Brain Freeze Causes: कुछ लोगों को ठंडी चीजें खाते ही सिर में तेज दर्द होने लगता है। अगर आपको भी इस तरह के संकेत महसूस हो रहे हैं तो यह ब्रेन फ्रीज हो सकता है। इस तरह का सिरदर्द अलग-अलग लक्षण के साथ हो सकता है। जैसे कुछ लोगों को यह सिरदर्द कुछ सेकंड तो कुछ को यह दर्द दो से तीन मिनट तक हो सकता है। इसमें व्यक्ति को तेज दर्द महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को उल्टी और सिर घूमने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। जब आप ज्यादा ठंडी चीजें जैसे बर्फ का गोला, शरबत, आइसक्रीम वगैरह खाते हैं तो इससे मुंह ठंडा हो जाता है। ऐसे में रक्त प्रवाह को दिमाग की ओर बढ़ा जाता है। इस प्रतिक्रिया से सिर में दर्द होने लगता है। अगर आपको भी ऐसे लक्षण महसूस होते हैं तो आप ज्यादा ठंडीं चीजों का सेवन कुछ समय के लिए बंद कर दें। इस लेख में यथार्थ अस्पताल के इंटरनरल मेडिसिन और सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर एन के सोनी से जानते हैं कि ब्रेन फ्रीज की समस्या क्यों होती है और इससे बचाव कैसे किया जा सकता है।
ब्रेन फ्रीज का क्या कारण होता है? - Causes Of Brain Freeze In Hindi
जब आपका मुंह या गले में अचानक तेज ठंड महसूस होती है, तो शरीर मुंह और गले को नॉर्मल टेम्परेचर पर लाने के लिए शरीर के खून का प्रवाह मुंह की तरफ बढ़ जाता है। ऐसे में सिर की रक्त वाहिकाएं (नसें) खुलने लगती है। इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ने से व्यक्ति को अचानक सिर में दर्द महसूस होने लगता है।
ब्रेन फ्रीज के क्या लक्षण महसूस होते हैं? - Symptoms Of Brain Freeze In Hindi
ब्रेन फ्रीज होने पर व्यक्ति को अचानक तेज सिरदर्द महसूस होता है, यह दर्द माथे और कान के पिछले हिस्से तक पहुंच सकता है। सामान्य रूप से यह दर्द 30 से 60 सेकंड तक रहता है। लेकिन, कुछ लोगों को यह दर्द कुछ मिनटों तक रह सकता है। हालांकि, इस दर्द से किसी अन्य तरह की परेशानी नहीं होती है। लेकिन, डॉक्टर व्यक्ति को बर्फ या ज्यादा ठंडी चीजें न खाने के लिए कह सकते हैं।
ब्रेन फ्रीज की समस्या से बचाव कैसे करें - Prevention Tips Of Brain Freeze In Hindi
- धीरे-धीरे सेवन करें: ब्रेन फ्रीज से बचने का सबसे आसान तरीका है, ठंडी चीजों और पानी या ड्रिंक्स को धीरे-धीरे पीएं। इसके अलावा, आइसक्रीम को तेजी से न खाएं। इससे व्यक्ति के मुंह के तापमान तेजी से कम नहीं होता है।
- पानी पिएं: यदि आपको ठंड की वजह से सिरदर्द हो रहा है, तो ऐसे में आप नॉर्मल यानी सामान्य टेम्परेचर का पानी पी सकते हैं। यदि आप गर्मी में बाहर से आ रहे हैं तो ऐसे में फ्रीज का ठंडा पानी थोड़ी देर रुककर पिएं। इससे नसों पर दबाव नहीं पड़ता है।
- ठंडे भोजन का सेवन कम करें: आइसक्रीम या बर्फीले ड्रिंक्स पीना आमतौर पर हर किसी को पसंद होता है, लेकिन ब्रेन फ्रीज से बचने के लिए आप कुछ समय के लिए ठंडे भोजन से दूरी बनाएं। साथ ही, यदि आपको ऐसी चीजें खानी बेहद जरूरी हो, तो कुछ समय रुककर इनका सेवन करें।
- कम मात्रा में खाएं: गर्मियों में यदि आप कस्टर्ड, आइसक्रीम या चॉकलेट केक, पेस्ट्री ज्यादा ठंडा खाना पसंद करते हैं, तो ऐसे में आप इसकी मात्रा कम कर दें। ठंडी चीजें कुछ समय रुककर और कम मात्रा में लें। इससे आपको ब्रेन फ्रीज की समस्या से बचाव होगा।
इसे भी पढ़ें: गर्मी में ठंडी चीजें खाकर भन्ना जाता है सिर? डॉक्टर से जानें 'ब्रेन फ्रीज' होने पर क्या करें
ब्रेन फ्रीज की समस्या अस्थायी है। लेकिन, इस दौरान व्यक्ति को परहेज करने की सलाह दी जा सकती है। डॉक्टर के अनुसार रोगी को कुछ समय के लिए ठंडी चीजें न खाने की सलाह दी जा सकती है। अगर, आपको बार-बार सिरदर्द हो रहा है, तो ऐसे में आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।