
Constipation Diet Tips in Hindi: गर्मी के मौसम में शरीर को हेल्दी बनाए रखना एक बड़ा चैलेंज बन जाता है। खासकर हमारी खराब जीवनशैली के बीच। गर्मी में पेट से जुड़ी कई समस्याओं का प्रकोप, सर्दी के मौसम के मुकाबले इस सीजन में ज्यादा होता है। ऐसी ही एक समस्या है पेट में कब्ज होना। मुझे याद है मेरे अंकल को भी यह समस्या थी। उन्हें कुछ भी खाने पर गैस हो जाती थी। खाने के बाद उन्हें पेट में भारीपन महसूस होने लगता था। रात में खाने के बाद, पेट में दर्द भी उठता था। वो सुबह ठीक से फ्रेश भी नहीं हो पाते थे। गर्मी के दिनों में उनकी यह समस्या बढ़ जाती थी। मेरे अंकल की तरह, गर्मी के मौसम में आए दिन, कई लोगों को कब्ज की समस्या से जूझना पड़ता है। कब्ज होने पर कुछ भी खाने का मन नहीं करता। इस समस्या से परेशान लोग, ठीक से मल त्याग भी नहीं कर पाते। कब्ज होने पर पेट ठीक से साफ नहीं होता जिसके कारण कुछ भी खाया नहीं जाता। यह समस्या किसी भी उम्र में हो सकती है। कब्ज होने पर ऐंठन, गैस, पेट फूलना, भूख न लगना, जी मिचलाना, पेट में भारीपन, कमजोरी, मतली-उल्टी, पेट में सूजन आदि लक्षण नजर आ सकते हैं। कब्ज से बचने के लिए, सही और हेल्दी डाइट की अहम भूमिका होती है। गर्मी में कब्ज को दूर करने के लिए, कुछ आसान डाइट टिप्स की मदद ले सकते हैं। इन टिप्स को आगे विस्तार से जानेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डायटीशियन Sanah Gill से बात की।
खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें
हम में से कई लोग खाने के तुरंत बाद लेटना पसंद करते हैं। इस आदत से पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है। खाने के बाद लेट जाने से, खाया हुआ भोजन ठीक से पचता नहीं है। ऐसे में पेट को, खाना पचाने में ज्यादा समय लगता है और कब्ज के लक्षण नजर आने लगते हैं। खाने के बाद कुछ देर वॉक करें, फिर सोने जाएं।
पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
बचपन में मुझे पानी कम पीने के कारण मां से बहुत डांट सुनने को मिलती थी। अब समझ आता है कि वो गर्मी के दिनों में पानी पीने पर इतना जोर क्यों दिया करती थीं। दरअसल पानी कम पीने से डिहाइड्रेशन के लक्षण नजर आने लगते हैं। इससे कब्ज, पेट में ऐंठन आदि शिकायतें हो सकती हैं। गर्मी के दिनों में ताजे जूस, छाछ, फल आदि का भी सेवन करें।
इसे भी पढ़ें- फ्राइड फूड खाने के बाद होती है कब्ज की समस्या? एक्सपर्ट बताएंगे 10 आसान उपाय
खाने को चबा-चबाकर खाएं
कुछ लोगों को आपने जल्दी-जल्दी खाना खाते हुए देखा होगा। लेकिन यह आदत पेट के लिए अच्छी नहीं है। गर्मी में तापमान ज्यादा होने का बुरा असर सेहत पर पड़ता है। ऐसे में अगर पेट की क्रिया गड़बड़ होगी, तो कब्ज की समस्या हो सकती है। पेट को खाना पचाने में ज्यादा समय नहीं लगना चाहिए। इस स्थिति से बचने के लिए खाना खाते समय एक साफ और शांत जगह पर बैठें। आराम से खाने को अच्छी तरह से चबाकर खत्म करें।
फाइबर रिच खाद्य पदार्थ खाएं
कब्ज से बचने के लिए, गर्मी के दिनों में ठंडी तासीर वाली चीजों पर जोर देना चाहिए। इसका यह मतलब नहीं है कि आप ठंडा खाना खा लें। ऐसी चीजों को खाएं, जिसकी तासीर ठंडी हो। जैसे फल। फलों में फाइबर और पानी की भरपूर मात्रा होती है। फलों को खाने से कब्ज से राहत मिलती है। सब्जियां, बीन्स, फलियां, साबुत अनाज को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
मिर्च-मसाले वाला भोजन कम कर दें
क्या आपको भी तीखा और मसालेदार खाना पसंद है? अगर हां, तो आपको बता दें कि इस आदत से कब्ज हो सकता है। गर्मी के दिनों में ऐसा भोजन खाना चाहिए जो आसानी से पच जाए। खाने में मिर्च-मसालों की ज्यादा मात्रा ठीक नहीं है। इससे ब्लोटिंग, गैस, पेट में ऐंठन महसूस हो सकती है।
ऊपर बताए इन डाइट टिप्स की मदद से गर्मी में कब्ज से राहत मिलेगी। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।