आपके पेशाब (यूरिन) का रंग भी आपकी सेहत के बारे में बहुत कुछ बयां करता है। आप जिस तरह के आहार का सेवन करते हैं मूत्र का रंग भी उससे प्रभावित होता है। पेशाब से जुडी समस्याएं या बीमारियां काफी गंभीर मानी जाती हैं। इन बीमारियों को नजरअंदाज करने से आपकी सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं। क्लाउडी या बादल जैसे यूरिन होने का मतलब है कि आपके खानपान में कुछ गड़बड़ी है। इसके कारण आपको किडनी और मूत्राशय से जुड़ी कई बीमारियां भी हो सकती हैं। सामान्य रूप से इंसान के पेशाब का रंग पीले रंग के स्पेक्ट्रम की तरह होता है। इसके रंग में बदलाव को मेडिकल साइंस में समस्या माना जाता है। क्लाउडी या बादल जैसे रंग का यूरिन होना डिहाइड्रेशन, पेशाब की नली में इन्फेक्शन, प्रोस्टेट की सूजन और उरिन इन्फेक्शन के कारण हो सकती है। लेकिन इसका एक प्रमुख कारण आपका भोजन भी होता है। आइये जानते हैं इसके बारे में।
क्या है क्लाउडी यूरिन की समस्या? (What Is Cloudy Urine?)
आपने देखा होगा कि कभी-कभी आपका यूरिन झागदार, अस्पष्ट और सफेदी के समान होता है। दरअसल यह कई कारणों से हो सकता है और लगातार ऐसा होने पर आपको चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। दिल्ली के मशहूर यूरोलॉजिस्ट डॉ ए के गुप्ता कहते हैं कि आपका भोजन और खानपान पेशाब के रंग को सीधा प्रभावित करता है। कुछ ऐसे खाद्य पदार्थ हैं जिनका सेवन करने से आपको यह समस्या गंभीर रूप से हो सकती है। हालांकि इसके पीछे ये कारण भी हो सकते हैं।
- पेशाब के रास्ते में संक्रमण
- डिहाइड्रेशन
- मधुमेह
- पथरी
- सूजन
- प्रोस्टेट मुद्दे
- यौन संचारित संक्रमण
- बलगम
- कैंसर
फूड्स जिनके सेवन से हो सकती है क्लाउडी यूरिन की समस्या (Food And Drinks That May Cause Cloudy Urine)
आपका भोजन आपकी सेहत पर सीधा असर करता है। भोजन में मौजूद तत्व सेहत के लिए फायदेमंद और नुकसानदायक दोनों हो सकते हैं। कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिनका सेवन करना शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है लेकिन कुछ खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का सेवन क्लाउडी यूरिन जैसी समस्या के लिए जिम्मेदार भी होता है। आइये जानते हैं 6 ऐसे फूड्स के बारे में जिनका अत्यधिक सेवन पेशाब के रंग में बदलाव का कारण बनता है।
1. अधिक नमकीन चीजों का सेवन
अत्यधिक मात्रा में सोडियम की मौजूदगी वाली चीजों का सेवन करना पेशाब से जुडी कई समस्याओं का कारण बन सकता है। प्रोसेस्ड चिप्स, डिब्बाबंद भोजन और क्योर्ड मीट जैसे फूड्स का अधिक मात्रा में सेवन करने से आपको क्लाउडी यूरिन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा इन खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय पानी कम पीने से भी ये समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : जल्दी-जल्दी पेशाब लगना पुरुषों में हो सकता है इन 5 रोगों का संकेत, आपको रहना चाहिए सावधान
2. डेयरी और मिल्क प्रोडक्ट्स
दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन आमतौर पर तो शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। दूध में मौजूद कैल्शियम और फॉस्फोरस शरीर के लिए बहुत उपयोगी होते हैं लेकिन इसका अधिक मात्रा में सेवन खतरनाक माना जाता है। जब आप अधिक मात्रा में फॉस्फोरस का सेवन करते हैं तो इसकी वजह से आपको क्लाउडी यूरिन की समस्या हो सकती है। इसलिए पेशाब से जुड़ी समस्याओं में मरीजों को इनका कम मात्रा में सेवन करने की सलाह दी जाती है।
3. मांस का सेवन
रेड मीट और पोल्ट्री मीट का अधिक मात्रा में सेवन भी पेशाब के रंग में बदलाव की समस्या का कारण होता है। इसमें अधिक मात्रा में फॉस्फोरस मौजूद होता है जिसकी वजह से ये समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें : इन 5 तरीकों से जानें पेशाब का रंग कैसे बताता है आपका स्वास्थ्य, कई समस्याओं का हो सकता है संकेत
4. शराब
अत्यधिक शराब के सेवन से डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है और इसी वजह से पेशाब के रंग में बदलाव होता है।
5. समुद्री भोजन
सीफूड या समुद्री भोजन के अधिक सेवन से भी आपको पेशाब से जुड़ी समस्या हो सकती है। कुछ समुद्री भोजन का सेवन शरीर में यूरिक एसिड के स्तर को बढ़ाने का काम करता है।
6. कैफीन का अधिक मात्रा में सेवन
कॉफी, चाय सहित काली और कैफीन वाली हरी चाय का भी अधिक सेवन आपको पेशाब से जुड़ी समस्याएं दे सकता है। कैफीन का अधिक मात्रा में सेवन करने से पेशाब के रंग में बदलाव देखने को मिलता है।
इसे भी पढ़ें : Decreased Urine Output: क्यों आता है कम यूरिन? जानें इसके 18 लक्षण और बचाव
एक्सपर्ट्स के मुताबिक ऊपर बताये गए सभी फूड्स का अधिक मात्रा में सेवन करने से पेशाब के रंग में बदलाव की समस्या हो सकती है। हालांकि इन चीजों का संतुलित मात्रा में सेवन करने से कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। अधिक जानकारी के लिए आप अपने डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
(All Image Source - Freepik.Com)