Bronchitis And Pneumonia Symptoms Difference: सांस संबंधी रोग जैसे ब्रोंकाइटिस और निमोनिया, स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं, खासकर जब समय पर इनका इलाज न किया जाए। ये दोनों ही फेफड़ों को प्रभावित करते हैं, लेकिन इनके लक्षणों में काफी अंतर होता है। ब्रोंकाइटिस, फेफड़ों के वायुमार्ग (ब्रोंकाई) में सूजन और बलगम के जमाव का कारण बनता है। यह वायरल इंफेक्शन, प्रदूषण, धूम्रपान या ठंडी जलवायु के कारण हो सकता है। दूसरी ओर, निमोनिया फेफड़ों के एयर सैक्स में इंफेक्शन का कारण बनता है, जो बैक्टीरिया, वायरस या फंगस के कारण होता है। ब्रोंकाइटिस और निमोनिया होने पर, सर्दी-खांसी से मिलते-जुलते लक्षण अक्सर भ्रम पैदा करते हैं, जिससे इलाज में देरी हो सकती है। इस लेख में ब्रोंकाइटिस और निमोनिया के लक्षणों के बीच के अंतर पर बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
ब्रोंकाइटिस के लक्षण- Bronchitis Symptoms
ब्रोंकाइटिस दो प्रकार का हो सकता है-
एक्यूट ब्रोंकाइटिस के लक्षण- Acute Bronchitis Symptoms
- लगातार खांसी होना जिसमें बलगम हो सकता है। बलगम का रंग सफेद, पीला या हरा हो सकता है।
- गले में दर्द या चुभन महसूस हो सकती है।
- सामान्य रूप से 100°F तक बुखार होना।
- शरीर में कमजोरी और एनर्जी की कमी महसूस होना।
- सांस फूलना, खासकर शारीरिक मेहनत के बाद।
- छाती में भारीपन या हल्का दर्द होना।
क्रोनिक ब्रोंकाइटिस के लक्षण- Chronic Bronchitis Symptoms
- लगातार तीन महीने या उससे ज्यादा समय तक खांसी रहना।
- गाढ़ा और ज्यादा मात्रा में बलगम बनना।
- हल्के कामों पर भी सांस लेने में मुश्किल होना।
- आवाज भारी या कर्कश हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- सर्दियों में बढ़ सकते हैं ब्रोंकाइटिस के लक्षण, राहत के लिए अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय
निमोनिया के लक्षण- Pneumonia Symptoms
निमोनिया आमतौर पर बैक्टीरियल, वायरल या फंगल इंफेक्शन के कारण होता है। इसके लक्षण, इंफेक्शन के टाइप और गंभीरता पर निर्भर करते हैं-
- 101°F या उससे ज्यादा बुखार, अचानक आ सकता है।
- बलगम के साथ खांसी, जिसमें खून के धब्बे भी हो सकते हैं।
- खासकर खांसने या सांस लेने के दौरान सीने में दर्द होना।
- सामान्य स्थिति में भी सांस फूल जाना।
- सांस लेने में मुश्किल होना।
- खासकर बुजुर्गों और कमजोर लोगों में भ्रम या थकान होना।
- तेज पसीना आना और ठंड लगने की समस्या होना।
ब्रोंकाइटिस और निमोनिया के लक्षणों में अंतर- Bronchitis And Pneumonia Symptoms Difference
- ब्रोंकाइटिस में ब्रोंकाई (वायुमार्ग) पर असर पड़ता है जबकि निमोनिया में फेफड़ों के एयर सैक्स (एविओली) पर असर पड़ता है।
- ब्रोंकाइटिस में बलगम के साथ खांसी आती है, तो वहीं निमोनिया में खांसी बलगम के साथ भी आ सकती है और उसके बिना भी। साथ ही खांसी के साथ खून भी आ सकता है।
- ब्रोंकाइटिस में हल्का बुखार आता है, वहीं निमोनिया में तेज बुखार आता है और ठंड भी लगती है।
- ब्रोंकाइटिस में शारीरिक मेहनत के बाद सांस लेने में मुश्किल होती है और निमोनिया होने पर आराम की स्थिति में भी सांस की समस्या हो सकती है।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?- When to Contact Doctor
- अगर खांसी तीन हफ्तों से ज्यादा रहे, बलगम का रंग बदले, या सांस लेने में समस्या हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
- तेज बुखार, सीने में दर्द, सांस लेने में मुश्किल हो रही हो या भ्रम हो, तो भी तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
ब्रोंकाइटिस और निमोनिया दोनों ही सांस की बीमारियां हैं, लेकिन इनके लक्षण और गंभीरता अलग-अलग होती हैं। समय पर इलाज से इनसे बचा जा सकता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।