Puffy Face in Morning: क्या आपको भी सुबह उठकर चेहरे पर सूजन नजर आती है? आपने गौर किया होगा कि कभी-कभी हमारे चेहरे पर सुबह उठने के बाद सूजन नजर आती है। इसके पीछे कई गलत आदतें जिम्मेदार मानी जाती हैं। उदाहरण के लिए जो लोग एक्सरसाइज नहीं करते उनके चेहरे पर सूजन आने लगती है। किसी एलर्जी के कारण भी चेहरे पर सूजन आ जाती है। इसके अलावा हमारी लाइफस्टाइल से जुड़ी खराब आदतों के चलते चेहरे पर सूजन आने लगती है। इन आदतों को जल्द से जल्द बदल लेना चाहिए। आगे इन आदतों को विस्तार से जानेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. कम पानी पीना- Dehydration
पानी का कम सेवन करने के कारण चेहरे पर सूजन की समस्या हो सकती है। दिनभर में हमें 7 से 8 गिलास पानी का सेवन करना चाहिए। पानी का कम सेवन करने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो जाती है। इस वजह से चेहरे पर सूजन नजर आ सकती है। कुछ लोग नींद खराब होने के डर से रात को उठकर पानी का सेवन नहीं करते। लेकिन अगर आपको रात में प्यास लगती है, तो पानी का सेवन करना चाहिए।
2. नमक का ज्यादा सेवन करना- Excessive Salt Intake
जो लोग नमक का ज्यादा सेवन करते हैं, उनके शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इस वजह से चेहरे पर सूजन देखने को मिल सकती है। रात के खाने में नमक का कम से कम सेवन करना चाहिए। फास्ट फूड या प्रोसेस्ड फूड का ज्यादा सेवन करने के कारण चेहरे पर सूजन नजर आ सकती है। रात को हल्का खाना खाकर सोएं और खाने में ताजे फल और सब्जियों को भी शामिल करें जिससे आपके शरीर को फाइबर मिल सके।
3. एल्कोहल का ज्यादा सेवन करना- Alcohol Consumption
जो लोग एल्कोहल का ज्यादा सेवन करते हैं उनके चेहरे पर सूजन नजर आ सकती है। इसी तरह धूम्रपान का सेवन करने के कारण भी चेहरे पर सूजन आने लगती है। इन दोनों ही चीजों का सेवन सेहत के लिए हानिकारक माना जाता है। नशीले पदार्थों का सेवन करने से ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। इससे चेहरा, हाथ-पैर, घुटने और शरीर के अन्य अंगों में भी सूजन हो सकती है।
4. नींद पूरी करके न उठना- Poor Sleep Habits
नींद पूरी करके न उठने से चेहरे पर सूजन आ सकती है। चेहरे पर सुबह-सुबह नजर आने वाली सूजन आसानी से नहीं जाती है। यह सूजन चेहरे पर आधे दिन तक नजर आ सकती है। इसके साथ ही गलत पोजिशन में सोने के कारण भी चेहरे पर सूजन आ सकती है। तकिए को गलत तरीके से लगाएंगे, तो ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होगा और चेहरे पर सूजन हो सकती हे।
इसे भी पढ़ें- खुश रहने से आपकी सेहत पर क्या-क्या पॉजिटिव प्रभाव पड़ते हैं? बता रहे हैं डॉक्टर
5. शुगर का ज्यादा सेवन करना- Consuming High Sugar
चीनी का ज्यादा सेवन करने के कारण सुबह उठने पर चेहरे पर सूजन नजर आ सकती है। प्रोसेस्ड चीनी और कार्ब्स का सेवन सीमित मात्रा ही करना चाहिए। ज्यादा चीनी का सेवन करने से फ्लूड रिटेंशन की समस्या होती है और चेहरा लाल हो जाता है और सूजन से भर जाता है। जो लोग रात को मीठा खाकर सोते हैं, उनके चेहरे पर भी सुबह सूजन नजर आ सकती है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।