Can High Cholesterol Be Cured Permanently: अन्हेल्दी डाइट और भागदौड़ भरी जीवनशैली की वजह से लोग तमाम बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। शरीर में ज्यादातर बीमारियां खानपान से जुड़ी गलतियों के कारण होती हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या भी इन्हीं में से एक है। बहुत ज्यादा तला-भुना और फैटी खाना खाने की वजह से आपके शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है। हमारे शरीर में दो तरह के कोलेस्ट्रॉल बनते हैं- एक हाई डेंसिटी लिपोप्रोटीन (HDL) जिसे गुड कोलेस्ट्रॉल कहा जाता है और दूसरा लो डेंसिटी लिपोप्रोटीन (LDL) जिसे बैड कोलेस्ट्रॉल कहते हैं। शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की स्थिति हो ही हाई कोलेस्ट्रॉल कहते हैं। जब आपके शरीर में बैड फैट बढ़ जाता है, तो यह नसों में जाकर जम जाता है। हाई कोलेस्ट्रॉल की वजह से आपको दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा रहता है। आइये इस लेख में जानते हैं क्या कोलेस्ट्रॉल को जड़ से खत्म किया जा सकता है, जानें इसको लेकर क्या कहते हैं डॉक्टर।
क्या कोलेस्ट्रॉल को जड़ से खत्म कर सकते हैं?- Can Cholesterol Be Cured Permanently in Hindi
आज के समय में हाई कोलेस्ट्रॉल हर उम्र की परेशानी बन चुकी है। जंक फूड्स, फास्ट फूड्स और बहुत ज्यादा तेल मसाले वाला खाना खाने और शारीरिक रूप से निष्क्रिय रहने वाले लोगों में हाई कोलेस्ट्रॉल की समस्या सबसे ज्यादा देखी जाती है। कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में रखने के लिए दवाओं के साथ डाइट और लाइफस्टाइल का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस बीमारी में डॉक्टर आपको हेल्दी और हाई फाइबर फूड्स का सेवन करने की सलाह देते हैं। इसके अलावा रोजाना रनिंग या एक्सरसाइज करने से भी आपके नसों में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल कितने दिन में ठीक होता है? डॉक्टर से जानें कंट्रोल करने के टिप्स
लखनऊ के मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. के के कपूर कहते हैं कि, "हाई कोलेस्ट्रॉल को खत्म करने के लिए डॉक्टर मरीजों को दवाओं के साथ खानपान और जीवनशैली से जुड़ी सावधानियों का पालन करने की सलाह भी देते हैं। खानपान में गड़बड़ी होने पर दवाओं का सेवन करके इसे ठीक नहीं किया जा सकता है।" आमतौर पर डॉक्टर मरीजों को बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए दो से तीन महीने तक दवा खाने की सलाह दे सकते हैं। लेकिन कुछ लोगों में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बहुत ज्यादा हो जाता है। ऐसे लोगों को लंबे समय तक इलाज की जरूरत होती है। डॉ कपूर कहते हैं कि हाई कोलेस्ट्रॉल को जड़ से ठीक किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए दवाओं के सेवन के साथ आपको डाइट और एक्सरसाइज का ध्यान रखना होगा। एक बार कोलेस्ट्रॉल ठीक हो जाने के बाद दोबारा लापरवाही बरतने से यह फिर से बढ़ सकता है।
शरीर में हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण- High Cholesterol Symptoms in Hindi
शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर आपको सीने में दर्द, थकान, कमजोरी, सांस लेने में दिक्कत, हाई ब्लड प्रेशर जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इसके कुछ प्रमुख लक्षण इस तरह से हैं-
- स्किन के रंग में बदलाव
- सीने में दर्द और बेचैनी
- सांस लेने में परेशानी
- ब्लड प्रेशर बढ़ना
- अचानक से घबराहट होना
- अचानक दिल की धड़कन बढ़ना
- शरीर में लगातार थकान और सुस्ती बनी रहना
- अचानक से शरीर के बाएं हिस्से में दर्द होना
- मतली और उल्टी की समस्या
इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए ऐसे खाएं अंकुरित प्याज, मिलेगा फायदा
जीवनशैली में कुछ बदलाव करके आप कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रख सकते हैं। इसके लिए आप रेग्युलर एक्सरसाइज करें। इससे एचडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बढ़ाने और एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में मदद मिलती है। अगर आप शराब का सेवन करते हैं, तो इसे नियंत्रित करें। रोजाना हाई फाइबर फूड्स, सब्जियां और फलों का सेवन करें। हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण दिखने पर सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लें।
(Image Courtesy: Freepik.com)