मोटापा- एक ऐसी समस्या, जिसके दुनियाभर में सबसे ज्यादा लोग शिकार हैं, इसके बाद भी इसे सबसे ज्यादा नजरअंदाज किया जाता है। 2017 में हुई एक स्टडी के मुताबिक भारत में मोटापे की दर लगभग 40% है। इसमें बड़ी संख्या में 18 साल से कम उम्र के बच्चे भी शामिल हैं। इसी मोटापे (Obesity)के कारण भारत में डायबिटीज (Diabetes), हार्ट अटैक (Heart Attack), कैंसर (Cancer), हाई ब्लड प्रेशर (Hypertension) जैसी बीमारियों के मरीजों की संख्या भी वैश्विक स्तर पर बहुत ज्यादा है। अगर हम इस बात के मूल में जाएं कि इतनी बड़ी संख्या में लोग मोटापे का शिकार क्यों हो रहे हैं, तो हमें इसकी एक खास वजह देखने को मिलती है और वो ये है कि ज्यादातर लोगों को लगता है कि वजन घटाना बहुत मुश्किल काम है और उनके पास इसके लिए समय नहीं है। लेकिन इस बात को कुछ लोग मिथ्या साबित करते हैं। आज हम आपको बता रहे हैं एक ऐसे कपल की वेट लॉस स्टोरी (Weight Loss Story), जिन्होंने बेहद कम समय में अपने जुनून और लगन के चलते सिर्फ 3 महीने में लगभग 20 किलो वजन घटाकर न सिर्फ खुद को फिट किया, बल्कि हजारों लोगों को वजन घटाने (Weight Loss) में भी मदद किया। ये कपल है राजस्थान के सिरोही में रहने वाले आदित्य शर्मा और गायत्री शर्मा। ओनलीमायहेल्थ की टीम ने इस कपल से बात की और उनकी पूरी वेट लॉस जर्नी के बारे में विस्तार से जाना। आइए आपको बताते हैं ये कपल वजन घटाने के लिए (Couple Weight Loss) के लिए कैसे प्रेरित हुए और क्या तरीका अपनाया।
वजन घटाने के लिए कैसे इंस्पायर हुआ ये कपल
आदित्य और गायत्री साल 2016 तक अपने दो बच्चों के साथ सामान्य भारतीय परिवारों वाला पारंपरिक रूटीन फॉलो करते हुए जीवनयापन कर रहे थे। आदित्य सुबह 10 से शाम 6 बजे की सरकारी नौकरी में थे और गायत्री दिनभर बच्चों और घर को संभालती थीं, यानी हाउस वाइफ थीं। आदित्य बताते हैं कि मारवाड़ी परिवार से होने के कारण उनके यहां मीठी चीजें बहुत खाई जाती थीं। घर में बच्चों की वजह से भी उनके घर में ढेर सारे पकवान बनते रहते थे। दिनभर बिजी रहने के कारण वो और उनकी पत्नी दोनों ही फिटनेस की तरफ ध्यान नहीं देते थे। उस दौरान उनकी कमर का साइज 36 हो चुका था और उनकी पत्नी भी काफी मोटी थीं। एक दिन उनकी बेटी ने उनके साथ खेलते हुए उनके पेट की तरफ इशारा करते हुए कहा कि, "पापा इस पर ढोल बजाउं"। उस समय तो उन्होंने बात हंसी में टाल दी लेकिन बेटी का उनके पेट की तोंद का इस तरह ढोल से तुलना करना उन्हें अंदर से बुरा महसूस हुआ और उन्होंने उसी दिन ठानी की वो खुद को फिट करेंगे। उस समय उनकी उम्र 38 साल थी। शुरुआत में उन्होंने वजन घटाने के सामान्य पॉपुलर तरीके ट्राई किए, जो ज्यादातर लोग करते हैं, जैसे- सुबह नींबू पानी पीना, 2 रोटी कम खाना, रनिंग करना आदि। लेकिन आदित्य को इन उपायों से कोई खास फायदा नहीं नजर आया। उनका वजन तो 2-3 किलो जरूर कम हो गया, लेकिन उनकी कमर का साइज वैसा का वैसा रहा।
यही वो फेज है, जहां पर कुछ लोग डि-मोटिवेट हो जाते हैं और अपने वजन घटाने के प्रयास बंद कर देते हैं। लेकिन आदित्य ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने जॉब के बाद बचे खाली समय में डाइट, न्यूट्रीशन, वेट लॉस के बारे में काफी स्टडी की और इसके बाद जिम जॉइन किया। इस बार उनकी मेहनत सही दिशा में थी और यही कारण है कि उन्होंने 3 महीने में ही लगभग 20 किलो वजन कम कर लिया। उनके बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को भी इंस्पायर किया और उन्हें भी वजन घटाकर फिट होने में मदद की। उनकी पत्नी गायत्री ने भी कुछ महीनों में ही 14 किलो वजन घटा लिया और उनकी कमर का साइज 34 से 26 हो गया। इसके बाद 2016 के अंत तक उन्होंने खुद का जिम शुरू कर दिया और लोगों को वेट लॉस की ट्रेनिंग देना शुरू कर दिया।
इसे भी पढ़ें- 50 किलो वजन घटाया और 57 साल की उम्र में बन गए मॉडल, जानें दिनेश मोहन की रोमांचक वेट लॉस स्टोरी
क्या होता था इस कपल का वेट लॉस का डेली रूटीन? (Daily Routine for Weight Loss)
आदित्य बताते हैं कि वेट लॉस के लिए उन्होंने 3 स्तर पर मेहनत की। पहला खानपान में सुधार, दूसरा डेली रूटीन में थोड़ा बदलाव और तीसरा रेगुलर जिम जाकर एक्सरसाइज करना। उनका डेली रूटीन ये होता था कि वो सुबह 5 बजे उठकर जिम जाते थे और एक-डेढ़ घंटे वर्कआउट करते थे। इसके बाद ऑफिस के लिए तैयारी करते और अपना सामान्य रूटीन फॉलो करते। इसी तरह गायत्री भी जिम जातीं और वहां से लौटने के बाद अपना सामान्य रूटीन फॉलो करतीं। इस रूटीन के अलावा उन्होंने खानपान की आदतों में काफी बदलाव किए। फास्ट फूड्स की जगह घर पर हेल्दी फूड्स बनाने लगे और पैकेटबंद फूड्स की जगह घर पर ही स्नैक्स बनाने लगे। चूंकि आदित्य और गायत्री का परिवार शाकाहारी है, इसलिए उन्होंने अपनी डाइट में मुख्य रूप से पनीर, सलाद, टोफू, राइस, व्हे प्रोटीन, ओट्स, दही आदि खाना शुरू कर दिया और रोटी, चाय, दूध आदि को बंद कर दिया। इसके अलावा उनकी फैमिली जो कुछ खाती थी, उसकी कैलोरीज और मात्रा का ध्यान रखना गायत्री की जिम्मेदारी थी। वो अब भी पुराने समय की तरह किचन में ही अपना दिन बिताती थीं, लेकिन अब वो ज्यादा हेल्दी और पौष्टिक चीजें बनाती थीं और वही उनकी फैमिली खाती थी।
फैमिलि फंक्शन, शादियों और पार्टियों में क्या खाते थे?
आदित्य बताते हैं कि हमें वजन घटाने का जुनून था। आमतौर पर लोग फैमिली फंक्शन, शादी या पार्टीज में ये सोचकर ऑयली और जंक फूड्स खा लेते हैं कि एक-दो दिन खाने से क्या ही होगा। लेकिन ऐसा अक्सर करते रहने से फिटनेस पर बुरा असर तो पड़ता ही है। इसलिए उन्होंने वेट लॉस के दौरान 3 महीनों में जो बी फैमिली फंक्शन अटेंड किया, वहां कुछ खास खाया नहीं, बल्कि सलाद, रायता आदि खाकर ही लौट आते थे। आदित्य के अनुसार जब वो और उनकी पत्नी वजन घटाने के बाद पूरी तरह फिट हो गए, तब उन्होंने 2 महीने खूब एंजॉय किया। इस दौरान मनपसंद फूड्स भी खाए, ट्रिप पर गए और फैमिली फंक्शन्स में भी मनपसंद चीजें खाईं।
नए वजन घटाने वाले कैसे करें वेट लॉस के लिए खुद को प्रेरित
आदित्य नए वजन घटाने वालों को खास टिप्स देते हैं। वो कहते हैं कि नए फिटनेस फ्रीक्स को चाहिए कि उन्हें अपने वेट लॉस पर नजर नहीं रखनी है बल्कि फैट लॉस और डेली रूटीन पर नजर रखनी है। किसी भी चीज को आदत में शामिल होने में लगभग 1 महीना लग जाता है। इसलिए बिना रिजल्ट की चिंता किए सबसे पहले तो एक-डेढ़ महीने रूटीन फॉलो करें। उसके बाद आपको धीरे-धीरे असर दिखना शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जिम और ट्रेनिंग के जरिए अब तक उन्होंने हजारों लोगों को वजन कम करने में उनकी मदद की है। लोगों को इंस्पायर करने के लिए वो एक खास बात बोलते हैं। वो बताते हैं कि ज्यादातर लोग साल के 10 महीने खूब खाते-पीते हैं और जब वजन बढ़ जाता है, तो टेंशन में आकर 1-2 महीने वजन घटाने का ट्राई करते हैं और फिर रिजल्ट न दिखने पर जल्द ही छोड़ देते हैं। इसके बजाय अगर लोग ये तरीका अपनाएं कि साल के 10 महीने खुद की फिटनेस पर ध्यान दें और 2 महीने खूब एंजॉय करें, तो वो फिट भी रह सकते हैं और जिंदगी को भी एंजॉय करते रह सकते हैं। फिटनेस डेज (Fitness Days) के दौरान आपको सही डाइट, रेगुलर एक्सरसाइज और सही लाइफस्टाइल का ध्यान रखना है।
2500 से ज्यादा लोगों को वजन घटाने में कर चुके हैं मदद
2016 के अंत तक जब आदित्य और गायत्री दोनों बिल्कुल फिट हो गए तो उन्हें जानने वाले लोग उनसे फिटनेस टिप्स लेने लगे। लेकिन आदित्य बताते हैं कि ज्यादातर लोग उन टिप्स को थोड़े दिन फॉलो करके छोड़ देते थे। तब उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर ये निर्णय लिया कि लोगों को फिटनेस के बारे में जागरूक करने का काम प्रोफेशनली किया जाए। इसके बाद उन्होंने TeamSparta नाम से एक कंपनी की स्थापना की और खुद का जिम शुरू किया। अब तक दोनों कपल्स ने जिम और ऑनलाइन सेशन्स के जरिए 2500 से ज्यादा लोगों की वजन घटाने में मदद की है।
इसे भी पढ़ें- Fat to Fit : दीक्षा छाबड़ा से जानें 40 किलो वजन घटाकर कैसे बनीं वो फैट मॉम से पॉपुलर फिटनेस एक्सपर्ट
शाकाहारी लोग वजन घटाने के लिए क्या खाएं, कैसे खाएं
आदित्य के अनुसार वेजिटेरियन यानी शाकाहारी लोगों वजन घटाने के दौरान मसल्स लॉस से बचने के लिए सबसे ज्यादा कमी प्रोटीन की होती है। ऐसे में प्रोटीन के बेहतरीन शाकाहारी स्रोत हैं- सोया चंक्स, सफेद चना, राजमा, छोले, पनीर, चीज, टोफू आदि। अपने डेली फूड को छोड़ना नहीं है। बल्कि हर चीज खाना है, लेकिन सही मात्रा में खाना है। इसके अलावा अपनी डाइट में फ्रूट्स, सलाद आदि लें और पानी खूब पिएं।
इस तरह अगर आप भी सही डेली रूटीन, थोड़ा एक्सरसाइज और खानपान का ध्यान रखें तो आप भी अपना वजन आसानी से घटा सकते हैं। अगर आप आदित्य और गायत्री की इस वेट लॉस जर्नी से इंस्पायर हुए हैं, तो हमें अपनी प्रतिक्रिया जरूर दें। अगर आप भी अपनी वेट लॉस स्टोरी हमारे पाठकों के साथ शेयर करना चाहते हैं, तो ओनलीमायहेल्थ के सोशल मीडिया अकांउट्स पर अपना मैसेज भेजें।
Study Reference- journals.sagepub