दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक चलने वाले G 20 की तैयारियां तेज हैं। ऐसे में मेहमानों के लिए सुरक्षा से लेकर खान-पान तक की कड़ी व्यवस्था की गई है। इस समिट में विदेश से आने वाले मेहमानों की पत्नियों के लिए सेलिब्रिटी शेफ कुनाल कपूर खाना बनाएंगे। कपूर उनके लिए तरह-तरह की इंडियन डिशेज बनाएंगे। ऐसे में उन्हें मोटे अनाज द्वारा बनाया गया व्यंजन खिलाया जाएगा।
मेहमानों को खिलाई जाएंगी मोटे अनाज से बनी डिश
जी 20 सम्मेलन के लिए जाने माने शेफों की एक बड़ी टीम तैयार की गई हैं। जो मेहमानों के लिए अलग-अलग तरह के व्यंजन बनाएंगे। ऐसे में विदेश से आने वाले राजनेताओं को मोटे अनाज से बनी ज्वार-बाजरे की रोटी और स्नैक्स खिलाए जाएंगे। यह डिश उन्हें सोने-चांदी की थाली में परोसी जाएगी। शेफ द्वारा हिंदुस्तान के अलग-अलग हिस्सों में बनाए जाने वाले व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इस सम्मेलन में आने वाले मेहमानों के लिए महाराजा जायंट डाइनिंग टेबल की व्यवस्था की गई है, जिसपर मेहमानों के लिए खाना परोसा जाएगा।
इसे भी पढ़ें - सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हैं दलिया के लड्डू, शेफ कुणाल कपूर से जानें स्पेशल रेसिपी
मेहमानों के लिए खाना बनाएंगे कुनाल कपूर
एक इंटरव्यू के दौरान कुनाल कपूर ने बताया कि वे इस सम्मेलन में मेहमानों को भारतीय व्यंजनों का जायका देने के लिए काफी उत्साहित हैं। कपूर के मुताबिक यह उनके लिए काफी अहम पल है, इस सम्मेलन में हिस्सा लेना उनके लिए किसी सफलता से कम नहीं है। यह उनके द्वारा की गई कई सालों की मेहनत का फल है। उन्होंने बताया कि वे न केवल जी 20 में खाना बनाएंगे, बल्कि मेहमानों को खाना बनाने की प्रक्रिया भी दिखाएंगे। इसके लिए एक स्पेशल क्लास भी रखी जाएगी।
जी 20 के लिए की गई हैं ये व्यवस्थाएं
जी 20 में शामिल होने वाले मेहमानों की सेहत का खासतौर पर ख्याल रखा जा रहा है। ऐसे में दिल्ली के 5 सरकारी और 3 निजी अस्पतालों को भी एलर्ट पर रखा गया है। यही नहीं इस संदर्भ में चलते-फिरते ऑपरेशन थिएटर का भी इंतजाम किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति होने पर उसे काबू किया जा सके।