकरोच एलर्जी क्या है? जानें इसके खतरे, लक्षण और बचाव के उपाय
कॉकरोच से होने वाली बीमारियों से बचाव- Diseases Related to Cockroaches Prevention Tips in Hindi
अगर आपके घर में भी कॉकरोच हैं, तो आप बार-बार बीमार पड़ सकते हैं। बीमार होने से बचने के लिए आप इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-
- खाना पकाने वाली सतह को बार-बार साफ करते रहें। खासकर, खाना पकाने से पहले किचन की अच्छे से सफाई करें।
- खाना पकाने या खाने के बाद बर्तन तुरंत धोकर संभाल दें।
- बचे हुए खाने को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रखें, ताकि कॉकरोच खाने में न गिरे।
- अपनी हाइजीन का खास ख्याल रखें। इसके लिए अपने हाथों को बार-बार साफ करते रहें।
- अगर आपके घर, किचन या बाथरूम की दीवारों पर दरारें हैं, तो उन्हें सील कर दें। क्योंकि कॉकरोच दरारों में छुप जाते हैं।
- गंदे बर्तनों को सिंक में न छोड़ें, इससे कॉकरोच बर्तनों पर आ सकते हैं। बर्तनों को तुरंत धो लें और साफ जगह पर रख दें।
इन टिप्स के माध्यम से आप कॉकरोच से होने वाली बीमारियों से अपना बचाव कर सकते हैं। अगर आपके घर पर कॉकरोच हैं, तो घर की सफाई पर ध्यान दें। साथ ही, अगर कोई लक्षण महसूस हो, तो डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।