फ्राइड या फास्ट फूड खाते ही पेट में दर्द और कब्ज की समस्या शुरू हो जाती है? अगर हां तो हम आपको 10 ऐसे उपायों के बारे में बताएंगे जिससे आपके पेट की समस्या दूर होगी। अक्सर हम शादी या पार्टी में तला-भुना खा लेते हैं जिससे कब्ज की समस्या हो जाती है। कब्ज यानी पेट का पूरी तरह साफ न होना। नतीजन असहज महसूस होना। अगर लंबे समय तक ये समस्या बनी रहती है तो शरीर में दूसरी बीमारियां भी हो सकती हैं। इससे बचने के लिए आपको फाइबर इंटेक बढ़ाना है, कोशिश करनी है कि पेट को ठंडक मिले। हो सके तो कुछ घंटों के लिए पेट को खाली रखें। कब्ज दूर करने के उपायों को जानने के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
फ्राइड फूड खाते समय न करें ये गलती (Avoid fried food)
जब आप किसी फंक्शन या पार्टी में जाकर ज्यादा तला-भुना खा लेते हैं तो कब्ज की समस्या हो जाती है। लोग अक्सर तला-भुना खाकर पानी पीने के बजाय एल्कोहॉल या सॉफ्टड्रिंक का सेवन करते हैं जो कि गलत है। पानी कम पीने से भी कब्ज हो सकते हैं। इसके अलावा आप फ्राइड फूड खाने के तुरंत बाद पेनकिलर लेने से भी आपको कब्ज हो सकते हैं। इन गलतियों से बचें। खाने के बाद एक ही जगह पर बैठे रहने से भी कब्ज हो सकता है। इसके अलावा अगर आप रोज फ्राइड फूड खाते हैं तो कब्ज होना लाजमी है।
1. हॉट वॉटर बाथ (Hot water bath)
कब्ज होने पर गरम पानी से नहाना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इससे मांसपेशियां लचीली होती हैं। नहाने के लिए पानी गरम करें और उसमें बेकिंग सोडा डाल दें। इससे मांसपेशियां खुलेंगी और कब्ज की शिकायत दूर होगी। अगर बेकिंग सोडा से एलर्जी हो तो सादे गरम पानी से भी नहा सकते हैं।
2. गरम पानी (Benefits of hot water)
कब्ज की समस्या का सबसे आसान उपाय है गरम पानी पीना। आप इसमें पिपरमिंट डालकर सुबह-सुबह पियें। ऐसा करने से आपको कभी कब्ज की शिकायत नहीं होगी। पिपरमिंट पेट को ठंडा रखेगी और गरम पानी पेट से विषैले तत्व निकालने में मदद करेगा। इससे प्रेशर तेज होगा और आप जल्दी पेट साफ कर सकेंगे। आप पानी में शहद, नींबू का रस और काला नमक डालकर भी पी सकते हैं। इससे भी कब्ज की शिकायत दूर होगी। शहद को गरम पानी में डालकर पीने से हमेशा के लिए कब्ज की शिकायत दूर होती है। कब्ज होने पर आपको सबसे पहले 2 से 3 गिलास पानी पीना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- घर पर ही बनाएं ये 3 जूस, कब्ज की परेशानी को दूर करने के लिए डाइटीशियन भी मानते हैं इन्हें असरदार
3, योगा (Yoga for constipation)
पाचन तंत्र के लिए पवनमुक्तासन सबसे बेस्ट माना जाता है। इससे पेट की गैस बाहर निकलती है और पेट के दर्द से निजात मिलता है। कब्ज से छुटकारा पाने के लिए ये सबसे कारगर योगासन है। इसे करने के लिए पीठ के बल लेट जाएं। घुटनों को माथे से छूएं। लंबी गहरी सांस लेते रहें। सांस छोड़ते हुए पैरों को दोबारा जमीन पर ले जाएं। कब्ज होने पर ये सबसे इंस्टेंट इलाज माना जाता है। इन आसान के अलावा आप अधोमुख शवासन, अनजनेयासन, बालासन, उत्तनासन और सुप्त मत्स्येन्द्रासन भी कर सकते हैं।
4. तांबे के बर्तन का पानी (Copper vessel health benefits)
अगर आप रात को तांबे के बर्तन में पानी रखकर सुबह उस पानी को पिएं तो भी कब्ज से राहत मिलती है। अगर तुरंत आराम चाहिए तो कुछ देर के लिए भी तांबे के बर्तन में पानी रखने से उसके गुण आपको मिल सकते हैं।
5. फाइबर इंटेक बढ़ाएं (Increase fiber intake)
कब्ज दूर करने का एक और उपाय है फाइबर रिच फूड का सेवन करना। आपको अपनी डाइट में फाइबर का इंटेक बढ़ाना होगा। अगर आप फल और सब्जियों का सेवन करें तो कब्ज दूर होता है। कब्ज होने पर एक बाउल सलाद खाकर देखें। काफी आराम मिलेगा। सलाद में पत्तेदार सब्जियां, गाजर को शामिल करें। फलों मं पपीता, केला आदि को लें। रेशे से भरपूर खाने से कब्ज की शिकायत दूर हो जाएगी।
6. चाय-कॉफी बंद करें (Avoid tea coffee)
अगर आपको लग रहा है कि कुछ भी तला-भुना न खाने के बावजूद आपको कब्ज की शिकायत हो रही है तो चाय या कॉफी पीना बंद कर दें। चाय-कॉफी में कैफीन होता है जिससे कब्ज की शिकायत बढ़ सकती है। आपको इस बात का भी ध्यान रखना है कि खाने या नाश्ते के तुरंत बाद कैफीन न लें। कुछ तला खाया है तो चाय-कॉफी बिल्कुल भी न पियें। आपको ऐसे समय में सादा खाना ही लेना है। सादा पानी या नारियल पानी पी सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- आयुर्वेद के अनुसार कब्ज के मरीजों के लिए बेस्ट डाइट टिप्स क्या है? पढ़ें आयुर्वेदिक एक्सपर्ट की सलाह
7. त्रिफला-मुनक्का (Triphla munakka health benefits)
आप त्रिफला पाउडर को गुनगुने पानी के साथ लें तो कब्ज की समस्या दूर होगी। त्रिफला पाउडर को बाजार से न खरीदें, उसमें कैमिकल्स होते हैं। कच्चा त्रिफला खरीदकर उसे घर पर पीसकर पाउडर बना लें। इसके अलावा आप रात को सोने से पहले मुनक्का खाएं। कोशिश करें कि इसे भी गुनगुने पानी के साथ लें। इससे कब्ज ठीक हो जाएंगे।
8. इन फल-सब्जियों को खाने से नहीं होगा कांस्टिपेशन (Fruits and vegetables for stomach)
कब्ज की शिकायत होने पर पपीता भी खा सकते हैं। दिन में अगर आप एक बार पपीता खा लें तो कांस्टिपेशन नहीं होंगे। पका हुआ अमरूद भी खा सकते हैं। अंजीर खाने से भी कब्ज की शिकायत दूर होती है। इसके अलावा आप कीवी खाएं। सब्जियों में आलू, बीटरूट, टमाटम, ब्रोकली को शामिल करें। इनमें फाइबर होता है जिससे कब्ज की शिकायत दूर होती है।
9. नारियल (Coconut benefits in constipation)
आपको कब्ज की शिकायत है तो नारियल का तेल पेट को ठंडा करता है। आप खाना पकाने में नारियल के तेल का इस्तेमाल करें या खाने में दो से तीन बूंद नारियल के तेल की मिला दें। इससे कब्ज की शिकायत दूर होती है। नाभि पर नारियल का तेल लगाने से भी आराम मिलता है। पेट को ठंडा रखने के लिए आप नारियल पानी का सेवन भी कर सकते हैं।
10. सौंफ (Fennel seeds benefits)
कब्ज के दौरान सौंफ का सेवन भी अच्छा माना जाता है। पाचन तंत्र को बेहतर करने के लिए सौंफ बहुत फायदेमंद होती है। एक कप पानी को उबालें। उसमें सौंफ डालकर चलाएं। पानी ठंडा करने के बाद उसे छान लें। इसे आप दो से तीन बाद दिन में पियें तो आराम मिलेगा।
इन सब उपायों के बाद भी समस्या बनी रहती है तो अपने डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें।
Read more on Home Remedies in Hindi