
High Blood Sugar Level: क्या आपको भी सुबह-सुबह ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के लक्षण महसूस होते हैं? रात को सोने के दौरान शरीर में कई बदलाव और रिएक्शन होते हैं जिनमें से एक है डॉन फिनोमिनो (Dawn Phenomenon)। डायबिटीज के मरीजों में ब्लड शुगर लेवल प्रभावित होने के कारण ये स्थिति बनती है। टाइप 1 और टाइप 2 प्रकार के दोनों ही मरीज इस समस्या से प्रभावित हो सकते हैं। आपको बता दें कि रात को सोते समय शरीर में इंसुलिन की मात्रा बहुत कम हो जाती है। अगर मरीज ने दवा लेने में लापरवाही की है, तो सुबह ब्लड शुगर लेवल का स्तर बढ़ सकता है। इसके पीछे अन्य कई कारण हो सकते हैं जिनके बारे में आगे जानेंगे। आपको इस लेख में जरिए डॉन फिनोमिनो से बचने के उपाय भी बताएंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
डॉन फिनोमिनो क्या है?- Dawn Phenomenon
आसान भाषा में समझें, तो सुबह के वक्त ब्लड शुगर लेवल बढ़ना डॉन फिनोमिनो है। सुबह आराम से उठने के लिए शरीर को पर्याप्त ऊर्जा की जरूरत होती है। शरीर ग्लूकोज का इस्तेमाल करके ऊर्जा इकट्ठा करता है। सुबह उठने से पहले शरीर अगले दिन के लिए ग्लूकोज को रिलीज करना शुरू कर देता है। इसी समय शरीर हार्मोन्स को भी निकालना शुरू कर देता है। इस दौरान ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है। इसी समस्या को डॉन फिनोमिनो का नाम दिया गया है।
इसे भी पढ़ें- शुगर लेवल 300 से ऊपर हो जाए तो तुरंत कंट्रोल करने के लिए अपनाएं डॉक्टर के बताए ये 5 टिप्स
सुबह-सुबह ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने के लक्षण
- सुबह के समय ब्लड शुगर लेवल बढ़ने से चक्कर आ सकते हैं।
- इस दौरान व्यक्ति को मतली या उल्टी आ सकती है।
- मरीज को बेहोशी या कमजोरी महसूस हो सकती है।
- ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने से व्यक्ति को धुंधला दिखाई देगा।
- थकान होना या ज्यादा प्यास लगना भी ब्लड शुगर लेवल बढ़ने के लक्षण हैं।
डॉन फिनोमिनो के कारण- Dawn Phenomenon Causes
- रात को सोने से पहले कॉर्ब्स की ज्यादा मात्रा लेने से सुबह ब्लड शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है।
- पीरियड्स के दौरान हार्मोनल बदलाव होते हैं, इस दौरान भी ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है।
- हार्मोन्स की दवा के कारण ब्लड शुगर का स्तर बढ़ सकता है।
- डायबिटीज की दवा न लेने के कारण भी ब्लड शुगर लेवल सुबह-सुबह बढ़ सकता है।
डॉन फिनोमिनो से कैसे बचें?- Dawn Phenomenon Prevention Tips
डॉन फोनोमेनन से बचने के लिए निम्न उपायों की मदद ले सकते हैं-
- रात के खाने के तुरंत बाद सोने की गलती न करें। कुछ देर टहलें और हल्का व्यायाम करें।
- समय-समय पर ब्लड शुगर लेवल की जांच करें और दवाओं की सही खुराक लेना न भूलें।
- सुबह उठकर नाश्ता करना न भूलें। दिन का पहला आहार सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण होता है। इससे ब्लड शुगर का सही स्तर बना रहता है।
- ब्लड शुगर का स्तर अचानक बढ़ने से रोकने के लिए इंसुलिन पंप का इस्तेमाल करें।
- दिन के समय शारीरिक रूप से एक्टिव रहें। कसरत करें ताकि ब्लड शुगर लेवल को संतुलित किया जा सके।
- रात को सोने से पहले मीठी चीजों का सेवन करने से बचें। इससे ब्लड शुगर का स्तर दोगुना हो जाता है।
इन आसान टिप्स की मदद से सुबह ब्लड शुगर लेवल बढ़ने की समस्या से बच सकते हैं।