सर्दियों का आगमन हो रहा है। यह मौसम अपने साथ कई बीमारियां भी लेकर आता है। सर्दियों में कुछ बीमारियों जैसे हाई बीपी, हार्ट अटैक या फिर कफ और कोल्ड जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। हाल ही में बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के पति डॉ. श्री राम नेने ने अपने यूट्यब चैनल पर एक वीडियो शेयर कर लोगों को सर्दियों में होने वाली समस्याओं के प्रति आगाह किया है साथ ही साथ उससे बचने के तरीकों के बारे में भी बताया है। आइये जानते हैं।
जुकाम
सर्दियां आने पर जुकाम की समस्या काफी आम होती है। हालांकि, यह कोई बड़ी समस्या नहीं, बल्कि मौसम में परिवर्तन होने की वजह से होती है। डॉ. नेने के मुताबिक जुकाम गले की खराश से शुरू होता है, जो धीरे-धीरे रनी नोज का भी कारण बन जाता है। इसके लिए जिंक युक्त आहार ले सकते हैं, जो जुकाम की इंटेंसिटी को कम कर सकते हैं। इससे बचने या फिर जुकाम को कम करने के लिए आप भाप लेने के साथ ही गर्म पानी का भी सेवन कर सकते हैं।
अस्थमा
सर्दियों में अक्सर अस्थमा की भी समस्या बढ़ जाती है। सर्दियों में चलने वाली ठंडी हवा के साथ ही कई बार प्रदूषण अस्थमा को ट्रिगर कर सकता है। इसलिए ऐसे मरीजों को खासतौर पर अपना ध्यान रखना चाहिए। इस स्थिति में कई बार श्वास नलिकाएं सिकुड़ जाती हैं, जिससे सांस लेने में समस्या होने लगती हैं। कई बार इस कारण अस्थमा का अटैक भी आ सकता है। इसके लिए ठंड के कपड़े पहनें, लाइफस्टाइल को हेल्दी रखें साथ ही इनहेलर का भी प्रयोग कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम होने पर अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय, बढ़ेगी इम्यूनिटी और दूर होगी समस्या
एलर्जी
सर्दियों में एलर्जी के मामले अक्सर बढ़ जाते हैं। आमतौर पर यह हवा में मौजूद दूषित कणों से भी फैलते हैं। जिसके संपर्क में आने से आपको छींक, आंसू आने के साथ ही सिरदर्द की भी समस्या भी बढ़ जाती है। इसके लिए बाहर से आने के बाद या फिर किसी भी चीज को छूने के बाद हाथों को अच्छे से धोएं। जिससे किटाणु या फिर बैक्टीरिया आपके शरीर में प्रवेश नहीं कर सकें।