Coriander Seeds benefits To Reduce Cholesterol: खानपान से जुड़ी गड़बड़ी और खराब जीवनशैली के कारण शरीर बीमारियों का शिकार हो जाता है। हाई कोलेस्ट्रॉल भी इसी वजह से होता है। शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने के कारण आपको हार्ट डिजीज समेत हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति का खतरा रहता है। बैड कोलेस्ट्रॉल नसों में जमा होकर ब्लॉकेज का कारण बनते हैं और इसकी वजह से कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल यानी फैट होते हैं- एक हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन (HDL) और दूसरा लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन (LDL)। एचडीएल कोलेस्ट्रॉल गुड कोलेस्ट्रॉल होता है और एलडीएल को बैड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की स्थिति को ही हाई कोलेस्ट्रॉल कहते हैं। शरीर में बढ़े हुए बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए धनिया के बीज का सेवन फायदेमंद होता है, आइये इस लेख में जानते हैं सेवन का सही तरीका।
हाई कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए धनिया के बीज- Benefits Of Coriander Seeds To Reduce High Cholesterol in Hindi
जंक फूड्स, फास्ट फूड्स और बैड फैट वाले फूड्स का सेवन और इनएक्टिव लाइफस्टाइल की वजह से हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या का खतरा बढ़ता है। कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल दोनों का ध्यान रखना चाहिए। इसे कम करने के लिए नेचुरल चीजों का सेवन फायदेमंद और प्रभावी माना जाता है। आरोग्यं हेल्थ सेंटर के क्लिनिकल डाइटिशियन डॉ. वीडी त्रिपाठी कहते हैं कि, "धनिया के बीज कई औषधीय गुणों से युक्त होते हैं। इसमें मौजूद पोषक तत्व और गुण शरीर में बढ़े हुए बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ वजन कंट्रोल करने में भी फायदेमंद होते हैं।"
इसे भी पढ़ें: हाई कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल करने के लिए पिएं इन सब्जियों का जूस, मिलेगा फायदा
धनिया के बीज में एंटी-ऑक्सीडेंट और डाइटरी फाइबर की पर्याप्त मात्रा होती है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है और हार्ट से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिलती है। धनिया के बीज का पानी पीने से आपका वजन कंट्रोल में रहता है और पाचन तंत्र को मजबूत बनाने में मदद मिलती है। यही नहीं धनिया के बीज हार्ट डिजीज और एथेरोस्क्लेरोसिस के खतरे को कम करने में भी मदद करते हैं।
इसे भी पढ़ें: क्या कोलेस्ट्रॉल को जड़ से खत्म किया जा सकता है? डॉक्टर से जानें जवाब
हाई कोलेस्ट्रॉल में कैसे करें धनिया के बीज का सेवन?
हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या में रोजाना धनिया के बीज के पानी का सेवन करना फायदेमंद होता है। सुबह खाली पेट इसका पानी पीने से नसों में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल कम होता है और शरीर को हेल्दी रखने में मदद मिलती है। इसे तैयार करने के लिए शाम में दो चम्मच धनिया के बीज एक बड़े गिलास पानी में भिगो दें। सुबह इस पानी को छानकर पिएं। आप चाहें तो इसे उबालने के बाद छानकर भी इसका सेवन कर सकते हैं। नियमित रूप से कुछ दिनों तक ऐसा करने से हाई कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलेगी।
इसका सेवन करने से पहले किसी एक्सपर्ट या आयुर्वेदिक डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए। इसके अलावा जीवनशैली में कुछ बदलाव करके आप कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रख सकते हैं। इसके लिए आप रेग्युलर एक्सरसाइज करें। इससे एचडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने और एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद मिलती है। अगर आप शराब का सेवन करते हैं, तो इसे नियंत्रित करें। रोजाना हाई फाइबर फूड्स, सब्जियां और फलों का सेवन करें। हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण दिखने पर सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लें।
(Image Courtesy: Freepik.com)