बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण के कारण आज के समय में कई लोग एलर्जी के शिकार हो रहे हैं। एलर्जी होना एक सामान्य समस्या हो चुकी है। नाक बहना, गले में खराश, आंखों में खुजली, कफ और स्किन रैशेज जैसी लक्षण एलर्जी से शिकार लोगों में दिखते हैं। एलर्जी से बचने के लिए कई लोग दवाईयों का सहारा लेते हैं। लेकिन दवाईयों के साथ-साथ खान-पान पर ध्यान रखकर भी हम एलर्जी की परेशानी को कंट्रोल कर सकते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से बताने जा रहे हैं कि एलर्जी से ग्रसित लोगों को किन चीजों का सेवन करना चाहिए और किन चीजों से उन्हें परहेज करने की जरूरत है।
डायट मंत्रा क्लीनिक की डायटीशियन कामिनी कुमारी बताती हैं कि एलर्जी की समस्याओं से बचने के लिए आप खान-पान की चीजों पर विशेष ध्यान दें। इससे आप काफी हद तक अपनी परेशानियों को कंट्रोल कर सकते हैं। सही डाइट फॉलो करने से आप अपनी कई बीमारियों से बच सकते हैं।
एलर्जी होने पर क्या खाएं?
प्याज से एलर्जी करें कंट्रोल
प्याज के सेवन से आप काफी हद तक एलर्जी को कंट्रोल कर सकते हैं। प्याज में क्वरसिटिन (quercetin) समृद्ध रूप से होता है। क्वरसिटिन एक ऐसा फ्लेवेनोइड है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट के गुण भरपूर रूप से होते हैं। यह हमारे शरीर में हिस्टामिन के बनने से रोकता है। इसके अलावा प्याज में सूजनरोधी गुण होते हैं, जो आपको एलर्जी से छुटकारा दिला सकते हैं। इसके अलावा अन्य क्वरसिटिन युक्त आहार के सेवन से आप एलर्जी को कंट्रोल कर सकते हैं।
विटामिन सी है जरूरी
कुछ लोगों को एलर्जी होने पर शरीर में खुजली और चकत्ते की शिकायत होने लगती है। एलर्जी की इन परेशानियों को कम करने के लिए विटामिन सी युक्त आहार का सेवन करें। विटामिन सी युक्त आहार नैचुरल एंटीहिस्टामिन की तरह कार्य करता है। इसलिए हमें अपने आहार में अधिक से अधिक विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। विटामिन सी युक्त आहार का सेवन करने से शरीर में हिस्टामिन कम होने लगता है। संतरा, स्ट्रॉबेरी, आंवला जैसे अन्य खट्टे खाद्य पदार्थों में विटामिन सी भरपूर रूप से होता है।
इसे भी पढ़ें - बच्चों को सता रही है एग्जाम की चिंता? पूजा माखीजा के इन 5 टिप्स से बच्चे रहेंगे परीक्षा में एलर्ट
हल्दी से एलर्जी की परेशानी करें दूर
हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व होता है, जो एंटीऑक्सीडेंट और सूजनरोधी घटक है। इन घटन से आप शरीर में हिस्टामिन को बढ़ने से रोक सकते हैं। अपने आहार में हल्दी को शामिल करने से आपको एलर्जी की शिकायत नहीं होगी, साथ ही इससे ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस भी कम होता है। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन तत्व सांस लेने से जुड़ी परेशानी को कंट्रोल करने में सहायक होता है। नियमित रूप से हल्दी का सेवन करने से आप रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं। इसके साथ ही हल्दी में एंटीबैक्टीरियल, एंटीवायरल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं। हल्दी को काली मिर्च के साथ मिलाकर खाने से आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।
मछली एलर्जी की परेशानी करें कम
टूना, सैल्मन जैसी अन्य तरह की मछलियों में ओमेगा 3 फैटी एसिड की प्रचुरता होती है। इसके सेवन से आप काफी हद तक एलर्जी की परेशानी को कम कर सकते हैं। इसके साथ ही मछली में सूजनरोधी गुण पाया जाता है, जो एलर्जी की परेशानी को काफी हद तक कंट्रोल करती है। अपनी एलर्जी की समस्या को कम करने के लिए सप्ताह में दो बार मछली का सेवन जरूर करें। इससे आपके शरीर को भरपूर रूप से ओमेगा3 फैटी एसिड मिलेगा। इसके अलावा अलसी, तिल जैसे खाद्य पदार्थों में भी ओमेगा 3 फैटी एसिड पाया जाता है।
दही से एलर्जी होगी कम
एलर्जी की परेशानी होने पर अपने आहार में दही को अधिक से अधिक शामिल करें। दही और दूध एक प्रोबायोटिक्स से समृद्ध आहार होता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने का कार्य करता है। रिसर्च में बताया गया है कि जो महिलाएं गर्भावस्था में प्रोबायोटिक युक्त आहार या फिर सप्लीमेंट्स का सेवन करती हैं, उनके शिशुओं को कभी भी एक्जिमा की समस्या नहीं होती है।
एलर्जी कम करने के लिए खाएं शहद
धूल-मिट्टी या फिर फूलों की पराग से एलर्जी होने वालों को अपने आहार में शहद को शामिल करना चाहिए। शहद में इस एलर्जी को कम करने का गुण छिपा होता है। ऐसे लोगों को सुबह खाली पेट पानी में 2 चम्मच शहद मिलाकर पीना चाहिए। इससे पराग एलर्जी को काफी हद तक कंट्रोल कर सकते हैं।
एलर्जी होने पर किन चीजों से करना चाहिए परहेज
मसालायुक्त आहार
एलर्जी से ग्रसित लोगों को अपने आहार में कम से कम मसालों को शामिल करना चाहिए। मसालायुक्त आहार का सेवन करने से हमारे शरीर में हिस्टामिन जारी रहता है। अधिक मसालेदार आहार का सेवन करने से नाक की नली में सूजन और सांस लेने में परेशानी बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें - शरीर में क्यों होती है विटामिन डी3 की कमी, जानिए इसके प्रमुख कारण और लक्षण
शराब और धूम्रपान
एलर्जी से ग्रतिस लोगों को धूम्रपान का सेवन नहीं करना चाहिए। धूम्रपान के सेवन से नाक की नली में सूजन और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अगर आपका नाक पहले से ही बंद है, तो आपकी स्थिति पहले से और अधिक खराब हो सकती है। अपनी परेशानियों को कम करने के लिए कोशिश करें कि शराब और धूम्रपान जैसी चीजों से दूर रहें।
कच्चे खाद्य पदार्थ
कई लोग अपने डाइट में सलाद को अधिक से अधिक शामिल करते हैं। सलाद का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, लेकिन अगर आप पत्तेदार सलाद को अधिक शामिल करते हैं, तो इससे आपकी एलर्जी की परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा डिब्बाबंद चीजों के सेवन से दूर रहें।
इसे भी पढ़ें - डायबिटीज रोगियों के लिए करेला ही नहीं इसका बीज भी है फायदेमंद, जानें फायदे और टेस्टी स्नैक्स की रेसिपी
Read more articles on Healthy Diet in Hindi